15 से 18 साल के बच्चों को लग रही को-वैक्सीन, वैक्सीन लगाने के लिए 5 स्थान किए गए निर्धारित, मौके पर भी किया जाएगा रजिस्ट्रेशन
जालंधरः पंजाब में लगातार बढ़ रहे कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के खतरे को देखते हुए सोमवार से 15 से 18 साल के बच्चों को वैक्सीन लगाने का काम शुरू हो रहा है। वैक्सीनेशन शुरू करने से पहले जालंधर जिला प्रशासन प्रमुख घनश्याम थोरी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने बच्चों को वैक्सीन लगाने के प्रोजेक्ट को हरी झंडी दी। इसके लिए जालंधर शहर में 5 स्थान निर्धारित किए गए हैं।
दो सेंटर जालंधर के ईएसआई अस्पताल में हैं, ईएसआई डिस्पेंसरी नंबर 1 तथा 3 में 15 से 18 साल के किशोरों को वैक्सीन लगाने की शुरुआत की गई। इसके अलावा श्री महावीर जैन स्कूल विजय नगर, अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर गढ़ा और अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर में भी वैक्सीन लगाई जाएगी। मुहिम का शुभारंभ सिविल सर्जन डा. रंजीत सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को को-वैक्सीन की डोज लगाई जा रही है। दूसरी डोज 4 सप्ताह के अंतराल में लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जालंधर में करीब एक लाख 10 हजार बच्चों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य है।
बता दें कि ओमिक्रोन के बढ़ते खतरे को देखते हुए जालंधर में बूस्टर डोज देने का काम भी 10 जनवरी से शुरू हो जाएगा। प्रथम चरण में बूस्टर डोज आगामी विधानसभा चुनाव में ड्यूटी देने वाले चुनाव स्टाफ को लगाई जाएगी। इसके बाद हेल्थ और फ़्रंट लाइन वर्करों सहित गंभीर रोगों से पीड़ित 60 साल से अधिक आयु के लोगों को लगाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि जिले में कोविड वैक्सीन की रोज़ 6000 डोज लगाई जा रही हैं। अब तक करीब 93 प्रतिशत लोगों को पहली और करीब 61 प्रतिशत लोगों को कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन की दूसरी डोज दी चुकी है।








Leave a Reply