कांग्रेस का दामन छोड़ते ही तीखे हुए तेवर, नवजोत कौर ने राहुल गांधी को कहा ‘पप्पू’, सिद्धू की BJP में वापसी की अटकलें
राहुल पर निजी हमला, तल्खी चरम पर
पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाए जाने के बाद डॉ. नवजोत कौर सिद्धू के तेवर और भी तल्ख हो गए हैं। निष्कासन के बाद उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा पलटवार किया और मर्यादा की सारी हदें लांघ दीं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निजी हमला बोलते हुए उन्होंने उनके लिए बेहद अपमानजनक शब्द ‘पप्पू’ का इस्तेमाल किया। आमतौर पर विपक्षी खेमे द्वारा उपहास के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले इस शब्द का प्रयोग कर नवजोत कौर ने यह साफ कर दिया है कि गांधी परिवार और कांग्रेस के साथ उनके रिश्तों की डोर अब पूरी तरह टूट चुकी है।
CM बनने के लिए देना पड़ता है 500 करोड़ का सूटकेस
इस विवाद की नींव पिछले साल दिसंबर में ही पड़ गई थी, जब नवजोत कौर ने कांग्रेस हाईकमान पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री का चेहरा वही बनता है जो 500 करोड़ रुपये का सूटकेस देता है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा था कि उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू सक्रिय राजनीति में तभी लौटेंगे जब उन्हें सीएम फेस घोषित किया जाएगा। उनका कहना था कि पार्टी में इतनी गुटबाजी है कि वे सिद्धू को आगे नहीं बढ़ने देंगे। वहां पहले से ही पांच दावेदार मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं और वे खुद ही कांग्रेस को हराने पर तुले हुए हैं।
क्या अब होगी ‘घर वापसी’? सिद्धू की चुप्पी पर सस्पेंस
डॉ. सिद्धू के निष्कासन के बाद अब राजनीतिक गलियारों में सबसे बड़ा सवाल यह है कि नवजोत सिंह सिद्धू का अगला कदम क्या होगा? तकनीकी रूप से सिद्धू अभी कांग्रेस का हिस्सा हैं, लेकिन पत्नी के बयानों को उनके राजनीतिक भविष्य का ट्रेलर माना जा रहा है। पिछले कुछ हफ्तों में नवजोत कौर ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की जमकर तारीफ की। इन संकेतों से अटकलें तेज हो गई हैं कि सिद्धू परिवार अपनी पुरानी पार्टी यानी भारतीय जनता पार्टी में ‘घर वापसी’ कर सकता है।











