ट्रेन में परोसे जाने वाले खाने पर सख्ती, सफर करते समय ध्यान में जरूर रखें ये बातें
नई दिल्ली- ट्रेन यात्रियों को भोजन परोसने वाले कैटरिंग स्टाफ की यूनिफॉर्म को लेकर IRCTC ने बड़ा बदलाव किया है। अब स्टाफ की यूनिफॉर्म पर IRCTC के नाम के साथ-साथ उस निजी कंपनी का नाम लिखना भी अनिवार्य कर दिया गया है, जो खाना तैयार कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक यह कदम ट्रेनों में खाने की गुणवत्ता को लेकर बढ़ती शिकायतों, ओवरचार्जिंग और जवाबदेही तय करने के उद्देश्य से उठाया गया है। बताया जा रहा है कि बड़े रेलवे स्टेशनों पर IRCTC के नाम पर अनधिकृत वेंडिंग की शिकायतें भी लगातार बढ़ रही थीं, जिससे IRCTC की ब्रांड पहचान का गलत इस्तेमाल होने की आशंका थी।
यूनिफॉर्म पर क्या-क्या होगा अनिवार्य?
नई व्यवस्था के तहत यूनिफॉर्म पर IRCTC के साथ खाना बनाने वाली प्राइवेट कंपनी का नाम साफ लिखा होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए यूनिफॉर्म पर हेल्पलाइन नंबर छपवाना भी जरूरी होगा, ताकि शिकायत तुरंत दर्ज हो सके। सूत्रों के अनुसार, कैप पर IRCTC का लोगो नहीं होगा, जिससे अनधिकृत विक्रेताओं द्वारा IRCTC नाम/लोगो के दुरुपयोग पर रोक लगाई जा सके। इसके अलावा यूनिफॉर्म पर हेल्पलाइन नंबर छपवाना भी अनिवार्य किया गया है
क्या फायदा होगा?
अधिकारियों का मानना है कि इस बदलाव से अगर ट्रेन में खराब खाना परोसा जाता है या ओवरचार्जिंग की शिकायत आती है, तो सीधे संबंधित निजी कंपनी की पहचान और जवाबदेही तय करना आसान होगा। IRCTC से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, यह पहल पारदर्शिता बढ़ाने और कैटरिंग गुणवत्ता सुधारने की दिशा में अहम कदम है।









