MBD WEB NEWS

Punjab में भाजपा नेता पर Bike सवार हमलावरों ने चलाई गोलियां

Punjab में भाजपा नेता पर Bike सवार हमलावरों ने चलाई गोलियां

 

डेरा बाबा नानक: डेरा बाबा नानक क्षेत्र में एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है। भाजपा के जिला ट्रेड सेल के कन्वीनर एवं डेरा बाबा नानक विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार सोनी मोहलोवाली पर देर रात अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में चलाई गई गोलियों से विजय सोनी बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 9:40 बजे विजय सोनी अपने पेट्रोल पंप, कोटली सूरत मल्ली से कार में सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी कार को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

PunjabKesari

यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही थाना कोटली सूरत मल्ली के एसएचओ गुरदर्शन सिंह कंग पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है तथा हमलावरों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।

विजय सोनी ने बताया कि हमलावरों ने अचानक उन पर गोलियां चला दीं, लेकिन वह किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।