MBD WEB NEWS

पंजाब में आरटीओ सेवाएं पूरी तरह फेसलेस, जनता को मिली बड़ी राहत

पंजाब में आरटीओ सेवाएं पूरी तरह फेसलेस, जनता को मिली बड़ी राहत

 

दफ्तर जाने का झंझट खत्म, घर बैठे हो रहे काम
चंडीगढ : पंजाब में परिवहन विभाग की सभी सेवाएं 100 प्रतिशत फेसलेस हो गई हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खुद परिवहन कार्यालय का ताला लगाकर इस नई व्यवस्था की शुरुआत की। मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी आए हैं। उन्होंने कहा कि अब लोगों को किसी भी काम के लिए आरटीओ दफ्तर जाने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि सभी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि अब वाहन रजिस्ट्रेशन, ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट और ट्रांसफर जैसी सभी सुविधाएं ऑनलाइन दी जाएंगी। उन्होंने दावा किया कि इससे दलाल प्रथा खत्म होगी, पारदर्शिता बढ़ेगी और जनता को राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फेसलेस सिस्टम शुरू होने के बाद किसी कर्मचारी की नौकरी नहीं जाएगी। सभी स्टाफ को नई व्यवस्था के तहत अन्य जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। सीएम मान ने कहा, अब पंजाब में आम लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। हम जनता को ईमानदार और सरल प्रशासन देने की दिशा में काम कर रहे हैं। अगर आप ऑनलाइन खुद अपने आवेदन फॉर्म नहीं भर सकते तो ही सेवा केंद्र में जाएं।

सेवा केंद्र में एक हेल्प डेस्क होगी जो कि आपको आवेदन फॉर्म भरने व आवश्यक दस्तावेजों के बारे में जानकारी में जानकारी देंगे। फॉर्म के साथ आवश्यक दस्तावेज लगाकर काउंटर पर देने होंगे। नागरिकों को पहले ड्राइविंग लाइसेंस या वाहन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट प्राप्त करने के लिए साइबर कैफे जाना पड़ता था या खुद ऑनलाइन आवेदन देना पड़ता था। आवेदन के बाद उन्हें दस्तावेज सत्यापन जैसे कामों के लिए कई बार आर.टी.ओ. दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे, जिस कारण दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों, बुजुर्गों और दिव्यांग व्यक्तियों को काफी मुश्किल होती थी। इससे न सिर्फ लोगों का समय और ऊर्जा लगती है, बल्कि वित्तीय बोझ भी बढ़ता है लेकिन अब लोगों को आर.टी.ओ. दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे क्योंकि ये सेवाएं पंजाब भर में स्थापित सेवा केंद्रों के माध्यम से प्रदान की जा रही हैं। इसके लिए इन केंद्रों के स्टाफ को सही ढंग से प्रशिक्षण दिया गया है। मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान कहते हैं कि पंजाब देश का पहला राज्य बन गया है, जिसने लोगों को सुचारू ढंग से सुविधाएं प्रदान करके आर.टी.ओ. दफ्तरों को बंद कर दिया है।

दरअसल इस योजना के पीछे मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का विजन यह है कि पंजाब के आमजन को अपने काम करवाने के लिए दफ्तरों के चक्कर ना लगाने पड़ें। इस प्रणाली के शुरू होने से आर.टी.ओ. दफ्तर अब अपनी मुख्य जिम्मेदारियों और विभागीय कार्यों के समग्र सुधार पर अधिक प्रभावी ढंग से ध्यान केंद्रित कर सकते हैं। सीएम मान कहते हैं कि राज्य सरकार सुचारू और पारदर्शी शासन प्रदान करके लोगों की सुविधा के लिए हर कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।