जालंधर की गीता कॉलोनी में नशे में टल्ली ड्राइवर का देर रात हंगामा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
जालंधरः महानगर के अन्तर्गत आते बस्ती शेख के इलाके स्थित गीता कॉलोनी में बुधवार देर रात उस समय हंगामा हो गया, जब नशे में धुत ड्राइवर गीता कॉलोनी में ट्रक लेकर घुस गया। वहीं, मोहल्ले निवासियों ने ट्रक ड्राइवर की जमकर धुलाई कर डाली। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उक्त ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मोहल्ला निवासियों ने बताया कि ड्राइवर ने इतना नशा किया हुआ था कि उसे आगे घर की दीवार भी नजर नहीं आई। वाहनों की तोड़फोड़ और घर की दीवार से ट्रक की टक्कर के बाद मोहल्ला वासी जाग गए और देर रात तक जमकर हंगामा हुआ। लोगों ने ड्राइवर को गाड़ी से नीचे उतारा तो उससे खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा था। चालक को होश में लाने के लिए उसके मुंह पर पानी फेंका गया, लेकिन वह फिर भी होश में नहीं आया और लड़खड़ाता रहा।
घटना संबंधी जानकारी देते हुए मोहल्ले में दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने पुलिस को बताया कि जब तंग गली में ट्रक आया तो वह सामने से आ रहे थे। ट्रक चालक ने पहले कारों को टक्कर मारी फिर ट्रक को बैक करने लगा। इसके बाद तेजी से आगे ट्रक को बढ़ाया। ट्रक उनकी तरफ तेजी से बढ़ा तो उन्होंने मोटरसाइकिल को वहीं पर फेंक कर अपनी जान बचाई। इसके बाद ट्रक को चालक ने घर की दीवार के साथ दे मारा। वहीं, हंगामे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति को हिरासत में लिया।








Leave a Reply