Author: Sumesh Sharma

  • सतलुज दरिया का बांध टूटने के बाद पंजाब पुलिस एकेडमी में घुसा पानी, पार्किंग में खड़ी गाड़ियां डूबी

    सतलुज दरिया का बांध टूटने के बाद पंजाब पुलिस एकेडमी में घुसा पानी, पार्किंग में खड़ी गाड़ियां डूबी

     

    MBD WEB NEWS फिल्लौर, 10 जुलाई (ब्यूरो) : पंजाब में भारी बारिश के चलते कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालत बन गए हैं। सतलुज दरिया के आसपास के गांव खाली करवाए जा रहे हैं। ऐसे में बड़ी खबर सामने आ रही है। सतलुज दरिया के किनारे बने पंजाब पुलिस अकादमी में पानी घुस गया है। जहां 100 से ज्यादा गाड़ियां जलमग्न हो गई हैं

    सतलुज दरिया का मुख्य बांध टूटने से पानी का तेज बहाव पंजाब पुलिस अकादमी में दाखिल हो गया, जिसका हैरान करता वीडियो भी सामने आया है। अकादमी में ट्रेनिंग पर आए पुलिस कर्मचरियों की 100 से ज्यादा गाड़ियां पानी में डूब गई। आखिरकार सभी अधिकारियों ने मिलकर अपने वाहनों को निकालने के लिए मानव श्रृंखला बनाकर रस्सियों के सहारे अपनी डूबी हुई गाड़ियां बाहर निकालने की कोशिश की।

    पानी के तेज बहाव के आगे उनका जोर नहीं चला, वह मात्र 3-4 वाहन ही बाहर निकाल पाए। अधिकारी प्रशासन से कश्तियां मंगवाने का आग्रह करते रहे। हालांकि 10 बजे तक उन्हें अब तक प्रशासन से कोई सुविधा नहीं मिली। फिलहाल पंजाब पुलिस अकादमी अपने स्तर पर बचाव काम में जुट गई है।

  • भारी बारिश बनी आफत : 34 लोगों की मौत, कई राज्यों ने स्कूल किये बंद; पंजाब ने स्थिति को देख सेना से मांगी मदद

    भारी बारिश बनी आफत : 34 लोगों की मौत, कई राज्यों ने स्कूल किये बंद; पंजाब ने स्थिति को देख सेना से मांगी मदद

     

     

    नई दिल्ली : बारिश ने उत्तर और पश्चिम भारत में तबाही मचा दी है। हिमाचल प्रदेश समेत पहाड़ी राज्यों को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा है। बीते 24 घंटे के दौरान मूसलाधार बारिश के चलते भूस्खलन, बादल फटने, घर ध्वस्त होने, पेड़ और बिजली गिरने से 34 लोगों की मौत हो गई है।

    उत्तरी भारत के बड़े भूभाग से गुजरने वाली यमुना और उसकी सहायक नदियां उफान मार रही हैं। पहाड़ी इलाकों में बारिश ने बाढ़ का रूप लिया और सड़कों तक को बहा कर ले गई। राजधानी दिल्ली, पंजाब, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में सड़कों पर पानी इस कदर फैला कि रोड पर खड़ी गाड़ियां, कागज की नाव सी दिखाई देने लगीं।

    दिल्ली में तो बारिश ने रिकॉर्ड तोड़ दिए। राजधानी में जुलाई महीने में 1982 के बाद से अब तक ऐसे बादल नहीं बरसे। हिमाचल प्रदेश के सोलन में तो 135 मिमी बारिश दर्ज की गई। आखिरी बार सोलन वालों ने 1971 में ऐसी बारिश देखी, तब भी 105 मिमी ही बारिश दर्ज की गई थी। यानी सोलन ने अपने 50 साल के इतिहास में ऐसी आसमानी आफत नहीं देखी। बारिश ने ऊना में भी रिकॉर्ड तोड़ा। 1993 के बाद ऊना में सबसे ज्यादा बारिश रविवार को दर्ज की गई।

    आलम ये था कि बारिश मकानों को तक बहा कर ले गई। दिल्ली फायर ब्रिगेड चीफ अतुल गर्ग ने बताया कि रविवार को मूसलाधार बारिश के चलते 15 घर ढह गए, जिसके चलते 2 लोगों की मौत हो गई। बारिश का कहर ये रहा है कि दिल्ली हाई कोर्ट ने भी 10 जुलाई यानी सोमवार को वकीलों की गैर मौजूदगी में आदेश पारित करने से राहत दी है। ट्रैफिक पुलिस ने भी तीन हजार से ज्यादा कर्मियों को सड़कों पर उतारा है। ये आफत अभी जल्द थमनी नहीं है। मौसम विभाग ने सूबे में पूरे हफ्ते बारिश की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट किया है।

    दिल्ली से सटे नोएडा में 10 से 12 जुलाई तक सभी स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में फंसे लोगों को बचाने के लिए NDRF को पानी में उतरना पड़ा। बारिश से मची आफत को कम करने की कोशिश में कलेक्टर ने इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर तैयार किया है। साथ ही एक इमरजेंसी नंबर (8826797248) जारी किया गया है।

    हिमाचल में बारिश पहाड़ से भूस्खलन के रूप में आफत बनकर गिर रही है। सूबे में पिछले 24 घंटों के दौरान ही 6 लोगों की मौत हो गई है और 3 लोग लापता हैं। सैंकड़ों लोग बारिश से उपजी आफत के चलते अलग-अलग जगहों पर फंसे हुए हैं। बात पिछले 16 दिनों की करें तो हिमाचल भर में 54 लोगों की मौत हो चुकी है और चार लापता हैं। जान से इतर माल को हुए नुकसान का जायजा लिया जाए तो राज्य के PWD विभाग को ही दो दिनों में बारिश के चलते 340 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। सूबे में 776 रोड पेड़ गिरने या भूस्खलन के कारण बाधित हैं। इनमें से तीन तो राष्ट्रीय राजमार्ग हैं।

    वहीं पंजाब की बात करें तो यहां बारिश कहर बनकर टूटी और अगले दिन भी ये कहर जारी रहने का अनुमान लगाया गया है। हालत ये हैं कि इस आसमानी आफत का सामना करने के लिए सरकार को भारतीय सेना की मदद मांगनी पड़ी। गृह सचिव ने वेस्टर्न कमांड को चिट्ठी लिखकर मोहाली के आस-पास के इलाकों में सेना को मदद के लिए तैयार रहने का निवेदन भेजा है। मोहाली के स्कूलों को सोमवार के दिन बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। सूबे के सभी 10 जिलों में सोमवार को भी भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है।

    पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने सभी मंत्रियों को आदेश दिया है कि वो भारी बारिश से राहत के लिए किए जा रहे प्रयासों पर नजर रखने के लिए खुद फील्ड में जाएं। ऐसे ही एक प्रयास में मोहाली के खरड़ से विधायक और राज्य की पर्यटन मंत्री अनमोल गगन मान का पैर फ्रैक्चर हो गया।

    पंजाब के लुधियाना में बारिश का कहर इस कदर बरपा है कि डिप्टी कमिश्रनर ने सोमवार को स्कूल में छुट्टी के आदेश जारी कर दिए हैं। शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने सूबे में बाढ़ से जिन लोगों के घरों को नुकसान पहुंचा है, उन्हें पांच-पांच लाख रुपए की मदद की मांग की है। जिन किसानों की फसलों को बाढ़ के चलते नुकसान पहुंचा है, उन्हें भी 25 हजार रुपए तक की आर्थिक सहायता देने की मांग बादल ने की है।हरियाणा में शिक्षा विभाग ने सभी जिलों के कलेक्टर को निर्देश दिया है कि वो 10 जुलाई को बारिश के हालात देखकर अपने-अपने इलाकों के स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर सकते हैं।

    भारी बारिश से जूझ रही दिल्ली में आज भी मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पहले से ही राष्ट्रीय राजधानी से गुजरने वाली यमुना नदी उफान पर है। यमुनानगर हथनी कुंड बैराज में पानी का लेवल अब 3 लाख 9 हजार क्यूसेक तक पहुंच गया है। यमुना नदी खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रही है। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश के चलते पानी का लेवल और भी बढ़ने की संभावना है। ऐसे में दिल्ली के निचले इलाकों में बाढ़ की संभावना भी है।

  • बड़ा हादसा; गहरी खाई में गिरी कार, जम्मू-कश्मीर सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, पत्‍नी और बेटे की मौत

    बड़ा हादसा; गहरी खाई में गिरी कार, जम्मू-कश्मीर सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, पत्‍नी और बेटे की मौत

     

    जम्मू : जम्मू-कश्मीर के मुगल रोड पर हुए दर्दनाद हादसे में जम्मू-कश्मीर सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी, उनकी पत्‍नी और बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे में वित्त, वन, पारिस्थितिकी और पर्यावरण विभाग के निदेशक रणबीर सिंह बाली, उनकी पत्‍नी और बेटे की मौत हो गई और बेटी घायल हो गई। उनकी कार घाटी से सुरनकोट जाते समय एक खाई में गिर गई।

    पुलिस ने कहा कि हादसे में पिता, पत्‍नी और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी को पुलिस सहित बचावकर्मियों ने नजदीक के उप जिला अस्पताल सुरनकोट में इलाजे के लिए भर्ती करवाया। जिस समय यह हादसा हुआ था, उस समय मुगल रोड पर जाम भी लगा था। बताया जा रहा है कि रणबीर सिंह बाली का परिवार मूल रूप से बारामूला का रहने वाला है और अब जम्मू के त्रिकुटानगर में रहता था।

  • जालंधर में स्थित सिद्ध शक्तिपीठ श्री देवी तालाब मंदिर प्रबंधक कमेटी ने मंदिरों पर छोटे वस्त्र पहनने पर लगाई पूर्ण पाबंदी

    जालंधर में स्थित सिद्ध शक्तिपीठ श्री देवी तालाब मंदिर प्रबंधक कमेटी ने मंदिरों पर छोटे वस्त्र पहनने पर लगाई पूर्ण पाबंदी

     

    MBD WEB NEWS : जालंधर (सुमेश शर्मा): पंजाब में कई मंदिरों पर छोटे वस्त्र पहनने पर पाबंद लग चुकी है। वहीं अब सिद्ध शक्तिपीठ श्री देवी तालाब मंदिर प्रबंधक कमेटी ने छोटे वस्त्र पहनकर मंदिर आने वाले भक्तों के लिए नए निर्देश जारी किए हैं। कमेटी द्वारा मंदिर ने बैनकर लगाकर जारी किए गए नए निर्देशों के मुताबिक मंदिर में छोटे वस्त्र, हॉफ पेंट, वरमुडा, मिनी स्कर्ट, कटेफटे जीन्स आदि पहनकर आने पर पाबंदी लगाई गई है।
  • पंजाब सरकार ने भारी बारिश व नदियों में आये उफान को देखते हुए जारी किए इमरजेंसी के लिए फोन नंबर

    पंजाब सरकार ने भारी बारिश व नदियों में आये उफान को देखते हुए जारी किए इमरजेंसी के लिए फोन नंबर

    MBD WEB NEWS जालंधर (सुमेश शर्मा) पंजाब सरकार ने सूबे में हो रही भारी बारिश को देखते हुए सभी जिलों में एमरजैंसी नंबर का ऐलान किया है किसी भी सैलाब से होने वाली परेशानी में आप अपने जिले के इमरजेंसी नंबर पर डायल करके सूचना दे व प्राप्त कर सकते हैं

    जिले में बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए सरकार तैयार

    कैबिनेट मंत्री और राज्य सभा मैंबर द्वारा मानसून सीजन के मद्देनजऱ बाढ़ से सुरक्षा सम्बन्धी कार्यों की समीक्षा


    मानसून के दौरान शहर को बाढ़ जैसी स्थिति से बचाने के लिए आपसी तालमेल अपनाने का आह्वान

    कैबिनेट मंत्री बलकार सिंह और राज्य सभा मैंबर संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने रविवार को गिद्दड़पिंडी में बाढ़ संभावित इलाकों का तूफ़ानी दौरा किया और मौजूदा मानसून सीजन के मद्देनजऱ बाढ़ निवारक प्रबंधों का जायज़ा लिया।

    कैबिनेट मंत्री और राज्य सभा मैंबर ने किसी भी असुखद स्थिति से निपटने के लिए तैयारियों का जायज़ा लिया और बाढ़ संवेदनशील गाँवों का दौरा किया, जहाँ उन्होंने गाँव वासियों को लगातार बारिश के मद्देनजऱ सतर्क रहने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि घबराने की कोई ज़रूरत नहीं है, क्योंकि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार लोगों को बाढ़ से बचाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा सभी ज़रुरी प्रबंध पहले ही किये जा चुके हैं। कैबिनेट मंत्री और राज्य सभा मैंबर ने लोगों से बातचीत की और उनको आश्वासन दिया कि बाढ़ से उनकी सुरक्षा को यकीनी बनाने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जायेगी।

    उन्होंने बताया कि जि़ला प्रशासन द्वारा जि़ला स्तर पर पहले ही बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जा चुका है और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सारी स्थिति पर नजऱ रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि सतलुज नदी के किनारों को मज़बूत करने के लिए सम्बन्धित विभागों द्वारा ज़रुरी सुरक्षा कार्य पहले ही किये जा चुके हैं।

    अधिकारियों ने मंत्री और संसद मैंबर को बताया कि प्रशासन द्वारा इस साल के लिए बाढ़ नियंत्रण कार्य योजना पहले ही तैयार की जा चुकी है। मानसून के दौरान नदी के पानी के स्तर पर अधिकारियों द्वारा पूरी नजऱ रखी जायेगी, जिससे किसी भी तरह की बाढ़ जैसी स्थिति से बचा जा सके।

    उन्होंने जिले में बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए जालंधर प्रशासन की तैयारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी असुखद स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पहले ही पूरी तरह तैयार है।

  • पहाड़ों पर जाने से पहले पर्यटक पढ़ ले ये ख़बर,इन सात जिलों के लिए जारी रेड अलर्ट, पांच जिलों में बाढ़ की चेतावनी

    पहाड़ों पर जाने से पहले पर्यटक पढ़ ले ये ख़बर,इन सात जिलों के लिए जारी रेड अलर्ट, पांच जिलों में बाढ़ की चेतावनी

     

     

    शिमला : हिमाचल प्रदेश में मानसून की सक्रियता से मूसलाधार वर्षा हो रही है। राजधानी शिमला समेत राज्य के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार को दिन भर वर्षा का दौर जारी रहा। लगातार हो रही बारिश से जगह-जगह भूस्खलन की घटनाओं से कई सडक़ें अवरुद्ध हो गई हैं। इससे पर्यटकों के आगमन में भारी गिरावट आने से पर्यटन सीजन प्रभावित हुआ है। इस वीक एंड पर पर्यटन स्थलों शिमला और मनाली में होटलों में ऑक्यूपेंसी 80 फीसदी से गिरकर 30 फीसदी रह गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घण्टों के दौरान मैदानी एवं मध्यपर्वतीय क्षेत्रों में व्यापक वर्षा की आशंका जताई है। राज्य के कुल 12 में से सात जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इनमें ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चम्बा, कांगड़ा, कूल्लु और मंडी जिले शामिल हैं। राज्य की राजधानी शिमला में भी भारी वर्षा होने की संभावना है।

    शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी वर्षा का ओरेंज अलर्ट और लाहौल-स्पीति जिला में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने पांच जिलों चम्बा, कांगड़ा, कूल्लु, लाहौल-स्पीति और सिरमौर जिलों में बाढ़ की भी चेतावनी दी है। मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान से राज्य के संवेदनशील इलाकों में मध्यम से भारी भूस्खलन और चट्टान गिरने के कारण और सडक़ मार्ग बंद होने की आशंका है। इसे देखते हुए शासन ने पर्यटकों व स्थानीय लोगों को संवेदनशील स्थलों और नदियों के करीब न जाने की सलाह दी है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि 12 जुलाई तक राज्य में मौसम खराब रहेगा। अगले दो दिन यानी नौ व 10 जुलाई को व्यापक वर्षा होने का अनुमान है। बीते 24 घण्टों के दौरान सिरमौर जिला के विभिन्न इलाकों में व्यापक वर्षा हुई। जिले के रेणुका व ददाहू में सर्वाधिक नौ-नौ सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा संगड़ाह में आठ, नाहन व पच्छाद में छह-छह, जतोन बैरेज व शिमला में पांच-पांच, धर्मशाला में चार, धरमपुर व कसौली में तीन-तीन, कंडाघाट, झंडुता, मशोबरा, नारकंडा, राजगढ़, भरमौर व शिलारू में दो-दो, शिमला, सोलन, अर्की, कोटखाई, रोहड़ू व खदराला में एक-एक सेंटीमीटर वर्षा हुई है।

    राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को राज्य भर में भूस्खलन से 133 सडक़ें, 69 ट्रांसफार्मर और 73 पेयजल स्कीमें अवरुद्ध हुईं। लोकनिर्माण विभाग के शिमला ज़ोन में सबसे ज्यादा 88, मंडी में 25, कांगड़ा व हमीरपुर में 10-10 सडक़ें अवरुद्ध हैं।

  • चंडीगढ़: 23 वर्षों में सबसे अधिक बारिश के कारण हुए जलभराव से लोग परेशान; सुखना लेक से छोड़ा गया पानी

    चंडीगढ़: 23 वर्षों में सबसे अधिक बारिश के कारण हुए जलभराव से लोग परेशान; सुखना लेक से छोड़ा गया पानी

     

     

    चंडीगढ़ : पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में रविवार को जुलाई में एक ही दिन में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। बारिश ने यहां 23 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 24 घंटे में 322 मिमी बारिश हुई है।

    शहर में इससे पहले यहां 18 जुलाई 2000 को 262 मिमी की सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई थी। अधिकारियों ने लगातार बारिश के बाद, जल स्तर 1,162.54 फीट तक पहुंचने पर मानव निर्मित सुखना झील के गेट खोल दिए है। सुखना धारा झील के अलावा पानी घग्गर नदी तक ले जाती है।

    पानी छोड़े जाने से बलटाना और जीरकपुर कस्बों के निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति हो गई। पुलिस ने जनता को जलभराव के कारण किशनगढ़ गांव से सुखना झील और मनीमाजरा के शास्त्री नगर की ओर जाने वाली सड़क से बचने की सलाह दी है।

    रिपोर्ट के अनुसार, चंडीगढ़ के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है और अंडरपास जलमग्न हो गए। बड़ी संख्या में निवासियों ने पेड़ों के उखड़ने, निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचने और बारिश का पानी उनके घरों में घुसने की सूचना दी।

    शहर के पत्रकार तरूण शर्मा ने बताया कि उनके सेक्टर 38 आवास के सामने एक पीपल का पेड़ भारी बारिश के कारण गिर गया। पेड़ के गिरने से बिजली के तार टूट गए और उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ है।

    स्थानीय लोगों ने दावा किया कि उन्होंने लोड कम करने के लिए पेड़ की शाखाओं को काटने के लिए नगर निगम को पत्र दिया था। हालांकि, पेड़ को मानदंडों के अनुसार नहीं काटा गया था। आईएमडी द्वारा पहले से ही भारी बारिश की चेतावनी जारी करने के साथ, पंजाब सरकार हाई अलर्ट पर है।

  • पुंछ में अचानक आई बाढ़ में पंजाब के जवान सहित दो बहे, अमरनाथ यात्रा के लिए हेलिकॉप्टर सेवा बहाल, पैदल यात्रा अभी स्थगित

    पुंछ में अचानक आई बाढ़ में पंजाब के जवान सहित दो बहे, अमरनाथ यात्रा के लिए हेलिकॉप्टर सेवा बहाल, पैदल यात्रा अभी स्थगित

     

     

    जम्मू: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में अचानक आई बाढ़ में रविवार को सेना के दो जवान बह गए। दोनों जवानों के शव बरामद कर लिये गये हैं। नायब सूबेदार कुलदीप सिंह पुंछ के कठिन इलाके में एरिया डोमिनेशन गश्त के दौरान एक नदी पार कर रहे थे। इस दौरान अचानक आई बाढ़ में वह बह गए। जवान चभल कलां, तरनतारन, पंजाब का रहने वाला था। उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। बाढ़ में बहे दूसरे जवान का शव पुंछ में बरामद कर लिया गया है। जवान के बारे में फिलहाल विस्तारपूर्ण जानकारी नहीं प्राप्त है। इस बीच, मौसम विभाग के एक अधिकारी ने अगले 24 घंटों में कठुआ, सांबा और रामबन, डोडा और उदमपुर जिलों में कुछ स्थानों पर व्यापक बारिश की भविष्यवाणी की है। वहीं, जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के लिए हेलिकॉप्टर सेवा रविवार को बहाल कर दी गई लेकिन खराब मौसम के कारण पहलगाम और बालटाल मार्गों से यात्रा अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गयी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

    उन्होंने कहा कि मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में बालटाल आधार शिविर में आज सुबह हेलिकॉप्टर सेवा फिर से शुरू कर दी गयी और तीर्थयात्रियों को अब तक पांच उड़ानों में दर्शन के लिए गुफा मंदिर ले जाया गया। उनमें से छह लोग अब तक अमरनाथ गुफा में दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस समय बादल छाए हुए हैं और रास्ते में जगह-जगह फिसलन है, जिससे पैदल यात्रा करना असंभव हो गया है। उन्होंने कहा, “जैसे ही मौसम में और सुधार होगा, यात्रा फिर से शुरू हो जाएगी। दक्षिण कश्मीर में पारंपरिक नुनवान पहलगाम आधार शिविर से रविवार को रास्ते में फिसलन के कारण किसी भी यात्री को आगे बढऩे की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि बारिश रुक गई है, लेकिन अमरनाथ मार्ग के विभिन्न जगहों पर फिसलन है। एक जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद से 86,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने हमशिव लिंग के दर्शन किये हैं।

  • चंडीगढ़ में पहली बार 24 घंटे में 322.2 MM बरसात, सुखना लेक से छोड़ा गया पानी,रिहायशी इलाकों में भरा पानी..

    चंडीगढ़ में पहली बार 24 घंटे में 322.2 MM बरसात, सुखना लेक से छोड़ा गया पानी,रिहायशी इलाकों में भरा पानी..

     

     

    चंडीगढ़: पंजाब-हरियाणा और चंडीगढ़ में शनिवार सुबह से शुरू हुई बारिश रविवार सुबह तक जारी रही। शनिवार की पूरी रात हुई बारिश की वजह से चंडीगढ़ मे सुबह 5:30 बजे सुखना लेक के फ्लडगेट खोले गए हैं। उधर, सेक्टर 26 बापूधाम, धनास के पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। इन सड़कों को बंद कर दिया गया है। लगातार हो रही बारिश की वजह से चंडीगढ़ के गांव कॉलोनियों का बुरा हाल है। मनीमाजरा, शास्त्री नगर, भगवानपुरा, धनास, मलोया समेत कई सेक्टरों में लोगों के घरों में पानी घुस गया है। गांव फैदा में हालात ज्यादा बुरे हैं।

    चंडीगढ़ के लोगों को पहली बार ऐसी मूसलाधार बारिश देखने को मिली। चंडीगढ़ के इतिहास में पहली बार 24 घंटे में 322.2 एमएम बारिश दर्ज की गई है। शनिवार सुबह 8:30 बजे से लेकर रविवार सुबह 8:30 बजे तक 322.2 एमएम बारिश हुई है। 24 घंटे में इतनी बारिश चंडीगढ़ में इससे पहले कभी नहीं हुई। उधर, मौसम विभाग ने एक बार फिर चंडीगढ़, रोपड़, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

    मानसून की पहली मूसलाधार बारिश में शनिवार को पूरा चंडीगढ़ जलमग्न हो गया था। रविवार को भी शहर की सड़कें तालाब बनी हैं। शहर के लगभग सभी चौराहों पर दो फुट तक पानी भरने से वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। साइलेंसर और इंजन में पानी भरने से कई गाड़ियां भी बंद हो गईं। सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। गनीमत यह है रविवार होने के कारण सड़कों पर ट्रैफिक कम है। बारिश जहां कई इलाकों में आफत लेकर आई वहीं, लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत भी मिली है।

    कई लोगों के मकानों और दुकानों में पानी भर गया है। शहर की सड़कें लबालब हो गईं। गांव और कॉलोनियों की हालत अधिक खराब हैं। गांव में गलियों की गई खुदाई के कारण लोगों को आने जाने में परेशानी हो रही है। गांव रायपुरखुर्द की हालत बहुत खराब है। लोगों को अपने घरों से से बाहर आना जाना मुश्किल हो गया। यही हालत गांव खुड्डाअलीशेर, मक्खन माजरा व अन्य गांव के हैं। वहीं, शहर के अधिकांश मार्केट में पानी घुस गया।

    शनिवार को सुबह आठ बजे के करीब पूरे चंडीगढ़ में झमाझम बारिश शुरू हुई। बरसात रविवार सुबह तक जारी है। 24 घंटे में हुई भारी बरसात से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। सेक्टर-9 स्थित मटका चौक, पंजाब यूनिवर्सिटी, सीटीयू वर्कशॉप और मनीमाजरा आदि इलाकों में भारी मात्रा में बारिश का पानी जमा हो गया। हल्लोमाजरा के मकान नंबर 1315, 1356 और 1361 में पानी भर आया।

    सेक्टर-19 स्थित पालिका बाजार में बारिश का पानी भर गया। दुकानदारों को काफी परेशानी हुई। कई दुकानदारों का सामान भी खराब हो गया। पालिका बाजार के प्रधान नरेश कुमार जैन ने बताया पिछले 25- 30 सालों से यह समस्या बनी हुई है। प्रशासन को बार-बार कहने के बाद भी पालिका बाजार के बरामदों के ऊपर छत डालने की मांग की गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की ओर से कई बार सर्वे किया गया। इसके नक्शे भी पास हो चुके हैं। पालिका बाजार के दुकानदार कई बार अधिकारियों और स्थानीय नेताओं से मिले हैं लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकल पाया।

    उधर, हिमाचल प्रदेश में हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से जलस्तर बढ़कर अधिकतम सीमा तक पहुंचने पर कौशल्या डैम के दो गेट खोलकर 600 क्यूसिक पानी छोड़ा गया। कौशल्या डैम की अधिकतम पानी स्टोरेज की क्षमता 478 मीटर है। अगर पानी का स्तर इस लेवल तक पहुंचता है तो कौशल्या डैम प्रबंधन एहतियातन अधिक पानी को छोड़ना शुरू कर देता है।

    कौशल्या डैम प्रबंधन के सिंचाई विभाग जेई कैलाश शर्मा ने कहा कि ट्राइसिटी और हिमाचल प्रदेश में हुई भारी बारिश के बाद कौशल्या डैम का जलस्तर बढ़कर शनिवार को अधिकतम सीमा तक पहुंच गया और शाम करीब 7 बजे कौशल्या डैम के दो गेट खोल कर पानी को छोड़ा गया। पानी छोड़ने से पूर्व प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके अलावा गेट खोलने से दो घंटे पहले कौशल्या डैम के समीप रहने वाले लोगों को सायरन बजाकर सचेत भी किया गया। डैम में पानी अधिक आने से कौशल्या डैम के दो गेट खोल कर 600 सौ क्यूसिक पानी छोड़ा गया। अधिकतम क्षमता सीमा को बनाए रखने के लिए जितना पानी अधिक आ रहा है। उसको रिलीज किया जा रहा है।

  • उत्तर भारत में लगातार हो रही बारिश से बड़ी मुश्किलें; अलर्ट जारी, मंत्रियों-अफसरों की छुट्टी रद्द

     उत्तर भारत में लगातार हो रही बारिश से बड़ी मुश्किलें; अलर्ट जारी, मंत्रियों-अफसरों की छुट्टी रद्द

     

     

    नई दिल्ली : देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। इस बारे में जानकारी देते मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। आईएमडी ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में व्याप्त है, जिसके कारण कल भारी बारिश हुई, जिसमें दिल्ली भी शामिल है, जहां सीजन की पहली भारी बारिश हुई। दिल्ली में रविवार सुबह साढ़े 8 बजे तक पिछले 24 घंटे में 153 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो 1982 के बाद से जुलाई में एक दिन में हुई सर्वाधिक बारिश है।

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि कल की बारिश को देखते हुए सभी अफसरों की छुट्टी कैंसल कर दी गई है। मॉनसून सीजन की कुल बारिश का 15% महज 12 घंटे में ही हो गया। आज दिल्ली के सभी मंत्री और मेयर संबंधित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। सभी विभागों के अफ़सरों को संडे की छुट्टी रद्द कर दी गई है और उन्हें ग्राउंड पर उतरने के निर्देश दिए गए हैं।

    राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव के कारण यातायात जाम हो गया। आज भी शहर और आसपास के इलाकों में भारी बारिश जारी रही। दिल्ली में एक 58 वर्षीय महिला की उस समय मौत हो गई जब एक फ्लैट की छत उसके ऊपर गिर गई। राजस्थान में 24 घंटे के दौरान बारिश से जुड़ी घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने राजसमंद, जालौर, पाली, अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, जयपुर और कोटा सहित राजस्थान के नौ से अधिक जिलों में बहुत भारी वर्षा की भविष्यवाणी की है।

    लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण अमरनाथ यात्रा शनिवार को लगातार दूसरे दिन निलंबित कर दी गई, जिससे हजारों तीर्थयात्री जम्मू और गुफा मंदिर के रास्ते में विभिन्न स्थानों पर फंसे हुए हैं। दक्षिण में, केरल और कर्नाटक के कई इलाकों में भी लगातार बारिश हुई। आईएमडी ने केरल के चार जिलों – कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड में “येलो” अलर्ट जारी किया है। शिमला, सिरमौर, लाहौल और स्पीति, चंबा और सोलन में भूस्खलन और बाढ़ के कारण कई सड़कें अवरुद्ध होने के बाद मौसम कार्यालय ने हिमाचल प्रदेश के सात जिलों के लिए “रेड” अलर्ट जारी किया है।

    मौसम कार्यालय ने कहा कि हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई, जिससे दोनों राज्यों में पारा सामान्य सीमा से नीचे चला गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में पूरे दिन बारिश होती रही। जम्मू-कश्मीर में भी पिछले 24 में बेहद तेज बारिश हुई। इस दौरान कठुआ केवीके 232.0 मिमी, कठुआ एआरजी = 296.0 𝙢𝙢, कठुआ शहर: = 221.8 मिमी बारिश हुई, बारिश का दौर राज्य में अभी तक जारी है।