भारत के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की तरफ से आई अच्छी खबर, रूस से तेल खरीदने पर ट्रंप ने हटाया 25 प्रतिशत टैरिफ
शुक्रवार को जारी एक कार्यकारी आदेश में ट्रंप ने कहा कि उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों से जानकारी और सिफारिशें मिली हैं, जिनके अनुसार भारत ने कार्यकारी आदेश 14066 में बताई गई राष्ट्रीय आपात स्थिति से निपटने के लिए ठोस प्रयास किए हैं। भारत ने रूस से तेल आयात बंद करने और अमेरिका से ऊर्जा उत्पाद खरीदने का वादा किया है। इसके अलावा, भारत और अमेरिका के बीच अगले 10 वर्षों के लिए रक्षा सहयोग बढ़ाने को लेकर एक फ्रेमवर्क पर भी सहमति बनी है।
ट्रंप ने कहा कि उपलब्ध कराई गई जानकारी पर विचार करने के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया कि भारत ने अमेरिका के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति और आर्थिक मामलों में पर्याप्त तालमेल बिठाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इसी आधार पर भारत से आने वाले उत्पादों पर लगाए गए अतिरिक्त एड वैलोरम शुल्क को समाप्त करने का फैसला लिया गया है।
इस बीच, अमेरिका-भारत के साझा बयान में कहा गया है कि भारत कई अमेरिकी औद्योगिक उत्पादों के साथ-साथ खाद्य और कृषि उत्पादों की एक बड़ी श्रेणी पर टैरिफ हटाएगा। इनमें सूखे डिस्टिलर ग्रेन (DDGs), पशु आहार के लिए लाल ज्वार, ट्री नट्स, ताजे और प्रोसेस्ड फल, सोयाबीन तेल, वाइन, स्पिरिट्स और अन्य उत्पाद शामिल हैं।
इसके बदले में अमेरिका भी वस्तुओं की एक लंबी सूची पर पारस्परिक टैरिफ दरों में कटौती करेगा। साथ ही कुछ ऐसे उत्पादों पर टैरिफ पूरी तरह हटाने पर भी विचार किया जाएगा, जो अमेरिका में निर्मित नहीं होते हैं, बशर्ते दोनों देशों के बीच बातचीत सफल रहती है।









