MBD WEB NEWS

भारत आ रहे है राष्ट्रपति पुतिन , विदेश मंत्रालय ने बताई तारीख; PM मोदी के साथ होगी ग्रैंड मीटिंग

भारत आ रहे है राष्ट्रपति पुतिन , विदेश मंत्रालय ने बताई तारीख; PM मोदी के साथ होगी ग्रैंड मीटिंग

 

नई दिल्ली/मॉस्को : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 4 और 5 दिसंबर को भारत की राजकीय यात्रा पर आएंगे। क्रेमलिन ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर राष्ट्रपति पुतिन भारत आ रहे हैं। इस दो दिवसीय दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण व्यापारिक समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। इसके अलावा, दोनों दिग्गज नेता भारत और रूस के पुराने संबंधों को और मजबूत करने, क्षेत्रीय सुरक्षा और ज्वलंत अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा करेंगे। क्रेमलिन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक रस्मी मुलाकात नहीं, बल्कि ठोस नतीजों वाली यात्रा होगी।

पुतिन का यह दौरा कूटनीतिक और भू-राजनीतिक लिहाज से बेहद संवेदनशील समय पर हो रहा है। फरवरी 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से भारत द्वारा रूस से रियायती दरों पर तेल खरीदने को लेकर पश्चिमी देशों, विशेषकर अमेरिका के साथ भारत के संबंधों में पहले से ही तनाव बना हुआ है। हालात तब और तनावपूर्ण हो गए जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अगस्त में भारत से आयात होने वाले अधिकांश सामानों पर 50 प्रतिशत का भारी-भरकम टैरिफ (शुल्क) लगा दिया था। ट्रंप ने उस समय भारत पर आरोप लगाया था कि वह तेल खरीदकर परोक्ष रूप से रूस के युद्ध प्रयासों की फंडिंग कर रहा है। ऐसे माहौल में पुतिन का भारत आना अमेरिका और पश्चिमी देशों को एक कड़ा संदेश देने जैसा माना जा रहा है।

रूसी राष्ट्रपति कार्यालय (क्रेमलिन) ने इस यात्रा को ऐतिहासिक बनाने की पूरी तैयारी कर ली है। क्रेमलिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन की आगामी भारत यात्रा ‘बेहद भव्य और सार्थक’ होगी। उन्होंने बताया कि दोनों पक्ष इस राजकीय यात्रा की सक्रियता से तैयारी कर रहे हैं। उशाकोव ने कहा कि यह यात्रा उस पुरानी परंपरा और समझौते को अमल में लाने का मौका है, जिसके तहत दोनों देशों के शीर्ष नेता द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर गहन चर्चा के लिए प्रतिवर्ष मिलते हैं। गौरतलब है कि पिछले सोमवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर के रूस दौरे के दौरान ही रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने संकेत दे दिया था कि पुतिन तीन सप्ताह के भीतर नई दिल्ली आएंगे।