Jalandhar की मकसूदां मंडी में पूर्व Sarpanch पर तेजधार हथियारों से हुआ हमला..
जालंधरः थाना मकसूदां में मंड चौकी के अधीन आते गांव मंड के पास बीती रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब यहां स्थित गिफ्ट सैंटर की दुकान चला रहे पूर्व सरपंच पर सरपंची के चुनाव को लेकर कुछ व्यक्तियों ने सरेआम तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में पूर्व सरपंच गंभीर रूप से घायल हो गया जिन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची मंड चौकी की पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंधी जानकारी देते पीड़ित पूर्व सरपंच के बेटे नीरज ने बताया कि वीरवार रात 8 बजे के करीब उनके पिता साथ वाली दुकान पर बैठे थे तथा वह और उसकी बहन अपनी दुकान में बैठे थे। इसी दौरान सरपंची का चुनाव लड़ने वाला चाहवान व्यक्ति उनकी दुकान पर आया और उनके पिता को फोन किया तथा विवाद शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि सरपंची का चुनाव लड़ने वाले चाहवान व्यक्ति ने उसके पिता को अपशब्द भी कहे।
बेटे ने बताया कि उसके पिता ने जब उक्त व्यक्ति का विरोध किया तो वह वहां से चला गया। थोड़ी देर बाद उक्त व्यक्ति अपने मोटरसाइकिल सवार साथियों सहित वापिस आया और आते ही उसके पिता पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस लड़ाई को छुड़ाने के लिए जब उसकी बहन आगे आई तो हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया। नीरज ने बताया कि जब अन्य दुकानदारों की मदद से पिता तथा बहन को छुड़ाने की कोशिश की तो हमलावर मौके से फरार हो गए। उसने बताया कि साथी दुकानदारों की मदद से उसने पिता तथा बहन को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया तथा इसकी सूचना मंड चौकी की पुलिस को दी।
उधर, मामले की जांच कर रहे मंड चौकी के इंचार्ज गुरमीत राम ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि दुकान में लड़ाई हुई है। सूचना मिलते ही वह पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है।



















