Category: NATIONAL

  • केंद्र सरकार ने किसानों के लिए उठाया बड़ा कदम, FCI की अधिकृत पूंजी दोगुनी कर 21 हजार करोड़ रुपए की

     केंद्र सरकार ने किसानों के लिए उठाया बड़ा कदम, FCI की अधिकृत पूंजी दोगुनी कर 21 हजार करोड़ रुपए की

     

    नई दिल्ली : सरकार ने कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने और किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) की अधिकृत पूंजी को 10 हजार करोड़ रुपये से बढ़ाकर 21 हजार करोड़ रुपये करने की घोषणा की है। गौरतलब है कि एफसीआई देश की खाद्य सुरक्षा प्रणाली में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसमें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खाद्यान्न की खरीद, रणनीतिक खाद्यान्न भंडार का रखरखाव, राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी) को वितरण व बाजार में खाद्यान्न की कीमतों का स्थिरीकरण शामिल है।

    उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि अधिकृत पूंजी में दो गुना से अधिक की वृद्धि अपने जनादेश को प्रभावी ढंग से पूरा करने में एफसीआई की परिचालन क्षमताओं को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। फंड की आवश्यकता के अंतर को पूरा करने के लिए, एफसीआई नकद ऋण, अल्पावधि ऋण, तरीके और साधन अग्रिमों का सहारा लेता है। अधिकृत पूंजी में वृद्धि ब्याज का बोझ कम होगा, आर्थिक लागत कम होगी और अंततः सरकार की सब्सिडी में कमी भी आएगी।

    पूंजी के इस प्रवाह के साथ, एफसीआई अपनी भंडारण सुविधाओं का आधुनिकीकरण, परिवहन नेटवर्क में सुधार और उन्नत प्रौद्योगिकियों को अपनाने पर भी काम करेगा। मंत्रालय ने कहा कि ये उपाय न केवल फसल कटाई के बाद के नुकसान को कम करने के लिए, बल्कि उपभोक्ताओं को खाद्यान्न के कुशल वितरण को सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक हैं।

    सरकार कार्यशील पूंजी की आवश्यकता और पूंजीगत संपत्ति के निर्माण के लिए एफसीआई को इक्विटी प्रदान करती है। एफसीआई मौजूदा आंतरिक प्रणालियों (एफएपी, एचआरएमएस) और बाहरी प्रणालियों (राज्य खरीद पोर्टल, सीडब्ल्यूसी/एसडब्ल्यूसी) का लाभ उठाते हुए एक एकीकृत आईटी प्रणाली बनाने के लिए व्यापक पहल कर रहा है। ई-ऑफिस कार्यान्वयन ने पहले ही एफसीआई को कम कागजी संगठन बना दिया है। एफसीआई के लिए मुख्य परिचालन सॉफ्टवेयर के रूप में काम करने वाले एकीकृत आईटी समाधानों की ये पहल, सूचना का एक एकल स्रोत प्रदान करेगी और कार्यों को सुव्यवस्थित करेगी।

    अपनी दक्षता बढ़ाने के एक हिस्से के रूप में, एफसीआई सीमेंट सड़कों, छत के रखरखाव, रोशनी और वेटब्रिज अपग्रेड, खाद्य सुरक्षा को बढ़ाने जैसे कार्यों को निष्पादित कर रहा है। प्रयोगशाला उपकरणों की खरीद और क्यूसी प्रयोगशालाओं के लिए एक सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म के विकास का उद्देश्य गुणवत्ता जांच में सुधार करना है। मंत्रालय के बयान के अनुसार, एमएसपी-आधारित खरीद और एफसीआई की परिचालन क्षमताओं में निवेश के लिए सरकार की दोहरी प्रतिबद्धता किसानों को सशक्त बनाने, कृषि क्षेत्र को मजबूत करने और देश के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक सहयोगात्मक प्रयास का प्रतीक है।

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत मंडपम पहुंच पदाधिकारियों से की बैठक 

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत मंडपम पहुंच पदाधिकारियों से की बैठक

    नई दिल्ली : भाजपा के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन से पहले बैठक का एजेंडा तय करने के लिए होने वाली पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रगति मैदान के भारत मंडपम पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत मंडपम पहुंचने पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सरकार की उपलब्धियों को लेकर लगाई गई प्रदर्शनी का जायजा भी लिया। राष्ट्रीय अधिवेशन की बैठक से पहले होने वाले पदाधिकारियों की बैठक शुरू हो गई है।

    बताया जा रहा है कि पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में लोकसभा क्षेत्रों के क्लस्टर इंचार्ज भी शामिल हो रहे हैं। आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों,रणनीति और एजेंडे को अंतिम रूप देने के लिए नई दिल्ली के प्रगति मैदान के भारत मंडपम में आज से भाजपा का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन शुरू होने जा रहा है।

    पार्टी के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन की शुरुआत आज दोपहर बाद 3 बजे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के उद्घाटन भाषण के साथ शुरू होगी। इससे पहले नड्डा कार्यक्रम स्थल पर झंडा भी फहराएंगे। इस दो दिवसीय बैठक का समापन रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समापन भाषण के साथ होगा।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने समापन भाषण में देशभर से आए पार्टी के लगभग 11 हजार 500 नेताओं को सरकार की बड़ी उपलब्धियों और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साधने की रणनीति बताने के साथ-साथ आगामी लोकसभा चुनाव में जीत का मंत्र भी देंगे।

  • प्रियंका गांधी की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में कराया गया भर्ती

     प्रियंका गांधी की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में कराया गया भर्ती

     

    नई दिल्ली : कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा की तबीयत अचानक खराब हो होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। ऐसे में प्रियंका गांधी राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शुक्रवार को शामिल नहीं होंगी। जानकारी के मुताबिक प्रियंका गांधी कुछ दिन में सही होने के बाद ही भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने के लिए पहुंचेंगी।

    उन्होंने एक्स के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘मैं बड़े चाव से उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पहुंचने का इंतजार कर रही थी, लेकिन बीमारी की वजह से मुझे आज ही अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। थोड़ा बेहतर होते ही मैं यात्रा में जुड़ूंगी। तब तक के लिए चंदौली-बनारस पहुंच रहे सभी यात्रियों, पूरी मेहनत से यात्रा की तैयारी में लगे उत्तर प्रदेश के मेरे सहयोगियों और प्यारे भाई को शुभकामनाएं देती हूं।

    गुरुवार को यह यात्रा सासाराम में थी। इसके बाद राहुल गांधी की यात्रा मोहनिया होते हुए चंदौली में प्रवेश करेगी। प्रियंका गांधी को चंदौली में भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होना है। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश में यात्रा की अवधि में कटौती नहीं की गई है। यह यात्रा यूपी में 8 दिनों तक रहने वाली है।

  • Paytm के द्वारा जारी किए गए FASTags को लेकर NHAI ने लिया बड़ा फैसला, 2 करोड़ यूजर्स होंगे प्रभावित

    Paytm के द्वारा जारी किए गए FASTags को लेकर NHAI ने लिया बड़ा फैसला, 2 करोड़ यूजर्स होंगे प्रभावित

     

    नई दिल्ली : नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की रोड टोलिंग अथॉरिटी ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने पेटीएम FASTags का इस्तेमाल कर रहे करोड़ों ग्राहकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। बता दें, आरबीआई ने बड़ा फैसला लेते हुए पेटीएम पेमेंट बैंक पर 29 फरवरी के बाद सेवाएं देने पर रोक लगा दी है। फास्टैग जारी करने वाले अधिकृत बैंकों की लिस्ट से पेटीएम पेमेंट बैंक के बाहर होने से लगभग दो करोड़ वाहन चालाक प्रभावित होंगे।

    एनएचएआई ने अलर्ट जारी कर लेागों से अधिकृत बैंकों से फास्टैग खरीदने का आग्रह किया है। पेटीएम फास्टैग यूजर्स को नया फास्टैग लेना होगा। अब फास्टैग जारी करने के लिए पेटीएम पेमेंट्स बैंक अधिकृत बैंक नहीं रह गया है। आईएचएमसीएल (IHMCL) ने उन 32 बैंकों की सूची जारी की है, जहां से यूजर्स अपने लिए फास्टैग खरीद सकते हैं।

    फास्टैग देने वाले बैंकों की लिस्ट से पेटीएम पेमेंट्स बैंक का नाम गायब है। पेटीएम का नाम लिस्ट से हटा दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिन लोगों को पेटीएम टैग मिले हैं, उन्हें उसे सरेंडर करना होगा और अधिकृत बैंकों से नए टैग खरीदने होंगे। सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट करके अधिकृत बैंकों के नाम बताए गए हैं। इनमें एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, यूको बैंक जैसे 32 बैंक शामिल हैं।

    Image

  • रेलवे ट्रैक पर बैठ किसानों ने शताब्दी समेत कई ट्रेनों के पहिए रोके, किसानों ने टोल प्लाजा भी फ्री करवाए

     रेलवे ट्रैक पर बैठ किसानों ने शताब्दी समेत कई ट्रेनों के पहिए रोके, किसानों ने टोल प्लाजा भी फ्री करवाए

    चंडीगढ़ : किसान आंदोलन के तहत आज किसानों ने रेल ट्रैक पर धरने भी दिए हैं और टोल प्लाजा भी फ्री करवा दिए हैं। किसानों के प्रदर्शन के कारण कई ट्रेनों की शेड्यूलिंग प्रभावित हुई है। किसान यूनियन एकता डकाैंदा की तरफ से गुरुहरसहाय में रेलवे ट्रैक पर धरना लगाकर ट्रेनें रोकी गईं। किसान नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब के किसानों को खत्म करने पर तुली हुई है। भाकियू उगराहां ने दोपहर 12 बजे से 6 जिलों में ट्रेनों को भी रोक दिया है। उगराहां का यह विरोध 4 बजे तक जारी रहेगा। वहीं, सड़क व रेल मार्ग अवरुद्ध होने के बाद फ्लाइट्स के दाम 7 गुना तक बढ़ चुके हैं। वहीं, दिल्ली से आ रही दिल्ली-अमृतसर शताब्दी को ढिल्लवां में रोक दिया गया है।

    Rail Track Jam… इसी तरह गाड़ी संख्या 12497 शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस को भी व्यास रेलवे स्टेशन पर ही खाली करने के बाद वहीं से वापस रवाना किए जाने का शेड्यूल जारी किया गया है। इससे पहले सुबह के समय जाने वाली सभी गाड़ियां अपने निर्धारित समय पर रवाना हो गई। किसान यूनियन एकता उग्राहां की तरफ से जिला प्रधान अमरीक सिंह गंडूआ की अगुवाई में सुनाम ऊधम सिंह वाला रेलवे स्टेशन पर रेल चक्का जाम किया गया है। रेल रोको’ आह्वान के चलते रेल मंत्रालय द्वारा बरनाला स्टेशन पर दोपहर पौने तीन बजे आने वाली पैसेंजर यात्री गाड़ी अप 04547 अंबाला बंठिडा व साढ़े चार बजे आने वाली डाउन 14735 गंगानगर अंबाला पैसेंजर यात्री गाड़ी को रद कर दिया गया है। संयुक्त मोर्चा के किसानों ने बताया कि आज 11 से 2 बजे तक पूरे पंजाब के टोल प्लाजा फ्री कर दिए गए हैं। वाहनों के लिए टोल प्लाजा गेट खुलवा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कल भी पूरे देश में बंद का आह्वान किया गया है। इस दौरान कोई भी गतिविधि नहीं होने दी जाएगी।

  • सुप्रीम कोर्ट की 5 जजों की संविधान पीठ चुनावी बांड योजना की वैधता पर गुरुवार को सुनाएगी फैसला

    नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट चुनावी बांड योजना की वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर गुरुवार को अपना फैसला सुनाएगा। पिछले साल नवंबर में सीजेआई डी.वाई.चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली 5 जजों की संविधान पीठ ने इस मामले पर सुनवाई की थी। पीठ में न्यायमूर्ति संजीव खन्ना, बी.आर. गवई, जे.बी. पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की खंडपीठ ने लगातार तीन दिनों तक दलीलें सुनने के बाद मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।

    याचिकाकर्ताओं ने शीर्ष अदालत के समक्ष तर्क दिया था कि चुनावी बॉन्ड योजना अनुच्छेद 19 (1) के तहत नागरिकों के सूचना के मौलिक अधिकार का हनन करती है, यह पिछले दरवाजे से लॉबिंग को सक्षम बनाती है और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देती है। साथ ही, विपक्षी राजनीतिक दलों के लिए समान अवसर को समाप्त करती है। चुनौती का जवाब देते हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने तर्क दिया था कि इस योजना का उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया में नकदी को कम करना है। एस-जी मेहता ने जोर देकर कहा कि चुनावी बांड के जरिए किए गए दान का विवरण केंद्र सरकार तक नहीं जान सकती।

    उन्होंने एसबीआई के चेयरमैन द्वारा हस्ताक्षरित एक पत्र को रिकॉर्ड पर रखते हुए कहा था कि अदालत के आदेश के बिना विवरण तक नहीं पहुंचा जा सकता। सुनवाई के दौरान सीजेआई चंद्रचूड़ ने कहा था कि पांच महत्वपूर्ण विचार हैं : “1. चुनावी प्रक्रिया में नकदी तत्व को कम करने की जरूरत, 2. अधिकृत बैंकिंग चैनलों के उपयोग को प्रोत्साहित करने की जरूरत, 3. गोपनीयता द्वारा बैंकिंग चैनलों के उपयोग को प्रोत्साहित करना, 4. पारदर्शिता; 5. रिश्‍वत का वैधीकरण।” इसके अलावा, सीजेआई ने टिप्पणी की थी कि यह योजना सत्ता केंद्रों और उस सत्ता के हितैषी लोगों के बीच रिश्‍वत और बदले की भावना का वैधीकरण नहीं बननी चाहिए।

  • सोना उगलेगी राजस्थान की धरती , सोने की पहली खदान की जल्द होगी नीलामी

    सोना उगलेगी राजस्थान की धरती , सोने की पहली खदान की जल्द होगी नीलामी

    जयपुर : राजस्थान खनन विभाग इतिहास रचने के लिए है। वह राज्य में पहली बार बांसवाड़ा जिले के भुकिया-जगपुरा क्षेत्र में सोने की खदान की नीलामी शुरू करेगा। राजस्थान खान विभाग की सचिव आनंदी ने कहा कि विभाग ने इन खानों की ई-नीलामी के लिए सभी तैयारियां कर ली हैं और आवश्यक जानकारी एक महीने के भीतर पोर्टल पर उपलब्ध करा दी जाएगी।

    उन्होंने बुधवार को कहा, बांसवाड़ा में घाटोल तहसील के भुकिया-जगपुरा के 14 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में सोने का विशाल भंडार है। “इस क्षेत्र में व्यापक अन्वेषण के बाद 113.52 मिलियन टन स्वर्ण अयस्क का प्रारंभिक अनुमान लगाया गया है, इसमें स्वर्ण धातु की मात्रा 222.39 टन आंकी गई है। एक मोटे अनुमान के मुताबिक यहां सोने के अयस्क के खनन के दौरान 1 लाख 74 हजार टन से अधिक तांबा, 9,700 टन से अधिक निकल और 13,500 टन से अधिक कोबाल्ट खनिज प्राप्त होगा।”

    “दोनों ब्लॉकों को राज्य सरकार के राजस्थान राज्य खनिज अन्वेषण ट्रस्ट आरएसएमईटी द्वारा नीलामी के लिए अंतिम रूप दिया जा रहा है।” दो सोने की खदानों की ई-नीलामी के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के साथ लगभग एक महीने में भारत सरकार के ई-पोर्टल पर नीलामी के लिए निविदा जारी की जाएगी। खान सचिव ने कहा, ”बांसवाड़ा के भुकिया-जगपुरा में राज्य की पहली सोने की खदानों की नीलामी के लिए हम युद्ध स्तर पर तैयारी कर रहे हैं.”

    इन सोने की खदानों से सोने के साथ-साथ तांबा, निकल और कोबाल्ट खनिज भी प्रचुर मात्रा में प्राप्त होंगे। इससे इलेक्ट्रॉनिक, पेट्रोलियम, पेट्रोकेमिकल, बैटरी समेत कई उद्योगों में नए निवेश के साथ-साथ प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अभूतपूर्व अवसर पैदा होंगे। तांबा उद्योगों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक क्षेत्र में कच्चे माल के रूप में तांबे की उपलब्धता बढ़ेगी, जबकि निकल बैटरी उद्योग, सिक्का ढलाई, इलेक्ट्रॉनिक उद्योग आदि को तेजी प्रदान करेगा। अधिकारियों ने कहा,”कोबाल्ट का उपयोग एयरबैग, पेट्रोकेमिकल उद्योग आदि में किया जा सकता है और इसके कच्चे माल की आपूर्ति के लिए विदेशों पर निर्भरता कम हो जाएगी। राज्य में तांबा, निकल और कोबाल्ट से संबंधित उद्योगों में नए निवेश से प्रचुर अवसर पैदा होंगे।” राजस्व और प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार।”

  • किसान आंदोलन: दिल्ली की सीमाएं सील, यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी

    किसान आंदोलन: दिल्ली की सीमाएं सील, यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी

     

     MBD WEB NEWS नई दिल्ली : किसानों के ‘दिल्ली चलो’ मार्च के मद्देनजर सिंघू, टिकरी और गाजीपुर बॉर्डर पूरी तरह से सील होने के बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्गों और डायवर्जन के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। मंगलवार को हरियाणा-पंजाब शंभू सीमा और हरियाणा के जींद जिले में किसानों की पुलिस के साथ झड़प के बाद दिल्ली में टिकरी, सिंघू और गाजीपुर बॉर्डर को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।

    यातायात पुलिस के अनुसार, मंगलवार से शुरू हुए विभिन्न किसान संगठनों के ‘आंदोलन’ के कारण, आसपास के राज्यों के किसान विरोध-प्रदर्शन में भाग लेने के लिए विभिन्न माध्यमों से दिल्ली की ओर बढ़ने की कोशिश कर सकते हैं। एक वरिष्ठ यातायात पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘सिंघु बॉर्डर से आगे एनएच-44 को सामान्य यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।

    एनएच-44-सोनीपत/पानीपत की ओर जाने वाली अन्य जुड़ी हुई सड़कें भी प्रभावित हैं।’ हालाँकि, गाजीपुर बॉर्डर पर एनएच-9 की दो लेन और एनएच-24 की एक लेन आम जनता के लिए खुली है। पुलिस ने बताया कि इसी तरह डीएनडी की भी दो लेन यात्रियों के लिए खुली हैं, हालाँकि यातायात की गति धीमी है।

    ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे तदनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं और विशेष रूप से पीक आवर्स के दौरान इन हिस्सों से बचें। सिंघू सीमा और निकटवर्ती सीमा के वाहन जो एनएच-44 की ओर जाना चाहते हैं, वे पूर्वी पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के माध्यम से बाहर निकल सकते हैं।’

    ’ट्रैफिक पुलिस ने अपनी एडवाइजरी में कहा कि एनएच-44 पर हरियाणा जाने वाले और अप्सरा बॉर्डर/महाराजपुर बॉर्डर तक पहुंचने वाले वाहन डाबर चौक मोहन नगर- गाजियाबाद – हापुड रोड – जीटी रोड – दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे (25 किमी)- डासना का उपयोग कर सकते हैं। इसके बाद ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (44 किमी) की ओर बाएं मुड़कर राय कट से एनएच-44 पर पहुंच सकते हैं(कुल 69 किमी)।

    एनएच-44 पर हरियाणा जाने वाले और लोनी बॉर्डर तक पहुंचने वाले वाहन इंद्रपुरी लोनी – पूजा पावी – पंचलोक – मंडोला – मसूरी- खेकड़ा (29 किमी) – बाएं मुड़कर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (19 किमी) – राय कट (एनएच-44) का उपयोग कर सकते हैं जिसकी कुल दूरी 43 किलोमीटर होगी।

    एनएच-44 और सभापुर बॉर्डर पर हरियाणा जाने वाले वाहन – सर्वसि लेन लेने के लिए दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे – के. मंडोला मसूरी- खेकड़ा (14 किमी) एक्सप्रेसवे (19 किमी) – राय कट (एनएच-44), कुल 39 किमी, का उपयोग कर सकते हैं।

    ‘एनएच-44 और सोनिया विहार बॉर्डर पर हरियाणा जाने वाले वाहन सीधे ट्रोनिका सिटी मार्ग ट्रोनिका सिटी से बाएं मुड़ें, दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे (7 किमी) मंडोला मसूरी खेकड़ा (10 किमी) – बाएं मुड़कर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (19 किमी) – राय कट (एनएच-44) पर पहुँचें।

    एडवाइजरी में आगे कहा गया है कि एनएच-44 पर हरियाणा जाने वाले और भेपुरा बॉर्डर पहुंचने वाले वाहन लोनी भेपुरा रोड – कोयल एन्क्लेव थाना टीला मोड़ लोनी- बंथला फ्लाईओवर हनुमान मंदिर लोनी की ओर यू टर्न लेकर पूजा पावी पंचलोक-मंडोला-मसूरी- खेकड़ा (26 किमी) ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (19 किमी) के लिए राय कट (एनएच-44) की ओर बाएँ मुड़ें।

    गाजियाबाद से दिल्ली की ओर आने वाला यातायात वैशाली-कौशांबी के रास्ते आईएसबीटी आनंद विहार के पास महाराजपुर सीमा से प्रवेश कर सकता है। गाजियाबाद से गाजीपुर सीमा से दिल्ली की ओर आने वाला यातायात खोड़ा कॉलोनी, मयूर विहार फेज-3 से पेपर मार्केट, प्रगति मार्ग, मयूर विहार फेज से भी प्रवेश कर सकता है।

    दिल्ली से आने वाला और गाजीपुर सीमा के माध्यम से गाजियाबाद जाने वाला यातायात या तो अक्षरधाम मंदिर के सामने पुश्ता रोड या पटपड़गंज रोड/ मदर डेयरी रोड या चौधरी चरण सिंह मार्ग आईएसबीटी आनंद विहार से होकर और गाजियाबाद में महाराजपुर या अप्सरा सीमा से बाहर निकल सकता है।

  • किसान आंदोलन: शंभू बॉर्डर पर डेरा डाले हुए हैं किसान, 20 हजार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी साथ

    किसान आंदोलन: शंभू बॉर्डर पर डेरा डाले हुए हैं किसान, 20 हजार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी साथ

     

    हरियाणा सरकार ने 7 जिलों अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा और डबवाली में 15 फरवरी तक इंटरनेट सेवा बंद करने का आदेश जारी किया है. इसके अलावा राजस्थान में तीन जिलों श्रीगंगानगर, अनूपगढ़, हनुमानगढ़ में इंटरनेट बंद और 15 जिलों में धारा 144 लागू कर दी गई है. दरअसल मंगलवार को प्रदर्शन के बाद आज फिर किसानों ने दिल्ली की ओर कूच करने का ऐलान किया है.

    Farmers Protest Live: शंभू बॉर्डर पर डेरा डाले हुए हैं किसान, 20 हजार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी साथ

    किसान संगठनों ने किया प्रदर्शन का ऐलान.
    •  

      ये आज की नहीं 75 साल पुरानी मांग है- किसान नेता सरवन सिंह पंधेर

       

      किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की मांग को लेकर कहा है कि ये कोई नई मांग नहीं बल्कि पिछले 75 सालों से ये मांग की जा रही है. उन्होंने कहा कि सरकार ने 2 साल पहले किसानों की मांग को मान लिया था लेकिन अब सरकार फिर से उन्हीं मांगों के लिए समय मांग रही है. सरवन सिंह ने कहा कि किसानों पर किए गए बल प्रयोग में कई किसान जख्मी हो गए हैं. उन्होंने कहा कि इस तरह का बल प्रयोग बंद किया जाना चाहिए, लोकतांत्रिक देश में एसा नहीं होता है.

    •  

      शंभू बॉर्डर पर करीब 8 से 10 हजार लोग मौजूद

       

      हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर करीब 8 से 10 हजार लोग मौजूद हैं, वहीं डेढ़ से 2 हजार ट्रैक्टर-ट्रालियां है. पुलिस ने साफ कह दिया है कि किसी भी कीमत पर किसानों को बॉर्डर पार नहीं करने दिया जाएगा. बताया जा रहा है कि रात में किसानों ने शराब पीकर बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की. खनौरी बॉर्डर पर पैरामिलिट्री और आरपीएफ के साथ ही हरियाणा पुलिस भी तैनात है.

    • पुलिस और अर्धसैनिक बलों के पांच हजार से अधिक जवान तैनात

       

      दिल्ली पुलिस ने पूरे शहर में धारा 144 लागू कर दिया था और अपनी सीमाओं को पूरी तरह से सुरक्षित कर दिया. सीमावर्ती क्षेत्रों की निगरानी के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों जैसे निगरानी उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है. कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए टीकरी, सिंघू और गाजीपुर सीमा क्षेत्रों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 5,000 से अधिक जवानों को तैनात किया गया है.

  • UAE में भी होगा UPI RuPay Card से भुगतान, अबू धाबी में PM मोदी और राष्ट्रपति नाहयान ने की शुरुआत

     UAE में भी होगा UPI RuPay Card से भुगतान, अबू धाबी में PM मोदी और राष्ट्रपति नाहयान ने की शुरुआत

     

    नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दौरे पर हैं। यहां उनका ‘अहलान मोदी’ कार्यक्रम के साथ अबू धाबी के सबसे बड़े हिंदू मंदिर के उद्घाटन का भी कार्यक्रम होना है। ऐसे में यूएई पहुंचे पीएम मोदी की वहां के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ मुलाकात भी हुई और दोनों ने द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर व्यापक बातचीत की।

    यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ मुलाकात के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने उन्हें रुपे कार्ड भेंट किया। मतलब साफ है कि अब भारत का रुपे कार्ड नई मंजिलों को छू रहा है। पीएम मोदी से मिलने के बाद यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने यहां यूपीआई रुपे कार्ड सेवा शुरू की। इससे पूरे संयुक्त अरब अमीरात में रुपे की सार्वभौमिक स्वीकृति बढ़ेगी।

    यहां इस रुपे कार्ड की सुविधा का शुभारंभ करते हुए राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने अपने नाम उभरे हुए एक कार्ड को ‘स्वाइप’ किया।

    इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि हम दोनों यूपीआई रुपे कार्ड और आपके जयवान कार्ड की पेशकश के साथ एक नए फिनटेक युग की शुरुआत कर रहे हैं, जो एक बड़ी उपलब्धि है। इसके जरिए भारत की यूपीआई पेमेंट व्यवस्था और यूएई की एएनआई व्यवस्था को एक साथ जुड़ने का मौका मिलेगा। इससे दोनों देशों के लोग बिना बाधा के सीमा पार लेनदेन की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। पिछले साल जुलाई में हस्ताक्षरित इंटरलिंकिंग भुगतान और मैसेजिंग सिस्टम पर समझौता ज्ञापन का यह परिणाम है।

    वहीं, डेबिट/क्रेडिट कार्डों को आपस में जोड़ने के लिए एक और समझौता हुआ, जिसमें रुपे कार्ड (भारत) के साथ जयवान (यूएई) को जोड़ा जाएगा। जिससे रुपे कार्ड का प्रसार बढ़ेगा। इसके पहले एशिया महादेश के नेपाल, भूटान, सिंगापुर, श्रीलंका और मॉरीशस के अलावा अफ्रीका में रुपे कार्ड लॉन्च किया जा चुका है। इससे डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा मिलेगा।