MBD WEB NEWS

पंजाब में अब ईजी प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन सिस्टम… अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने जनता को किया समर्पित

पंजाब में अब ईजी प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन सिस्टम… अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने जनता को किया समर्पित

 

 

पंजाब सरकार ने देश में पहली ईजी संपत्ति रजिस्ट्रेशन प्रणाली की शुरुआत की है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि इस प्रणाली से आम लोगों की परेशानी खत्म होगी. वहीं आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि नई प्रणाली से भ्रष्टाचार खत्म होगा और पारदर्शिता आएगी. महज 48 घंटों में रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होगी.

 

 

पंजाब में अब ईजी प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन सिस्टम... अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने जनता को किया समर्पित

AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल और CM भगवंत सिंह मान

आम लोगों को नागरिक केंद्रित सेवाएं प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने आज ईज़ी रजिस्ट्री प्रणाली (जमीन-जायदाद की रजिस्ट्री आसान तरीके से करने) की शुरुआत की है. इसे पंजाब के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने समर्पित किया.

भगवंत सिंह मान और अरविंद केजरीवाल ने कहा- पंजाब के इतिहास में यह क्रांतिकारी कदम है. लोगों को अब कार्यालयों में परेशान नहीं होना पड़ेगा और न ही एजेंटों या बिचौलियों से निपटना पड़ेगा, क्योंकि अब शुरू से अंत तक हर जानकारी मोबाइल पर मिलेगी और यह प्रणाली तेज और पारदर्शी होगी.

 

अब स्थानीय सब-रजिस्ट्रार ऑफिस जाने की जरूरत नहीं

 

इस प्रोजेक्ट की शुरुआत के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि लोगों को जमीन-जायदाद की रजिस्ट्री के लिए अब स्थानीय सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में जाने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि वे जिले के किसी भी सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में जा सकते हैं. उन्होंने कहा कि दस्तावेज तैयार करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1076 के जरिए सेवा सहायकों को घर भी बुलाया जा सकता है. इससे ग्रामीण परिवारों, वरिष्ठ नागरिकों, कामकाजी पेशेवरों और बाहर न जा सकने वालों को बड़ी सुविधा मिलेगी

भगवंत सिंह मान और अरविंद केजरीवाल ने कहा कि नई प्रणाली के तहत लोगों को रजिस्ट्री के लिए दस्तावेज जमा करने, मंजूरी, भुगतान और कार्यालय आने का समय लेने जैसी सारी जानकारी व्हाट्सएप के जरिए मिलेगी, ताकि वे हर पल की जानकारी से अवगत रह सकें. पंजाब के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि अब अनिश्चितता का दौर खत्म हो गया है, जिससे सिस्टम में लोगों का भरोसा और बढ़ेगा.

 

48 घंटों में अग्रिम जांच पूरी करने का वादा

 

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन दस्तावेज जमा करने, डिजिटल तरीके से अग्रिम जांच करने और रजिस्ट्री के लिए सब-रजिस्ट्रार कार्यालय जाने के लिए स्वयं समय चुनने जैसी सुविधाएं होंगी, और किसी भी नागरिक को अब लंबी कतारों में खड़ा होने या कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. भगवंत सिंह मान और अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 48 घंटों में अग्रिम जांच पूरी होगी और रजिस्ट्री के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा, बल्कि रजिस्ट्री पहले से निर्धारित समय पर होगी, जिससे लोगों का समय बचेगा.

मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि इस व्यवस्था से एजेंट संस्कृति खत्म हो गई है, क्योंकि अब नकदी के बजाय ऑनलाइन शुल्क भुगतान होगा और रिश्वत मांगने की शिकायत के लिए व्हाट्सएप नंबर शुरू किया गया है. उन्होंने कहा कि सेल डीड का मसौदा स्वयं तैयार करने की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा, सेवा सहायकों के जरिए घर बैठे रजिस्ट्री के दस्तावेज तैयार करने की सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे लोगों को सेल डीड तैयार करने के लिए निजी लोगों या बिचौलियों को मोटी फीस नहीं देनी पड़ेगी.

भगवंत सिंह मान और अरविंद केजरीवाल ने कहा कि नागरिक “ड्राफ्ट माय डीड” टूल का उपयोग करके अपना दस्तावेज स्वयं तैयार कर सकते हैं या सेवा केंद्रों या सेवा सहायकों के जरिए निर्धारित और कम फीस पर सहायता ले सकते हैं.

 

इस कदम से भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी

 

भगवंत सिंह मान और अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस कदम से भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी और यदि कोई जानबूझकर देरी करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि रजिस्ट्री को लेकर यदि किसी को शिकायत है, तो वह व्हाट्सएप के जरिए शिकायत दर्ज करवा सकता है. उन्होंने कहा कि यदि किसी नागरिक से रिश्वत मांगी जाती है, तो वह व्हाट्सएप लिंक के जरिए तुरंत शिकायत दर्ज करवा सकता है और रिश्वत मांगने वाले अधिकारी के खिलाफ की गई कार्रवाई की ताजा जानकारी भी मिलेगी.

भगवंत सिंह मान और अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस अनूठी पहल ने सार्वजनिक सेवाओं के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं, क्योंकि अब लोगों को घर बैठे बिना किसी परेशानी के नागरिक केंद्रित सेवाएं मिल रही हैं.

मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि तहसीलों में भ्रष्टाचार की जड़ें बहुत गहरी और जटिल हैं, लेकिन यह प्रणाली इस समस्या के खात्मे की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है. उन्होंने कहा कि देश के किसी अन्य राज्य में इतनी मजबूत रजिस्ट्रेशन प्रणाली नहीं है और यह प्रणाली जन सुविधा के लिए एक नए युग की शुरुआत करेगी. भगवंत सिंह मान और अरविंद केजरीवाल ने उम्मीद जताई कि यह व्यवस्था देश के अन्य हिस्सों में भी लागू होगी, क्योंकि पंजाब अन्य राज्यों के लिए एक प्रकाश स्तंभ बनकर उभरा है.

 

सौजन्य : TV 9 भारतवर्ष