MBD WEB NEWS

अंतिम संस्कार के लिए जा रहे परिवार की कार पर पलटा डंपर, कार में 7 लोगों की दबकर हुई मौत; क्रेन की मदद से निकाले गए शव

अंतिम संस्कार के लिए जा रहे परिवार की कार पर पलटा डंपर, कार में 7 लोगों की दबकर हुई मौत; क्रेन की मदद से निकाले गए शव

सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर एक कार के ऊपर पलट गया, जिससे कार में सवार एक ही परिवार के 7 सदस्यों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों में एक मासूम बच्चा भी शामिल है। यह हादसा इतना भीषण था कि कार डंपर के नीचे पूरी तरह पिचक गई और शवों को निकालने के लिए पुलिस को क्रेन और जेसीबी की मदद लेनी पड़ी।

यह घटना और भी दुखद इसलिए है क्योंकि पीड़ित परिवार मातम में शामिल होने के लिए ही घर से निकला था। सैयद माजरा का रहने वाला यह परिवार गंगोह में अपने एक रिश्तेदार की मौत की खबर सुनकर उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था। कुदरत का कहर ऐसा टूटा कि वे अपनी मंजिल तक नहीं पहुंच सके और रास्ते में ही उनका पूरा परिवार खत्म हो गया। मृतकों की पहचान 24 वर्षीय संदीप, उसकी बहन जौली देवी (27), बहनोई शेखर कुमार (28), मां रानी देवी, मौसी का लड़का विपिन (20), राजू सैनी (27) और एक बच्चे के रूप में हुई है।

हादसे की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए, जिससे वहां कोहराम मच गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया और उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीओ सदर और गागलहेड़ी थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ को शांत कराया और यातायात प्रभारी ने टीम के साथ मिलकर जाम खुलवाया।

मौके का मंजर रूह कंपा देने वाला था। पुलिस ने जेसीबी और क्रेन मंगवाकर कार के ऊपर पलटे भारी-भरकम डंपर को हटवाया और कार को काटकर शवों को बाहर निकाला। सैयद माजरा गांव में जब एक साथ परिवार के 7 सदस्यों की मौत की खबर पहुंची, तो पूरे गांव में मातम पसर गया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।