पीएम मोदी करेंगे मणिपुर और त्रिपुरा का दौरा, देंगे 4,800 करोड़ रुपये की 22 परियोजनाओं की सौगात
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को पूर्वोत्तर के दौरे पर जाएंगे, इस दौरान वह कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। पीएम मोदी का यह दौरा ऐसे वक्त हो रहा है, जब नगालैंड, मणिपुर समेत कई पूर्वोत्तर के राज्यों में अफस्पा हटाने की तेज हो रही है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने रविवार को बताया कि वह इंफाल में 4,800 करोड़ रूपये की 22 परियोजनओं की शुरूआत करेंगे जबकि अगरतला में वह महाराजा बीर बिक्रम हवाईअड्डे पर नई टर्मिनल इमारत का उद्धघाटन करेंगे और दो अहम विकास योजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे।
पीएम मोदी इंफाल में 160 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले एक कैंसर अस्पताल की भी नींव रखेंगे। वह कियामगेइ में 200 बिस्तरों वाले कोविड अस्पताल का भी उद्घाटन करेंगे। मोदी इंफाल स्मार्ट सिटी मिशन के तहत कई परियोजनाएं शुरू करेंगे। मणिपुर में मोदी 1,850 करोड़ रुपये की 13 परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। 2,950 करोड़ रुपये की नौ परियोजनाओं की नींव रखेंगे। ये परियोजनाएं सड़क बुनियादी ढांचा, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य, शहरी विकास, आवासीय, सूचना प्रौद्योगिकी,
कौशल विकास और कला एवं संस्कृति समेत विविध क्षेत्रों से संबंधित हैं। कनेक्टिविटी में सुधार लाने के लिए देशभर में चल रही परियोजनाओं की तरह प्रधानमंत्री 1,700 करोड़ रुपये अधिक की लागत से बनने वाले पांच राष्ट्रीय राजमार्गों की परियोजना की नींव रखेंगे।
एक अन्य अहम परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर बराक नदी पर 75 करोड़ रुपये की लागत से बना इस्पात का एक पुल है जिससे इंफाल से सिलचर तक संपर्क बढ़ेगा और मोदी इसका उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री मणिपुर के लोगों को करीब 1,100 करोड़ रुपये की लागत से बने 2,387 मोबाइल टावर भी समर्पित करेंगे जिससे मोबाइल संपर्क में सुधार होगा। पीएमओ ने कहा कि प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की मोदी की कवायद के तौर पर राज्य में पेयजल आपूर्ति की परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा।







