Category: WORLD

  • UAE में रिहायशी बिल्डिंग में लगी भीषण आग, चार भारतीयों समेत 16 लोगों की हुई मौत

    UAE में रिहायशी बिल्डिंग में लगी भीषण आग, चार भारतीयों समेत 16 लोगों की हुई मौत

    दुबई : संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में दुबई की एक अपार्टमेंट इमारत में आग लग जाने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जिनमें केरल के एक दंपति समेत चार भारतीय शामिल हैं। ‘गल्फ न्यूज’ ने बताया कि ‘दुबई सिविल डिफेंस ऑपरेशंस रूम’ को शनिवार अपराह्न 12 बजकर 35 मिनट पर दुबई के अल रास की एक इमारत में आग लगने की सूचना मिली।

    समाचार पत्र ने बताया कि यह आग इमारत की चौथी मंजिल में लगी और फिर अन्य इलाकों में फैलनी शुरू हो गई। ‘दुबई सिविल डिफेंस’ मुख्यालय के एक दल ने घटनास्थल पहुंचकर इमारत में रह रहे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। ‘पोर्ट सईद फायर स्टेशन’ और ‘हमरियाह फायर स्टेशन’ से भी दलों को बुलाया गया। समाचार पत्र ने बताया कि आग पर अपराह्न दो बजकर 42 मिनट पर काबू पाया जा सका।

    अखबार ने दुबई पुलिस मुर्दाघर में मौजूद एक भारतीय सामाजिक कार्यकर्ता नसीर वाटनपल्ली के हवाले से बताया कि मृतकों में केरल के एक दंपति सहित चार भारतीय शामिल हैं। उन्होंने कहा, अब तक, हमने इमारत में काम करने वाले तमिलनाडु के दो पुरुषों और केरल के एक दंपत्ति समेत चार भारतीयों, तीन पाकिस्तानी भाइयों और एक नाइजीरियाई महिला की पहचान की है।

    रिपोर्ट के अनुसार, वाटनपल्ली ने कहा कि वह दुबई पुलिस, दुबई में भारतीय वाणिज्य दूतावास, अन्य राजनयिक मिशन और मृतकों के मित्रों एवं रिश्तेदारों के साथ समन्वय कर रहे हैं। ‘दुबई सिविल डिफेंस’ के प्रवक्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि इमारत में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। प्रवक्ता ने कहा कि अधिकारी आग लगने के कारणों की व्यापक जांच कर रहे हैं, ताकि एक विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराई जा सके।

  • वाटर पार्क में मौज मस्ती करते लोगों पर बंदूकधारियों ने बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां, नाबालिग सहित 7 लोगों की हुई मौत

    वाटर पार्क में मौज मस्ती करते लोगों पर बंदूकधारियों ने बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां, नाबालिग सहित 7 लोगों की हुई मौत

    मैक्सिको : सेंट्रल मैक्सिको से एक बड़ी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात यहां के वाटर पार्क में बंदूकधारियों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। गोलीबारी की इस घटना में 7 साल के बच्चे सहित 7 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा एक व्यक्ति के घायल होने की भी खबर है, हालांकि उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

    फायरिंग की इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहां के लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद पुलिस तुरंत मौके पर वहां पहुंची। फिलहाल हमलावर पुलिस की गिरफ्त से फरार है। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की इस घटना में मरने वालों में एक सात साल की नाबालिग के तीन पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं।

  • उड़ान के दौरान सऊदी एयरलाइंस के विमान की विंडशील्ड हवा में टूटी, कोलकाता एयरपोर्ट पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग

    उड़ान के दौरान सऊदी एयरलाइंस के विमान की विंडशील्ड हवा में टूटी, कोलकाता एयरपोर्ट पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग

    नई दिल्ली : कोलकाता हवाईअड्डे पर शनिवार को सऊदी एयरलाइंस के कार्गो विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। जानकारी के मुताबिक पायलट ने सूचना दी थी कि हवा के कारण प्लेन की विंडशील्ड टूट गई है, जिसके बाद कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

    एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों ने बताया कि विमान को दोपहर 12 बजकर 2 मिनट पर कोलकाता एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड करा लिया गया था। हालांकि जानकारी के अनुसार अभी तक किसी भी प्रकार के कोई नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। प्लेन पूरी तरह से सुरक्षित तरीके से लैंड हुआ था।

  • जानिए किस जगह चट्टान से टकराने के बाद नदी में जा गिरी यात्रियों से भरी बस, 10 की मौत

    जानिए किस जगह चट्टान से टकराने के बाद नदी में जा गिरी यात्रियों से भरी बस, 10 की मौत

     

    लीमा: दक्षिण अमेरिकी देश पेरू के लीमा विभाग में एक यात्री बस के सड़क से फिसल कर नदी में गिर जाने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गये। समाचार एजेंसी एंडीना ने पेरू राष्ट्रीय पुलिस के राजमार्ग संरक्षण प्रभाग के प्रमुख कर्नल विक्टर मेजा के हवाले से बताया कि हादसा केन्द्रीय राजमार्ग के किलोमीटर 109 पर तड़के करीब 2:30 बजे हुआ।

    उन्होंने बताया कि बस हुआनुको के केंद्रीय विभाग से रात आठ बजे रवाना हुई थी। इस दौरान लीमा के रास्ते में बस चट्टान से टकराते हुए रिमैक नदी में गिर गई। पेरू के रेडियो के अनुसार बस में छह बच्चे सहित करीब 60 यात्री सवार थे। दुर्घटना में तीन बच्चों हित 25 लोग घायल हुए है सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। इनमें से कम से कम पांच लोगों की हातल गंभीर बतायी गयी हैं। दुर्घटना में बस चालक भी घायल हुआ है। उसे पूछताछ के लिए चीकला जिले के पुलिस थाने ले जाया गया है।

  • कंगाल होते पाकिस्तान को वर्ल्ड बैंक ने दे दिया एक और जोरदार झटका, ग्रोथ रेट को 0.4 फीसदी किया

    कंगाल होते पाकिस्तान को वर्ल्ड बैंक ने दे दिया एक और जोरदार झटका, ग्रोथ रेट को 0.4 फीसदी किया

    इस्लामाबाद : पाकिस्तान इन दिनों अपने सबसे बुरे दिनों का सामना कर रहा है। पाकिस्तान में हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। मुल्क में महंगाई का आलम यह है कि ये पिछले 48 सालों में सबसे ज्यादा हो गई है। कम हो रहे विदेशी मुद्रा भंडार के चलते पाकिस्तान जरूरत की तमाम चीजें आयात करने में सक्षम नहीं है। इस वजह से लोगों को आटा-चावल जैसी रोजमर्रा की वस्तुएं नहीं मिल पा रही हैं। अगर मिल भी रही हैं, तो उन्हें सामान्य से कई गुना अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। इस बीच वर्ल्ड बैंक ने पाकिस्तान को झटका दिया है।

    वर्ल्ड बैंक ने पाकिस्तान की ग्रोथ रेट में कटौती की है। विश्व बैंक ने पाकिस्तान की ग्रोथ रेट को 2 फीसदी से घटाकर 0।4 फीसदी कर दिया है। द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, विश्व बैंक ने कहा है कि विभिन्न आर्थिक झटकों के कारण इस वित्त वर्ष में करीब 40 लाख पाकिस्तानी गरीबी की चपेट में आ गए हैं।

    विश्व बैंक ने पाकिस्तान से ‘पब्लिक कर्ज संकट’ से बचने के लिए तुरंत नए विदेशी कर्ज की व्यवस्था करने की सलाह दी है। पाकिस्तान के वित्त मंत्री इशाक डार इंटरनेशनल मॉनिटरी फंड (IMF) और वर्ल्ड बैंक की बैठक में हिस्सा लेने वॉशिंगटन जाने वाले थे। लेकिन वो अपनी यात्रा रद्द कर चुके हैं।

    इस आर्थिक संकट से निकलने के लिए पाकिस्तान को IMF के बेलआउट पैकेज की सख्त जरूरत है, लेकिन पाकिस्तान को ये पैकेज अभी तक नहीं मिल पाया है। पाकिस्तान की सरकार लगातार 1।1 अरब डॉलर के बेलआउट पैकेज को पाने की कोशिश में जुटी है। इसके लिए उसने IMF की तमाम शर्तें भी मांगी है। लेकिन उसे अभी तक फंड नहीं मिल सका है। पाकिस्तान के वित्त मंत्री इशाक डार को 10 अप्रैल को होने वाली IMF की बैठक में भाग लेना था।

    रिपोर्ट के अनुसार, घरेलू राजनीतिक उथल-पुथल की वजह से उन्होंने वॉशिंगटन की अपनी यात्रा कैंसिल की है। 1।1 अरब डॉलर के बेलआउट पैकेज के लिए ये बैठक जरूरी थी। बता दें कि पाकिस्तान साल 2019 में मंजूर हुई 6।6 अरब डॉलर की रकम में से 1।1 अरब डॉलर का फंड हासिल करने की कोशिश में जुटा है।

    आईएमएफ (IMF) से मिलने वाले बेलआउट पैकेज में हो रही देरी के कारण अमेरिकी डॉलर के मुकाबले पाकिस्तानी रुपये की कीमत 284 पर पहुंच चुकी है। पाकिस्तान में गहराते आर्थिक संकट के बीच महंगाई ने भी अपना पांच दशक का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। साल दर साल के आधार पर मार्च में महंगाई दर 35।37 फीसदी पर पहुंच गई है। संकट के बीच पाकिस्तान से बड़ी-बड़ी कंपनियां अपना कारोबार समेटती जा रही है। बीते दिनों होंडा समेत कई प्लांटों पर ताला लग गया था।

    पाकिस्तान के ऊपर कुल कर्ज और देनदारी 60 ट्रिलियन पाकिस्तानी रुपये से अधिक की है। यह देश की जीडीपी का 89 फीसदी है। वहीं इस कर्ज में करीब 35 फीसदी हिस्सा केवल चीन का है, इसमें चीन के सरकारी वाणिज्यिक बैंकों का कर्ज भी शामिल है। पाकिस्तान पर चीन का 30 अरब डॉलर का कर्ज बकाया है, जो फरवरी 2022 में 25.1 अरब डॉलर था।

  • तीर्थयात्रियों को मक्का ले जा रही बस में पुल से टकराने के बाद लगी आग, जिंदा जल गए 20 लोग

     तीर्थयात्रियों को मक्का ले जा रही बस में पुल से टकराने के बाद लगी आग, जिंदा जल गए 20 लोग

     

    मदीना : तीर्थयात्रियों को मक्का ले जा रही बस एक पुल से टकराकर हादसे का शिकार हो गई। बस में भीषण आग लग गई जिसमें 20 लोगों की मौत हो गई और दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। एक चैनल के मुताबिक बस कार से टकराई जबकि दूसरे के मुताबिक बस को आग लग गई। बस हादसे में जान गंवाने वाले अलग-अलग देशों से आए थे। फिलहाल, मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। इस संबंध में जांच पड़ताल जारी है।

    यह साल का ऐसा वक्त है जब मक्का और मदीना की सडक़ें काफी व्यस्त हो जाती हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को ले जाने वाली गाडिय़ां पूरा दिन इन मार्गों पर चला करती हैं। ऐसे में किसी बड़े हादसे का खतरा हमेशा बना रहता है। कई बार ऐसे हादसों के लिए गाडिय़ों के रखरखाव में होने वाली लापरवाही और ड्राइवरों के प्रशिक्षण में कमी भी जिम्मेदार होती है।

  • कार्गो ट्रक से जा टकराई मिनी बस, 3 बच्चों समेत 17 की मौत

     कार्गो ट्रक से जा टकराई मिनी बस, 3 बच्चों समेत 17 की मौत

    मापुटो : मध्य मोजाम्बिक में एक घातक सड़क दुर्घटना में तीन बच्चों सहित कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई। सरकारी रेडियो चैनल रेडियो मोजाम्बिक ने यह जानकारी दी। रिपोर्ट के अनुसार, सोफाला के राज्य सचिव, स्टेला दा ग्राका के हवाले से रविवार को कहा गया कि, सोफाला के मध्य प्रांत, नहामाटांडा जिले में एक यात्री मिनीबस और एक ट्रक के बीच हुए हादसे में अन्य तीन लोगों को गंभीर चोटें आईं।

    समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारी ने कहा कि घायलों को नहामाटांडा ग्रामीण अस्पताल में इलाज के बाद प्रांतीय राजधानी बेइरा के बीरा केंद्रीय अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। ग्राका ने कहा, शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसी सूचना है कि (मिनीबस का) एक टायर फट गया और वाहन सीमेंट ले जा रहे कार्गो ट्रक से टकरा गया। टक्कर जोरदार थी।

    मोजाम्बिक के राष्ट्रपति फिलिप न्यासी ने 17 लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और कहा कि विनाशकारी सामाजिक और आर्थिक परिणामों के साथ सड़क दुर्घटनाएं एक सार्वजनिक त्रासदी बनी हुई हैं। सत्तारूढ़ केंद्रीय समिति के एक सत्र के दौरान शनिवार शाम को न्यासी ने कहा, मापुटो के दक्षिणी प्रांत मटोला शहर में दुर्घटना का कारण अत्यधिक गति और टायर फटना था।

  • कनाडा में महात्मा गांधी की प्रतिमा को खालिस्तानी समर्थकों ने पहुंचाया नुकसान, भारतीयों में भारी रोष

     कनाडा में महात्मा गांधी की प्रतिमा को खालिस्तानी समर्थकों ने पहुंचाया नुकसान, भारतीयों में भारी रोष

    टोरंटो : कनाडा में खालिस्तानी समर्थकों ने हाल ही में कायरता के प्रदर्शन में महात्मा गांधी की एक प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया। डेली हंट की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना गुरुवार तड़के ओंटारियो के हैमिल्टन शहर में सिटी हॉल के पास की बताई जा रही है, जहां भारत सरकार के द्वारा उपहार में दी गई प्रतिमा स्थित है। एक वीडियो सामने आने के बाद भारतीय समुदाय ने घटना के विरोध में वहां प्रदर्शन शुरू कर दिया है। वहां भारतीयों में भारी रोष देखने को मिल रहा है।

    एक वीडियो के अनुसार, छह फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा से एक खालिस्तानी झंडा भी जुड़ा हुआ पाया गया, जिस पर महात्मा गांधी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देने वाले पेंट और चित्रों से सराबोर कर दिया गया था। हैमिल्टन पुलिस ने कहा कि वे मामले की जांच कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, खालिस्तानी समर्थकों द्वारा भारतीय प्रतिष्ठानों और मंदिरों पर हमले उत्तर अमेरिकी राष्ट्र में बढ़ रहे हैं।

    मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, साल 2023 से पूरे कनाडा में हिंदू मंदिरों पर हमलों की एक श्रृंखला शुरू हो गई है, जिसमें बर्बरता, द्वेषपूर्ण भित्तिचित्र (हाथ से बनी पेंटिंग), सेंधमारी की करीब आधा दर्जन घटनाएं हुई हैं।

    इस साल जनवरी में, ब्रैम्पटन में गौरी शंकर मंदिर को निशााना बनाया गया था। मंदिर की दीवारों पर ‘खालिस्तान जिंदाबाद, हिंदुस्तान मुदार्बाद’ के नारे हाथ से लिखे गए थे। इसके बाद फरवरी में मिसिसॉगा में राम मंदिर को निशाना बनाया गया था। इसके अलावा बीते साल भी मंदिरों को निशाना बनाया गया था।

    भारतीय मूल के सांसद चंद्र आर्य ने हाल ही में ओटावा सरकार से मामले को ‘गंभीरता’ से लेने का आह्वान किया था। आर्य ने कहा था कि ब्रैम्पटन में गौरी शंकर मंदिर पर हमला कनाडा में हिंदू विरोधी और भारत विरोधी समूहों द्वारा हिंदू मंदिरों पर किए गए हमलों में नवीनतम है। सोशल मीडिया पर नफरत से अब हिंदू मंदिरों पर हमले, आगे क्या? आगे कहा कि मैं इसे गंभीरता से लेना शुरू करने के लिए कनाडा में सरकार के स्तर पर आह्वान करता हूं।

  • पंजाबी एक्टर पर अमेरिका में हुआ जानलेवा हमला, जिम से एक्सरसाइज कर लौट रहे अमन धालीवाल पर कुल्हाड़ी से किए वार

    पंजाबी एक्टर पर अमेरिका में हुआ जानलेवा हमला, जिम से एक्सरसाइज कर लौट रहे अमन धालीवाल पर कुल्हाड़ी से किए वार

    वॉशिंगटन : विदेश में पंजाबियों के साथ भेदभाव की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। अमेरिका में फेमस पंजाबी एक्टर अमन धालीवाल पर कुल्हाड़ी से हमला हुआ है।

    मिली जानकारी के अनुसार अमन धालीवाल पर यह हमला एक जिम में हुआ। वह जिम में एक्सरसाइज कर रहे थे। तभी एक हुड्‌डी पहने हुआ व्यक्ति जिम में दाखिल हुआ और तेजधार कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वह गालियां दे रहा था और उसके पास आने से सभी को रोक रहा था। इसी बीच जब हमलावर का ध्यान भटका, अमन ने उसे लपक लिया और जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद जिम में खड़े अन्य व्यक्तियों ने भी हमलावर पर काबू पा लिया।

    आरोपी को पुलिस के हवाले किया गया है। फिलहाल उन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया गया है और हालत ठीक है।

  • बैंकिंग संकट में फंसा अमेरिका ! अमेरिका के सबसे बड़े बैंकों में से एक सिलिकॉन वैली पर लगा ताला

     बैंकिंग संकट में फंसा अमेरिका ! अमेरिका के सबसे बड़े बैंकों में से एक सिलिकॉन वैली पर लगा ताला

     

    वाशिंगटन : अमेरिका में फिर बैंकिंग संकट आ गया है। कैलिफोर्निया के एक नियामक ने वित्तीय संकट में घिरे देश के सबसे बड़े बैंकों में से एक सिलिकॉन वैली बैंक को बंद कर दिया है। साथ ही उसने फेडरल डिपॉजिट इंश्योरेंस कॉरपोरेशन (FDIC) को बैंक का रिसीवर नियुक्त किया है। बैंकों में जमा ग्राहकों की राशि की सुरक्षा की जिम्मेदारी FDIC को सौंपी गई है। इससे पहले प्री-मार्केट ट्रेडिंग में बैंक के शेयरों में 66 फीसदी की गिरावट के बाद इसे कारोबार से रोक दिया गया।

    करीब ढाई साल में ये दूसरी बार है, जब FDIC इंश्योर्ड बैंक बंद हुआ है। इससे पहले अक्टूबर 2020 में अलमेना स्टेट बैंक पर भी ताला लग गया था। रिपोर्ट के अनुसार, सिलिकॉन वैली बैंक का मुख्य कार्यालय और सभी शाखाएं 13 मार्च को फिर से खुलेंगी और सभी बीमित जमाकर्ताओं के पास सोमवार सुबह तक अपनी जमा राशि का एक्सेस होगा। 31 दिसंबर 2022 तक सिलिकॉन वैली बैंक की कुल संपत्ति करीब 209 अरब डॉलर थी और कुल डिपॉजिट करीब 175।4 अरब डॉलर था।

    रॉयटर्स के अनुसार, पिछले दो दिनों में अमेरिकी बैंकों के शेयर के मार्केट वैल्यू में 100 अरब डॉलर से अधिक का नुकसान हुआ है। यूरोपीय बैंकों की वैल्यू में लगभग 50 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है।

    सिलिकॉन वैली बैंक अमेरिका का 16वां सबसे बड़ा बैंक है। ये नए जमाने की टेक कंपनियों और वेंचर कैपिटल के निवेश वाली कंपनियों तो फाइनेंसियल सपोर्ट देने वाला अमेरिका का प्रमुख बैंक है। हालांकि, पिछले 18 महीनों में अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में इजाफा किया है। इस वजह से ऐसी कंपनियों को तगड़ा नुकसान हुआ है।

    इसके अलावा अधिक जोखिम की वजह से निवेशकों की दिलचस्पी टेक कंपनियों में कम हुई है। हाई इंटरेस्ट रेट की वजह से कई स्टार्टअप्स के आईपीओ के लिए मार्केट क्लोज हो गया। इस वजह से फंड का संकट बढ़ गया। तब सिलिकॉन वैली बैंक के कुछ ग्राहकों ने अपनी लिक्विडिटी की जरूरतों को पूरा करने के लिए पैसे निकालने शुरू कर दिए।

    ऑनलाइन बैंकिंग और अन्य सेवाओं सहित सोमवार 13 मार्च से बैंकिंग गतिविधियां फिर से शुरू हो जाएंगी। सिलिकॉन वैली बैंक के आधिकारिक चेक क्लियर होते रहेंगे। फेडरल डिपॉजिट इंश्योरेंस एक्ट के तहत, FDIC यह सुनिश्चित करने के लिए एक DINB बना सकता है कि ग्राहकों की उनके बीमित फंड तक पहुंच बनी रहे। रिसीवर के रूप में FDIC बाद में निपटान के लिए सिलिकॉन वैली बैंक की सभी संपत्तियों को बनाए रखेगा। लोन लेने वाले ग्राहकों को अपना भुगतान हमेशा की तरह जारी रखना होगा।

    बता दें कि अमेरिका में बैंकिंग सेक्टर का सबसे बड़ा संकट साल 2008 में आया था। इस साल बैंकिंग फर्म लेहमन ब्रदर्स ने खुद को दिवालिया घोषित कर दिया था। इसके बाद अमेरिका समेत पूरी दुनिया में आर्थिक मंदी छा गई थी और इकोनॉमी की कमर टूट गई थी।