PM मोदी आज रात 8:30 बजे करेंगे देश की जनता को संबोधित, हो सकता है बड़ा ऐलान
नई दिल्ली : महिला आरक्षण बिल (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) को लेकर देश की सियासत में एक बड़ा भूचाल आ गया है। शुक्रवार को लोकसभा में विपक्ष द्वारा इस ऐतिहासिक बिल को गिराए जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8:30 बजे देश को संबोधित करने जा रहे हैं। पिछले 12 सालों में यह पहला मौका है जब मोदी सरकार के मजबूत कार्यकाल में विपक्ष ने एकजुट होकर किसी अहम बिल को पास होने से रोक दिया है। सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी अपने इस विशेष संबोधन में सीधे तौर पर देश की महिलाओं और इस बिल के गिरने को लेकर विपक्ष पर कड़ा प्रहार कर सकते हैं।
विपक्ष के रवैये से भारी गुस्से में पीएम, कैबिनेट में हुए भावुक
लोकसभा में महिलाओं के हक से जुड़े इस अहम बिल के गिर जाने से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विपक्ष के रवैये से बेहद नाराज और आहत हैं। एनडीटीवी को मिली जानकारी के अनुसार, आज हुई कैबिनेट की बैठक में पीएम मोदी इस मुद्दे पर काफी भावुक नजर आए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि महिला आरक्षण बिल का समर्थन न करके विपक्ष ने एक बहुत बड़ी राजनीतिक गलती की है, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ेगा। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट तौर पर कहा कि विपक्ष ने इस बिल को नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी और महिलाओं को हराया है। उन्होंने अपनी पार्टी के नेताओं और मंत्रियों को सख्त निर्देश दिया है कि विपक्ष के इस कदम को देश के हर गांव और जन-जन तक पहुंचाया जाए ताकि महिलाओं को जवाब मिल सके।
‘अंतरात्मा की आवाज सुनें’, पीएम मोदी ने की थी भावुक अपील
गौरतलब है कि इस बिल पर वोटिंग से ठीक पहले पीएम मोदी ने सदन में सभी सांसदों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एक भावुक अपील की थी। उन्होंने सांसदों से कहा था कि वे अपने घर की मां, बहन, बेटी और पत्नी का स्मरण करते हुए अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनें। प्रधानमंत्री ने इसे देश की नारीशक्ति की सेवा और उनके वंदन का एक ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा था कि महिलाओं को नए अवसरों से वंचित न किया जाए। उन्होंने अपील की थी कि अगर यह संशोधन सर्वसम्मति से पारित होता है तो देश का लोकतंत्र और मजबूत होगा। हालांकि, विपक्ष के विरोध के कारण यह बिल पास नहीं हो सका, जिसके बाद अब पूरे देश की निगाहें पीएम मोदी के आज रात के संबोधन पर टिक गई हैं।










