जानें किस जगह की सरकार ने किया बड़ा ऐलान; 400 से बढ़ाकर 1100 रुपये की गई मासिक पेंशन..
नई दिल्ली- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार 21 जून को राज्य की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत वृद्ध, विकलांग और विधवा महिलाओं को दी जाने वाली मासिक पेंशन 400 रुपये से बढ़ाकर 1,100 रुपये करने का एलान किया है। यह फैसला जुलाई माह से लागू होगा, जिससे राज्य के 1,09,69,255 पेंशन लाभार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री की यह घोषणा इस साल के अंत में प्रस्तावित बिहार विधानसभा चुनावों से ठीक पहले आई है। मुख्यमंत्री ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा ”मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत सभी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को अब हर महीने 400 रुपये की जगह 1100 रुपये पेंशन मिलेगी। सभी लाभार्थियों को जुलाई महीने से पेंशन बढ़ी हुई दर पर मिलेगी। सभी लाभार्थियों के खाते में यह राशि महीने की 10 तारीख को भेजना सुनिश्चित किया जाएगा। इससे 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लाभार्थियों को काफी मदद मिलेगी।’ उन्होंने कहा ”वृद्धजन समाज का अनमोल हिस्सा हैं और उनका सम्मानजनक जीवन-यापन सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयत्नशील रहेगा।” उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस फैसले को ऐतिहासिक दिन बताते हुए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा “आज का दिन ऐतिहासिक है क्योंकि मुख्यमंत्री ने विधवाओं, वृद्धों और दिव्यांगों की पेंशन में बढ़ोतरी की है। मैं इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करता हूं।”









