MBD WEB NEWS

कबड्डी प्रमोटर राणा बालाचौरिया हत्याकांड में पुलिस के हाथ लगी बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में गैंगस्‍टर करन को किया ढेर

कबड्डी प्रमोटर राणा बालाचौरिया हत्याकांड में पुलिस के हाथ लगी बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में गैंगस्‍टर करन को किया ढेर

 

मोहाली  : कबड्डी प्रमोटर राणा बालाचौरिया हत्याकांड में मोहाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज और चर्चित मामले में पुलिस ने एक गैंगस्टर को मुठभेड़ में मार गिराया है। खरड़ इलाके में हुई इस कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी और शूटर गैंगस्टर करन को ढेर कर दिया गया।

बता दें कि आरोपी करण डिफाल्टर ने ही कुछ समय पहले गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। वह इस मामले में भी वांछित है। पुलिस ने उसे दो दिन पहले ही राणा बलाचौरिया के हत्या के मामले में पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया था। 30 वर्षीय राणा बालाचौरिया की पिछले महीने मोहाली के सोहाना में एक कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड के बाद से पुलिस पर लगातार दबाव बना हुआ था और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई थीं।

पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ रात के समय खरड़ क्षेत्र में हुई। इस दौरान गैंगस्टर करन ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह मारा गया। करन इस हत्याकांड का मुख्य शूटर था।

राणा बालाचौरिया की हत्या 15 दिसंबर 2025 को सास नगर के सोहाना इलाके में आयोजित एक कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान की गई थी। हमलावर सेल्फी लेने के बहाने उसके पास पहुंचे और फिर उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस मामले में इससे पहले एक अन्य आरोपी हरपिंदर सिंह उर्फ मिड्डू को दिसंबर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान मार गिराया जा चुका है।

इस हत्याकांड की जांच के तहत पंजाब पुलिस के गैंगस्टर विरोधी टास्क फोर्स ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा से दो शूटरों और उनके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया था। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया था कि यह कार्रवाई एक खुफिया जानकारी पर आधारित संयुक्त अभियान के तहत की गई, जिसमें सिक्किम पुलिस, मुंबई पुलिस, पश्चिम बंगाल एसटीएफ, हावड़ा पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों का सहयोग लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर निवासी करण पाठक उर्फ करण डिफॉल्टर, लुधियाना के बरहेवाल निवासी तरनदीप सिंह और तरन तारन के उपाला निवासी आकाशदीप के रूप में हुई थी। इन गिरफ्तारियों के बाद इस मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई थी।