Category: NATIONAL

  • जानें देश मे किस जगह पर तेज आंधी तूफान ने मचाई तबाही,बड़े पैमाने पर फसलों और मकानों का हुआ नुकसान 

    जानें देश मे किस जगह पर तेज आंधी तूफान ने मचाई तबाही,बड़े पैमाने पर फसलों और मकानों का हुआ नुकसान

     

    भोपाल : मध्यप्रदेश के कुछ इलाकों में शनिवार शाम आई तेज आंधी-तूफान से कई इलाकों में बड़ा नुकसान हुआ है। इससे जहां बड़े पैमाने पर फसलें नष्ट हो गईं, वहीं मकानों को भी नुकसान पहुंचा ।

    आंधी से बुरहानपुर व खरगोन जिले सबसे अधिक प्रभावित हुए। बुरहानपुर में केले की फसल को बहुत अधिक नुकसान हुआ है, तो वहीं खरगोन के कुछ गांवों में मकान धराशाई हो गए।

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने आंधी-तूफान से फसलों को हुए नुकसान का जिक्र करते हुए किसानों को मुआवजा दिए जाने की मांग की है। उन्होंने रविवार को एक्स पर लिखा, ”कल शाम बुरहानपुर जिले में तेज आंधी-तूफान की वजह से केले की फसलों को भारी नुकसान हुआ है, मेरी सरकार से मांग है कि तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को मुआवजा प्रदान किया जाए।”

    इसी तरह खरगोन जिले में भी आंधी-तूफान से भारी नुकसान हुआ। जिले के भीकनगांव तहसील के पोखराबदा और माडर गांव में आंधी ने सबसे ज्याद तबाही मचाई। आंधी से कई मकान ढह गए। उनकी दीवारें गिर गईं और सामान हवा में उड़ने लगे। इसकी चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए। वही, संपत्ति को भारी नुकसान हुआ।

    गौरतलब है कि इस समय प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है। तापमान 46 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। चिलचिलाती धूप से से जनजीवन प्रभावित है। झुलसा देनेे वाली लू चल रही है। इसके चलते दिन में बहुत आवश्यक होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं।

    अधिक गर्मी से लोगों की तबीयत भी खराब हो रही है। इससे सबसे अधिक बच्चे व बुजुर्ग प्रभावित हैं। अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अभी कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने का कोई आसार नहीं है।

  • अयोध्या से दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस के AC में आई तकनीकी खराबी से यात्रियों को हुई भारी परेशानी, यात्रियों ने किया बवाल..

    अयोध्या से दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस के AC में आई तकनीकी खराबी से यात्रियों को हुई भारी परेशानी, यात्रियों ने किया बवाल..

     

    लखनऊ : वीआइपी ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस के यात्री भी भीषण गर्मी का शिकार हो गए। शनिवार को अयोध्या से लखनऊ होकर आनंद विहार जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस की एसी चेयरकार बोगी का एसी काम नहीं कर रहा था। ट्रेन लखनऊ पहुंची तो यात्रियों ने नाराजगी जताई।

    मौके पर पहुंची आरपीएफ से उसकी नोकझोंक भी हुई। करीब 20 मिनट की देरी से लखनऊ से वंदे भारत एक्सप्रेस रवाना हो सकी। ट्रेन नंबर 22425 अयोध्या-आनंद विहार वंदे भारत एक्सप्रेस अयोध्या से शनिवार दोपहर 03:20 बजे रवाना हुई थी। इसकी बोगी सी-3 में शुरू से ही कूलिंग नहीं हो रही थी। यात्रियों ने इसकी शिकायत कोच अटेंडेंट से की।

    ट्रेन शाम 5:15 बजे लखनऊ पहुंची तो सुधांशु मिश्र सहित अन्य यात्रियों ने प्लेटफार्म पर उपस्थित आरपीएफ और अन्य कर्मचारियों से इसकी शिकायत की। उन्होंने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस में शुरू से ही दिक्कत थी। इस गडबड़ी को दूर नहीं किया जा रहा था।

    लखनऊ में यात्रियों ने सी-3 बोगी के गेट को बंद नहीं होने दिया। इस पर लोको पायलट ने यात्रियों को मनाने की कोशिश की। स्टेशन निदेशक प्रशांत कुमार ने बताया कि वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता मौके पर आए थे। उनके समझाने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया।

  • इनकम टैक्स विभाग ने व्यापारियों के ठिकानों पर मारी रेड- 26 करोड़ कैश जब्त

    इनकम टैक्स विभाग ने व्यापारियों के ठिकानों पर मारी रेड- 26 करोड़ कैश जब्त

     

    नासिक : महाराष्ट्र के नासिक में आयकर विभाग ने सर्राफा व्यापारियों की दुकानों और डेवलपर्स के कार्यालयों पर छापेमारी की। लगातार 30 घंटे चली छापेमारी में टीम ने 26 करोड़ रुपये की नकदी और 90 करोड़ की बेहिसाब संपत्ति के दस्तावेज जब्त किए।

    मिली जानकारी के मुताबिक नासिक, नागपुर, जलगांव की टीम ने यह कार्रवाई की। 50 से 55 अधिकारियों ने सुराना ज्वैलर्स के परिसर के साथ-साथ उनके रियल एस्टेट व्यवसाय के कार्यालय पर भी छापा मारा। उनके आलीशान बंगले पर भी एक स्वतंत्र टीम ने निरीक्षण किया।

    शहर के विभिन्न स्थानों पर उनके कार्यालय, निजी लॉकर और बैंकों के लॉकर की भी जांच की गई। मनमाड और नंदगांव में उनके परिवार के सदस्यों के घरों की भी तलाशी ली गई। नासिक के इस सर्राफा कारोबारी के पास से करोड़ों की नकदी और बेहिसाब संपत्ति मिलने से कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आयकर विभाग की कार्रवाई में जो नगदी मिली है उसे गिनने में 14 घंटे लगे।

    सूत्रों के अनुसार, यह छापेमारी अघोषित आय और संभावित रूप से संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों की व्यापक जांच का हिस्सा है। आयकर विभाग किसी भी विसंगति या छिपे हुए लेन-देन को उजागर करने के लिए सुराना ज्वैलर्स और महालक्ष्मी बिल्डर्स दोनों के रिकॉर्ड की जांच कर रहा है।

  • मौसम अलर्ट;अभी कुछ दिन और सताएगी गर्मी, हीट वेव का रेड अलर्ट जारी

    मौसम अलर्ट;अभी कुछ दिन और सताएगी गर्मी, हीट वेव का रेड अलर्ट जारी

     

    नई दिल्ली – पूरे उत्तर भारत में गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। इसी बीच मौसम विभाग ने आज दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, पंजाब और हरियाणा के लिए लू (हीट वेव) का रेड अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में दिन की गर्मी के बाद रात को भी राहत नहीं रहेगी और रात को भी गर्म हवाओं का अहसास जारी रहेगा।

    राजस्थान में गर्मी से 5 मौतें हुईं। राज्य में 2 दिन में यह आंकड़ा 13 हो गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मौसम की बात की जाए तो फिलहाल यहां रहने वाले लोगों के लिए 28 मई तक किसी तरह की राहत मिलने के आसार नहीं है। भीषण गर्मी का दौर अभी भी जारी रहेगा। गुजरात में भीषण गर्मी का कहर जारी है। गुजरात के अहमदाबाद और गांधीनगर में मौसम विभाग ने गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है, इस बीच राज्य में सबसे अधिक पारा अहमदाबाद में 46.6 डिग्री और गांधीनगर में 46 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।

  • तय गति सीमा से भी तेज रफ्तार से दौड़ाई ट्रेन, लोको पायलट और सहायक सस्पेंड, जानें क्या है पूरा मामला

    तय गति सीमा से भी तेज रफ्तार से दौड़ाई ट्रेन, लोको पायलट और सहायक सस्पेंड, जानें क्या है पूरा मामला

     

    जहां एहतियात के तौर पर गति सीमा 20 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से ट्रेन दौड़ानी थी वहां 120 किमी की रफ्तार से ट्रेन दौड़ाने पर रेलवे की ओर से यह कार्रवाई की गई है।

     

    Indian railway - India TV Hindi

    नई दिल्ली: निर्धारित गति सीमा से ज्यादा रफ्तार में रेलगाड़ी दौड़ाने पर ट्रेन के लोको पायलट (ड्राइवर) और सहायक को सस्पेंड कर दिया है। दरअसल,गतिमान एक्सप्रेस और मालवा एक्सप्रेस के ड्राइवर और उनके सहायकों पर यह कार्रवाई की गई है। उन्हें एक ऐसे खंड पर ट्रेन 120 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलाने के लिए निलंबित कर दिया गया है, जहां एहतियात के तौर पर गति सीमा 20 किलोमीटर प्रतिघंटे तक सीमित की गई थी। यह घटना हाल ही में हुई, जिसमें दोनों ट्रेन के चालक दलों ने एक ही खंड यानी आगरा कैंट के पास जाजौ और मनियां रेलवे स्टेशन के बीच एहतियाती गति सीमा का उल्लंघन किया, जहां रेलवे के एक पुल के जारी नवीनीकरण कार्य के कारण अस्थायी गति प्रतिबंध लगाया गया है।

    अनुशासनात्मक कार्रवाई

    आगरा मंडल जनसम्पर्क अधिकारी (पीआरओ) प्रशस्ति श्रीवास्तव ने घटना की पुष्टि की और कहा कि “सभी संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है”। रेलवे के एक सूत्र ने बताया, “पहली घटना में, गतिमान एक्सप्रेस के लोको पायलट और सहायक लोको पायलट ने ट्रेन के आगरा कैंट से ग्वालियर के लिए रवाना होने के बाद, परामर्श गति पाबंदी का उल्लंघन किया। गतिमान एक्सप्रेस भारत की पहली सेमी-हाई स्पीड ट्रेन है और जो दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन और उत्तर प्रदेश के वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन के बीच 160 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चलती है।”

  • बारूद की फैक्ट्री में भीषण विस्फोट के बाद 12 लोगों की हुई मौत,अभी और भी बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा

     बारूद की फैक्ट्री में भीषण विस्फोट के बाद 12 लोगों की हुई मौत,अभी और भी बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा

     

    बेमेतरा : छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में एक बारूद फैक्ट्री में जोरदार ब्लास्ट हुआ है। इस हादसे में 10 से 12 लोगों के मरने की खबर है। बताया जा रहा है कि मलबे में अभी भी कई लोग दबे हो सकते हैं। घटना बेरला ब्लॉक के ग्राम बोरसी स्थित स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड बारूद फैक्ट्री की है। फैक्ट्री में 800 से ज्यादा लोग काम करते हैं।

    बताया जा रहा है कि सुबह 6 से 7 बजे के बीच हादसा हुआ है। ब्लास्ट के बाद फैक्ट्री के आसपास लोगों की भीड़ जमा है। हादसे में घायल लोगों को रायपुर एम्स और नजदीकी अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पहुंच गई है। बता दें कि यह पूरी घटना बेमेतरा के बेरला ब्लॉक के ग्राम बोरसी के पास हुई है।

  • चुनाव प्रचार के बीच फुर्सत निकाल कर पीएम मोदी ने हिमाचल प्रदेश की सुंदरता को कैमरे में यूं किया कैद

    चुनाव प्रचार के बीच फुर्सत निकाल कर पीएम मोदी ने हिमाचल प्रदेश की सुंदरता को कैमरे में यूं किया कैद

     

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता की तस्वीरें खींची। इस वीडियो को पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

     

    कैमरे से फोटो लेते पीएम मोदी  - India TV Hindi
    शिमलाः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में चुनावी दौरे पर थे। चुनावी भागदौड़ के बीच पीएम मोदी ने पहाड़ पर जाकर हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता की फोटो खींची। सोशल मीडिया पर पीएम मोदी ने बताया कि व्यस्त चुनाव प्रचार के बीच मैं सुंदर प्राकृतिक दृश्यों की कुछ झलकियां कैमरे में कैद करने से खुद को नहीं रोक सका। यहां हिमाचल में होने से यहां की मेरी पिछली यात्राओं की कई यादें ताजा हो गईं। इस राज्य से मेरा रिश्ता बहुत मजबूत है। हिमाचल प्रदेश दर्शनीय है।
     

  • हरियाणा के फरीदाबाद में एक परिवार के 6 सदस्यों ने काटी हाथ की नस, एक की मौत;सूदखोर से था परेशान परिवार, बच्चे की सूझबूझ की वजह से बची बाकियों की जान

    हरियाणा के फरीदाबाद में एक परिवार के 6 सदस्यों ने काटी हाथ की नस, एक की मौत;सूदखोर से था परेशान परिवार, बच्चे की सूझबूझ की वजह से बची बाकियों की जान

     

    फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सेक्टर 37 स्थित मकान नंबर 406 में सूदखोर से परेशान एक ही परिवार के छह लोगों ने हाथ की नस काट ली। सभी ने सामूहिक आत्महत्या करने की कोशिश की। इसमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि अन्य पांच गंभीर हैं। सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    जानकारी के अनुसार, छोटे पोते ने समझदारी दिखाते हुए सिक्योरिटी गार्ड से घर के गेट को खुलवाया और परिवार को बचाया। सेक्टर के लोगों का कहना है कि अभी किसी की मौत नहीं हुई है। सभी का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है, जिसमें श्याम, साधना, उसका बेटा, उसके बेटे की बहू, एक बड़ा पोता जिसकी उम्र 14 साल है शामिल है।

    12 वर्षीय सबसे छोटा पोते ने नस नहीं काटी थी। उसी ने सुरक्षा गार्ड को बोला कि घर का गेट खोलो। घर का गेट खोलने के बाद सुरक्षा गार्ड ने पुलिस को सूचना देने के बाद सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। बताया जा रहा है कि परिवार वालों का घी का काम था। पुलिस ने घर को सील कर दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

  • पंजाब में चुनावी रैलियों का आगाज करेंगे राहुल गांधी,25 मई को अमृतसर में रैली कर मांगेंगे जनता का समर्थन

     पंजाब में चुनावी रैलियों का आगाज करेंगे राहुल गांधी,25 मई को अमृतसर में रैली कर मांगेंगे जनता का समर्थन

     

    MBD NEWS : चंडीगड़ : पंजाब में अब चुनावी पारा चढ़ने लगा है।  कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की अब तक राज्य में करीब 5 रैलियां तक हुई हैं। इनका आगाज अमृतसर से होगा। इसके लिए पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

    जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी अपनी रैलियों का आगाज 25 मई को अमृतसर से करेंगे। इसके अलावा 29 मई लोकसभा हलका पटियाला और लुधियाना में रैली आयोजित करने की तैयारी चल रही हैं। जबकि 26 मई को प्रियंका गांधी की रैलियां शुरू होंगी। इस दौरान श्री फतेहगढ़ साहिब और जालंधर में रैली करेगी।

    इसके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान खड़गे का दौरा अभी फाइनल नहीं हुआ है। इसके अलावा सचिन पायलट व अन्य स्टार कैंपेनर राज्य में सक्रिय है। आज वह बलाचौर और रूपनगर हलके में विजय इंद्र सिंगाला के पक्ष में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। हालांकि अभी तक बठिंडा में किसी बड़े नेता की कांग्रेस ने रैली तय नहीं है।

  • शेयर बाजार ने बनाया नया कीर्तिमान, 23 हजार के पार पहुंचा निफ्टी; सेंसेक्स ने भी लाइफटाइम हाई की ओर लगाई छलांग

    शेयर बाजार ने बनाया नया कीर्तिमान, 23 हजार के पार पहुंचा निफ्टी; सेंसेक्स ने भी लाइफटाइम हाई की ओर लगाई छलांग

     

    मुंबई : शेयर मार्केट आज रिकॉर्ड हाई पर ट्रेड कर रहा है। कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन निफ्टी और सेंसेक्स ने नया रिकॉर्ड बनाया है। चुनावी माहौल के बीच निफ्टी ने शुक्रवार को इतिहास रच दिया है। निफ्टी और सेंसेक्स ऑल टाइम हाई लेवल पर पहुंच गए। जहां निफ्टी पहली बार 23000 के आंकड़े को पार कर गया, वहीं, सेंसेक्स मार्केट के शुरुआती 15 मिनट में ही 75558 के नए शिखर पर टच हुआ है। इस उड़ान में बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, टाटा स्टील, स्टेट बैंक, विप्रो, एचडीएफसी बैंक, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक का बड़ा योगदान रहा है।

    शुक्रवार को शेयर बाजार आज लाल निशान पर खुला। सेंसेक्स 75,335.45 के लेवल और निफ्टी 36.90 अंकों की गिरावट के साथ 22930 पर खुला। हालांकि कुछ देर बाद ही निफ्टी ने इतिहास रचते हुए 23 हजार के लेवल को क्रॉस कर लिया। इससे पहले गुरुवार को भी बाजार बंद होने से पहले सेंसेक्स और निफ़्टी ने इतिहास रचा था।

    BSE सेंसेक्स के टॉप 30 शेयरों में सिर्फ 8 शेयरों में उछाल देखा जा रहा है, जबकि 22 शेयरों में गिरावट देखी जा रही है। सबसे ज्यादा गिरावट TCS के शेयरों में हुई है। यह करीब 1 फीसदी टूटकर 3857 रुपये पर है। वहीं सबसे ज्यादा बढ़ोतरी के स्टॉक में 1.20 फीसदी की देखी जा रही है, जो 3629 रुपये प्रति शेयर पर कारोबार कर रहा है। कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन NSE पर लिस्टेड कुल 2,412 शेयर ट्रेड कर रहे हैं, जिसमें 1,109 शेयर उछाल पर कारोबार कर रहे हैं। वहीं 1,202 शेयर गिरावट पर हैं। 83 शेयर 52 वीक के हाई लेवल पर पहुंच गए हैं, जबकि 13 ने 52 वीक का लो लेवल टच किया है। इसके अलावा 54 शेयरों पर अपर सर्किट और 40 पर लोअर सर्किट भी लगा है।