Category: NATIONAL

  • चुनावी वादे; चुनाव से पहले केजरीवाल ने की एक और बड़ी घोषणा,हजारों-लाखों के बिल होंगे माफ

    चुनावी वादे; चुनाव से पहले केजरीवाल ने की एक और बड़ी घोषणा,हजारों-लाखों के बिल होंगे माफ

     

    नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने चुनावी वादों और अपनी घोषणाओं का पिटारा खोल दिया है। एक के बाद एक वह दिल्ली के जनता के लिए घोषणाएं करते जा रहे हैं और इसी कड़ी में उन्होंने एक और बड़ी घोषणा की है।

    केजरीवाल के अनुसार, उनके जेल जाने के बाद दिल्ली की जनता को हजारों और लाखों का गलत पानी का बिल मिला है। जिसको वह अपनी सरकार बनने के बाद माफ कर देंगे। यह वादा अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता से किया है।

    दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवासियों के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि “आप” की सरकार बनने पर पानी के सभी ग़लत बिल माफ कर दिए जाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में हमारी सरकार फ्री पानी उपलब्ध करा रही है, 20,000 लीटर पानी फ्री मिलता है। उन्होंने कहा कि जब से मैं जेल गया तो पता नहीं भाजपा ने क्या-क्या किया, दिल्ली वालों के लाखों रुपए के पानी के बिल आने लगे। उन्होंने कहा कि फिर से आम आदमी पार्टी की सरकार आने पर जिन लोगों के पानी के गलत बिल आए हुए हैं, उन्हें भरने की जरूरत नहीं हैं, चुनाव के बाद उनके गलत बिल माफ कर दिए जाएंगे। यह मेरा सभी लोगों से वादा है, यह मेरी गारंटी है।

    गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल एक के बाद एक कई चुनावी घोषणा दिल्ली वालों के लिए करते जा रहे हैं। जिनमें पहले महिला सम्मान योजना, फिर संजीवनी योजना, उसके बाद पुजारी ग्रंथी योजना और अब पानी के बिल माफ करने की योजना। आम आदमी पार्टी के इन सभी योजनाओं पर विपक्षी पार्टी लगातार हमलावर बनी हुई है। वहीं दूसरी तरफ अरविंद केजरीवाल का कहना है कि 10 सालों में आम आदमी पार्टी ने जो भी काम किए हैं, वह उनको लेकर जनता के बीच वोट मांगने जा रही है और विपक्षियों ने कुछ भी नहीं किया है तो वह सिर्फ आम आदमी पार्टी को गालियां देने के अलावा और कुछ नहीं कर रहे हैं।

  • जम्मू में स्थापित होगा नया रेलवे डिवीजन, 6 जनवरी को पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

    जम्मू में स्थापित होगा नया रेलवे डिवीजन, 6 जनवरी को पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

     

    जम्मू: दिल्ली से कश्मीर के लिए सीधी ट्रेन सेवा का सपना अब हकीकत बनने जा रहा है, साथ ही भारत सरकार जम्मू में एक नया रेलवे डिवीजन स्थापित करने की तैयारी कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 जनवरी को वर्चुअली डिविजनल रेलवे मैनेजर (डीआरएम) कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। यह कदम जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, और पंजाब के पठानकोट क्षेत्र को फिरोजपुर डिवीजन पर निर्भरता समाप्त करेगा और इन क्षेत्रों में रेलवे संचालन को और अधिक प्रभावी बनाएगा।

    अतिरिक्त मंडल रेलवे प्रबंधक राजीव कुमार सिंह ने कहा, “रेलवे बोर्ड ने जम्मू में एक नया रेलवे डिवीजन स्थापित करने के लिए एक अधिसूचना जारी की है। इस नए रेलवे डिवीजन के लिए एक अंतिम विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे फिर रेलवे बोर्ड में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद, इसके क्षेत्राधिकार के संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इस संदर्भ में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 6 जनवरी को जम्मू रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में वर्चुअल उद्घाटन प्रस्तावित है।

    उन्होंने बताया कि रेलवे बोर्ड द्वारा यह निर्णय बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि जम्मू में नया रेलवे डिवीजन स्थापित होने से लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। पठानकोट से श्रीनगर बारामुला तक रेलवे लाइन, भोगपुर सिरवाल से पठानकोट और बटाला पठानकोट और पठानकोट जोगिंदर नगर नैरोगेज लाइन जैसे प्रमुख मार्गों के संचालन और प्रबंधन का कार्य जम्मू से ही होगा। पहले यह कार्य फिरोजपुर डिवीजन से किया जाता था, लेकिन अब जम्मू से ही सभी कार्यों का प्रबंधन होगा, यह जम्मू वासियों के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि होगी। यह पुरानी मांग थी, जो 2025 में पूरी हो रही है। परिचालन संबंधी सभी निर्णय नए जम्मू डिवीजन से किए जाएंगे, और कर्मचारियों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित होगी।

    चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने कहा कि सबसे पहले तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने चैंबर की लंबित मांग को पूरा किया। साल 2012 में हमने इस मामले पर अधिकारियों के साथ पहली बार चर्चा की थी और तब से हम लगातार इस दिशा में काम कर रहे थे। हम केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह का भी धन्यवाद करना चाहते हैं, जिन्होंने हमें रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात करवाई। उनके साथ हमारी चर्चा के बाद हमें जम्मू रेलवे डिवीजन प्राप्त करने में सफलता मिली। जम्मू रेलवे डिवीजन की स्थापना से पर्यटन को एक बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

    उन्होंने कहा कि हम समझते हैं कि जम्मू को रेलवे डिवीजन का दर्जा मिलने के बाद यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास होगा, लोगों को रोजगार मिलेगा, और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जम्मू से अखनूर और पुंछ तक रेल सेवा का विस्तार होगा। हमारी सोच यह है कि जम्मू से कटरा तक एक मोनोरेल सेवा शुरू हो, ताकि कटरा के लोग जम्मू आकर यहां के सरकारी प्रोजेक्ट्स का दौरा कर सकें और दर्शन के लिए भी आसानी से पहुंच सकें। रेलवे डिवीजन के तहत होने वाले विकास कार्यों से हमारी पूरी योजना को एक नई दिशा मिलेगी। एक बार फिर से हम जम्मू वासियों को बधाई देना चाहते हैं और प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने इस ऐतिहासिक कदम के लिए मंजूरी दी।

  • जानें किस जगह जहरीले कचरे को लेकर हुआ प्रदर्शन, दो लोगों ने किया आत्मदाह का प्रयास; पुलिस ने बरसाई लाठियां

    जानें किस जगह जहरीले कचरे को लेकर हुआ प्रदर्शन, दो लोगों ने किया आत्मदाह का प्रयास; पुलिस ने बरसाई लाठियां

     

     

    धार/पीथमपुर : भोपाल गैस त्रासदी के 40 साल बाद, यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री से जहरीले कचरे को धार जिले के पीथमपुर में लाए जाने के खिलाफ शुक्रवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर उतरकर कचरे को वापस भोपाल ले जाने की मांग की। विरोध प्रदर्शन के दौरान दो युवकों ने आत्मदाह का भी प्रयास किया, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज का भी इस्तेमाल किया।

    भोपाल गैस त्रासदी, जो दुनिया की सबसे बड़ी औद्योगिक आपदाओं में से एक है, के चार दशक बाद भी इसके अवशेषों का निपटान एक गंभीर चुनौती बना हुआ है। 1 जनवरी की रात को, यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री से जहरीले कचरे को सुरक्षित निपटान के लिए पीथमपुर लाया गया था, जिसके बाद से ही स्थानीय लोगों में नाराजगी है। 2-3 दिसंबर 1984 की मध्यरात्रि को यूनियन कार्बाइड इंडिया लिमिटेड के कीटनाशक संयंत्र से घातक गैस लीक होने के कारण हजारों लोगों की जान चली गई थी।

    विरोध प्रदर्शन के दौरान, राजकुमार रघुवंशी और राज पटेल नामक दो युवकों ने आत्मदाह का प्रयास किया, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। प्रदर्शनकारियों ने कचरे को वापस भोपाल ले जाने की मांग करते हुए दुकानें भी बंद करा दीं। एक स्थानीय दुकानदार ने कहा, भोपाल से 40 साल पुराना जहरीला कचरा यहां पीथमपुर में निपटान के लिए लाया गया है। हम यहां कचरे को नहीं जलाने देंगे। हम पीथमपुर के लोगों के साथ हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। इस घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

    इससे पहले गुरुवार को, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा था कि कचरे के निपटान से पर्यावरण पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि 2015 में पीथमपुर में 10 मीट्रिक टन कचरे का ट्रायल जलाया गया था, जिसकी रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में पेश की गई थी। रिपोर्ट में कहा गया था कि कचरे के निपटान से पर्यावरण पर कोई असर नहीं पड़ता है, जिसके बाद हाईकोर्ट ने बाकी कचरे को जलाने के निर्देश दिए थे।

    हालांकि, स्थानीय लोग मुख्यमंत्री के आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं और कचरे को पीथमपुर से वापस ले जाने की मांग पर अड़े हैं। उनका कहना है कि वे अपने क्षेत्र में किसी भी तरह के जहरीले कचरे का निपटान नहीं होने देंगे। सामाजिक कार्यकर्ता संदीप रघुवंशी ने कहा कि जब तक कचरे के कंटेनर वापस नहीं भेजे जाते, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। इस घटना ने एक बार फिर भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों और उनके द्वारा झेली जा रही समस्याओं को सुर्खियों में ला दिया है।

  • दिल्ली के लोगों को आज प्रधानमंत्री मोदी को देंगे 4,500 करोड़ की सौगात

    दिल्ली के लोगों को आज प्रधानमंत्री मोदी को देंगे 4,500 करोड़ की सौगात

    नई दिल्ली ; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्लीवासियों को 4,500 करोड़ की विभिन्न योजनाओं की सौगात देंगे। पीएम मोदी शुक्रवार को विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। पीएम मोदी अपने ‘हाउसिंग फॉर ऑल’ के संकल्प के तहत शुक्रवार को दिल्ली के अशोक विहार स्थित स्वाभिमान अपार्टमेंट में इन-सीटू स्लम पुनर्वास परियोजना के तहत झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों के लिए बनाए गए नए फ्लैट्स का दौरा करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी लगभग 12:45 बजे दिल्ली में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

    पीएम मोदी दिल्ली के अशोक विहार में झुग्गी बस्तियों के निवासियों के लिए 1,675 नवनिर्मति फ्लैटों का उद्घाटन करेंगे और पात्र लाभार्थयिों को स्वाभिमान अपार्टमेंट की चाबियां भी सौंपेंगे। नवनिर्मति फ्लैटों के उद्घाटन से दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा दूसरी सफल इन-सीटू स्लम पुनर्वास परियोजना के पूरा होने को चिह्न्ति करेगा। इस परियोजना का उद्देश्य दिल्ली में झुग्गी बस्तियों के निवासियों को उचित सुख-सुविधाओं से सुसज्जित बेहतर और स्वस्थ रहने का माहौल देना है।

    सरकार द्वारा एक फ्लैट के निर्माण पर 25 लाख रुपये खर्च किए गए हैं, पात्र लाभार्थी कुल राशि का 7 प्रतिशत से कम भुगतान करते हैं। इसमें 1.42 लाख रुपये का नाममात्र अंशदान और पांच वर्ष के भरण-पोषण के लिए 30,000 रुपये शामिल हैं। पीएम मोदी द्वारका में सीबीएसई के एकीकृत कार्यालय परिसर का भी उद्घाटन करेंगे, जिस पर करीब 300 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसमें कार्यालय, ऑडिटोरियम, एडवांस डेटा सेंटर, व्यापक जल प्रबंधन प्रणाली आदि शामिल हैं।

    पीएम मोदी दिल्ली विश्वविद्यालय में 600 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत वाली तीन नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इसमें पूर्वी दिल्ली के सूरजमल विहार में पूर्वी परिसर में एक अकादमिक ब्लॉक और द्वारका में पश्चिमी परिसर में एक अकादमिक ब्लॉक शामिल है। इसमें नजफगढ़ के रोशनपुरा में वीर सावरकर कॉलेज का भवन भी शामिल है, जिसमें शिक्षा के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी।

  • अलर्ट; स्लीपर सेल हुए एक्टिवेट: महाकुंभ में अघोरी के भेस घुस सकते हैं आतंकी: वहीं साधुओं के वेश में पुलिसकर्मी तैनात

    अलर्ट; स्लीपर सेल हुए एक्टिवेट: महाकुंभ में अघोरी के भेस घुस सकते हैं आतंकी: वहीं साधुओं के वेश में पुलिसकर्मी तैनात

    चंडीगड़  कुछ आतंकी संगठनों ने प्रयागराज महाकुंभ-2025 को टारगेट करने की साजिश बनाई है। इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (LIU) ने UP के होम डिपार्टमेंट को एक गोपनीय रिपोर्ट भेजी है।

    पिछले हफ्ते भेजी इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि खालिस्तानी और पाकिस्तानी आतंकी, प्रॉक्सी नाम से महाकुंभ को टारगेट कर सकते हैं। उन्होंने अपने स्लीपर सेल को एक्टिव करने का काम भी शुरू कर दिया है।

      पुख्ता सूत्रों से यह जानकारी मिली है। स्टेट LIU की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि आतंकी साधु, पुजारी, अघोरी और गेरुआ वस्त्र धारण कर मेले में प्रवेश कर सकते हैं। ऐसे ही कुछ इनपुट IB की रिपोर्ट में भी दिए गए हैं।

    यही वजह है कि महाकुंभ में सीक्रेट पुलिसकर्मियों को साधुओं के वेश में तैनात किया जा रहा है, ताकि वे मेले क्षेत्र में हर गतिविधियों पर नजर रख सकें। ये कुंभ मेले में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर, अखाड़ा के पंडालों में और संगम तट पर तैनात रहेंगे।

  • न्यू ईयर पर निवेशकों को मिला 5.5 लाख करोड़ का गिफ्ट

    न्यू ईयर पर निवेशकों को मिला 5.5 लाख करोड़ का गिफ्ट

     

     

    मुंबई- घरेलू बेंचमार्क सूचकांक गुरुवार को सपाट खुले। शुरुआती कारोबार में निफ्टी पर पीएसयू बैंक, फार्मा, एफएमसीजी, रियलिटी, मीडिया, एनर्जी और मेटल सेक्टर में बिकवाली देखी गई। अगले सप्ताह शुरू होने वाले तिमाही इनकम सेशन से पहले फाइनेंस, ऑटो और आईटी शेयरों में बढ़त रही। बीएसई सेंसेक्स में 1,300 से अधिक अंकों की उछाल आई जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 350 अंकों से अधिक बढ़कर 24,100 अंक पर पहुंच गया। इस तेजी से बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप करीब 5.58 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 450.01 लाख करोड़ रुपये हो गया। सेंसेक्स 1383.88 अंक यानी 1.76% तेजी के साथ 79,891.29 अंक पर ट्रेड कर रहा था। वहीं निफ्टी 428.75 अंक यानी 1.81% तेजी के साथ 24,171.65 अंक पर था।

    – बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में भी आज जोरदार उछाल आया। इसकी अगुआई बजाज फिनसर्व और बजाज फाइनेंस ने की, जो क्रमशः लगभग 6% और 8% चढ़े। एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और इंडसइंड बैंक सहित अन्य निजी बैंकों ने भी तेजी में योगदान दिया।

    – पिछले दो हफ्तों में निफ्टी ने ऊपर की ओर 23900 और नीचे की ओर 23500 की रेंज के भीतर कारोबार किया है। गुरुवार की वीकली एक्सपायरी पर खरीदारी के बीच इस रेंज के ऊपरी बैंड के ऊपर एक निर्णायक ब्रेकआउट देखा गया।

    – दिसंबर में मजबूत बिक्री आंकड़ों की बदौलत आज के कारोबार में ऑटो शेयरों ने बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि महीने के दौरान आमतौर पर मांग कम रहती है। आयशर मोटर्स के शेयरों में 7% की तेजी आई। कंपनी का कहना है कि रॉयल एनफील्ड की बिक्री में दिसंबर में पिछले साल के मुकाबले 25% तेजी रही। दिसंबर में कंपनी ने 79,466 यूनिट्स की बिक्री की जबकि पिछले साल इसी महीने में 63,887 यूनिट्स की बिक्री हुई थी। देश की सबसे बड़ी ऑटो कंपनी मारुति सुजुकी के शेयरों में भी 4.5% तेजी आई। कंपनी ने दिसंबर में बिक्री में 30% की तेजी दर्ज की। एक साल पहले 1,37,551 यूनिट्स की तुलना में इस बार उसने 1,78,248 यूनिट्स की डिलीवरी की। इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) और अशोक लीलैंड के शेयरों में 4% से अधिक तेजी आई। इन कंपनियों की बिक्री दिसंबर में उम्मीद से बेहतर रही।

    – बर्नस्टीन की 2025 के लिए भारत की रणनीति से पता चलता है कि अर्थव्यवस्था का बुरा दौर गुजर चुका है और 1-2 तिमाहियों के भीतर विकास में तेजी आने की उम्मीद है। बर्नस्टीन का कहना है कि सितंबर में 5% की वृद्धि और कम औद्योगिक विकास के साथ बुरा दौर अब गुजर रहा है। नीतिगत कार्रवाई की अनिश्चितताओं के आगे दूर होने और आधार रीसेट होने के साथ 1-2 तिमाहियों में विकास में तेजी आ सकती है। बर्नस्टीन ने वित्त वर्ष 2026 की आय के लिए कुछ जोखिमों के बावजूद रिकवरी से पहले निवेश करने की सलाह दी है।

    – वित्तीय क्षेत्र के बाद दूसरा सबसे बड़े सेक्टर आईटी के इंडेक्स में भी करीब दो फीसदी की तेजी आई। सीएलएसए और सिटी ने दिसंबर तिमाही में और 2025 में इस क्षेत्र के लिए राजस्व वृद्धि का अनुमान लगाया है। इन्फोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा सहित प्रमुख आईटी कंपनियों ने सामूहिक रूप से आज सेंसेक्स की रैली में 300 से अधिक अंक जोड़े।

  • अमृतसर सीमा पर हेरोइन से बंधे दो ड्रोन बरामद

    अमृतसर सीमा पर हेरोइन से बंधे दो ड्रोन बरामद

     

    जालंधर- सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने मंगलवार को अमृतसर सीमा पर हेरोइन से भरे दो ड्रोन बरामद किए हैं।

    बीएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि बीएसएफ जवानों ने अमृतसर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों से दो ड्रोन बरामद किए, जिनमें से प्रत्येक में संदिग्ध हेरोइन थी। उन्होने कहा कि डीजेआई माविक 3 क्लासिक ड्रोन के साथ सएक पैकेट संदिग्ध हेरोइन (कुल वजन- 556 ग्राम) को बीएसएफ जवानों ने सुबह करीब 08:55 बजे अमृतसर जिले के रोरनवाला गांव से सटे सीमा सुरक्षा बाड़ के आगे गश्त करते समय बरामद किया।

    एक और डीजेआई माविक 3 क्लासिक ड्रोन के साथ एक पैकेट संदिग्ध हेरोइन (कुल वजन- 550 ग्राम) को बीएसएफ जवानों ने सुबह करीब 09:45 बजे अमृतसर जिले के रतनखुर्द गांव से सटे एक खेत से बरामद किया। ये महत्वपूर्ण बरामदगी सीमा पार से हेरोइन की खेप के साथ-साथ पाकिस्तानी ड्रोन की किसी भी अवैध आवाजाही को रोकने के लिए बीएसएफ की प्रतिबद्धता को उजागर करती है, जिससे सीमा पार नार्को-सिंडिकेट के हताश प्रयासों को खत्म किया जा सके।

  • महाकुंभ में ब्लास्ट करने की धमकी से प्रशासन में हड़कंप, हाई अलर्ट पर आई सुरक्षा एजेंसियां

    महाकुंभ में ब्लास्ट करने की धमकी से प्रशासन में हड़कंप, हाई अलर्ट पर आई सुरक्षा एजेंसियां

     

    प्रयागराज : महाकुंभ मेला को लेकर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में महाकुंभ में बम धमाका करने की धमकी दी गई, जिससे सुरक्षा एजेंसियां हाईअलर्ट पर है।

    नसर पठान नामक व्यक्ति ने इस पोस्ट को साझा करते हुए लिखा, “ऑल ऑफ यू, तुम सब अपराधी हो। महाकुंभ में बम ब्लास्ट करेंगे। 1000 हिंदुओं को मारेंगे। अल्लाह इज ग्रेट।” यह पोस्ट 31 दिसंबर को विपिन गौर नामक व्यक्ति द्वारा यूपी पुलिस के डायल-112 को टैग करते हुए री-ट्वीट किया गया था। इस धमकी के पश्चात पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी और प्रयागराज पुलिस कमिश्नर तथा विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों को सूचित किया। वर्तमान में, पुलिस इस पोस्ट के कर्ता की पहचान और गिरफ्तारी के लिए गहन प्रयास कर रही है।

    यह पहली बार नहीं है जब महाकुंभ को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। इससे पहले, 24 दिसंबर को खालिस्तानी आतंकी अमृतपाल सिंह पन्नू ने भी महाकुंभ में हमले की धमकी दी थी। महाकुंभ 13 जनवरी से शुरू होकर 26 फरवरी तक चलेगा, जिसमें लगभग 50 करोड़ लोगों की भागीदारी की उम्मीद है। इस धमकी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और भी कड़ा कर दिया गया है।

    लखनऊ के यूपी-112 मुख्यालय के ऑपरेशन कमांडर अरविंद कुमार नैन ने इस मामले में पुलिस महानिदेशक अभिसूचना, लखनऊ, अपर पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था, लखनऊ, अपर पुलिस महानिदेशक सुरक्षा, लखनऊ, अपर पुलिस महानिदेशक ATS, लखनऊ और SSP कुंभ को पत्र लिखकर जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और धमकी देने वाले व्यक्ति को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

  • नए साल की पहली कैबिनेट मीटिंग के बाद किसानों को मिला तोहफा, खाद पर मिलेगी अब ज्यादा सब्सिडी

    नए साल की पहली कैबिनेट मीटिंग के बाद किसानों को मिला तोहफा, खाद पर मिलेगी अब ज्यादा सब्सिडी

     

     

    नई दिल्ली : नए साल के आगमन पर मोदी सरकार ने किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। सरकार की इस साल की पहली कैबिनेट मीटिंग में किसानों के हित में कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है, जिससे किसानों को व्यापक लाभ मिलने की संभावना है।

    सरकार ने DAP (डायऑक्साइड अमोनियम फॉस्फेट) उर्वरक पर अधिक सब्सिडी देने का निर्णय लिया है। इस निर्णय के तहत DAP उत्पादन करने वाली कंपनियों के लिए विशेष पैकेज को स्वीकृति दी गई है। इससे किसानों को DAP उर्वरक की खरीद पर अधिक सब्सिडी प्राप्त होगी, जिससे उन्हें खाद की कीमतों में राहत मिलेगी।

    इसके अतिरिक्त, DAP उत्पादक कंपनियों को मिलने वाली सब्सिडी के साथ-साथ सरकार वित्तीय सहायता भी प्रदान करेगी। यह पहल किसानों को उर्वरक की उच्च कीमत चुकाने से मुक्त करेगी और कृषि लागत में कमी लाने में मदद करेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से कृषि क्षेत्र में उत्पादन में वृद्धि और किसानों की आय में सुधार की उम्मीद है।

    मोदी सरकार की यह नीति किसानों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। किसानों ने इस निर्णय का स्वागत किया है और इसे उनके लिए एक बड़ा तोहफा बताया है।

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वदेशी तकनीक को मिला बढ़ावा,स्वदेशी तकनीक से हुए बड़े-बड़े काम

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वदेशी तकनीक को मिला बढ़ावा,स्वदेशी तकनीक से हुए बड़े-बड़े काम

     

    नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के लिए साल 2024 उपलब्धियों से भरा रहा। इस साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने स्वदेशी तकनीक सहित कई अन्य क्षेत्रों में विलक्षण काम कर पूरी दुनिया तक यह संदेश पहुंचाया कि हम किसी भी क्षेत्र में दुनिया के किसी भी देश से कम नहीं है।

    दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) को सितंबर 2024 में अपनी पहली ड्राइवरलेस मेट्रो ट्रेन मिली है, जो ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत बनाई गई है। यह एक बड़ा कदम है और मेट्रो की तकनीकी उन्नति को दर्शाता है। इस ड्राइवरलेस ट्रेन में अत्याधुनिक स्वचालन और सुरक्षा प्रणालियां हैं, जो मेट्रो के संचालन को अधिक कुशल और सुरक्षित बनाती हैं। इससे मेट्रो सेवाओं का संचालन और भी बेहतर और निर्बाध होगा।

    भारत की पहली वंदे मेट्रो, जो कम दूरी की यात्रा के लिए डिजाइन की गई एक नई शहरी ट्रांसपोर्ट प्रणाली है। सितंबर 2024 में अहमदाबाद में लॉन्च की गई। इस मेट्रो को “नमो भारत रैपिड रेल” नाम दिया गया है और यह अहमदाबाद और भुज के बीच चलेगी। यह परियोजना प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण को दर्शाती है, जिसमें भारत के बुनियादी ढांचे को टिकाऊ और सुलभ बनाना और उसे आधुनिक बनाना शामिल है।

    अक्टूबर 2024 में भारतीय नौसेना ने बहुउद्देश्यीय पोत (एमपीवी) परियोजना के तहत पहला पोत “समर्थक” लॉन्च किया। यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जो भारत के स्वदेशी जहाज निर्माण में प्रगति को दर्शाता है। इस कार्यक्रम के जरिए भारत सरकार की आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया पहल को भी बल मिलता है। भारत का पहला वर्टिकल लिफ्ट रेलवे ब्रिज तमिलनाडु के रामेश्वरम में बने नए पम्बन ब्रिज के रूप में सामने आया है। इस पुल का सफल परीक्षण नवंबर 2024 में पूरा हुआ। यह पुल 105 साल पुराने पुराने और जंग खाए पुल की जगह लेगा, जो अब बंद हो चुका है। यह पुल आधुनिक इंजीनियरिंग का एक बेहतरीन उदाहरण है, जो नवाचार और लचीलेपन को दर्शाता है। यह बुनियादी ढांचे के विकास में भारत की प्रगति को दिखाता है और क्षेत्र में पर्यटन और तीर्थयात्रा को बढ़ावा देने में मदद करेगा।

    नवंबर 2024 में प्रधानमंत्री मोदी ने ग्वालियर में 100 टन प्रति दिन (टीपीडी) मवेशियों के गोबर से संपीड़ित बायो-गैस (सीबीजी) संयंत्र का उद्घाटन किया। यह संयंत्र “अपशिष्ट से धन” पहल के तहत स्थापित किया गया है और भारत के सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अत्याधुनिक संयंत्र को एक आत्मनिर्भर, आधुनिक गौशाला में स्थापित किया गया है और यह भारत में अपनी तरह का पहला संयंत्र है। यह संयंत्र मवेशियों के गोबर का उपयोग कर स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन करता है, जो पर्यावरण के लिए फायदेमंद है।

    वहीं, जनवरी 2024 में हिम तेंदुओं पर पहली बार किया गया सर्वेक्षण पूरा हुआ, जिसमें जंगली में 718 हिम तेंदुओं की अनुमानित आबादी का पता चला। यह सफलता चार साल की कड़ी मेहनत के बाद मिली है। यह सर्वेक्षण दुनिया की सबसे रहस्यमयी और लुप्तप्राय बड़ी बिल्लियों में से एक, हिम तेंदुए को समझने और उसकी रक्षा करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।

    प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर में अभूतपूर्व विकास हुआ है, जिससे क्षेत्र के दूरदराज के इलाकों में भी बदलाव आ रहे हैं। जनवरी 2024 में, जम्मू और कश्मीर के केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास स्थित दो गांवों में पहली बार बिजली पहुंचाई गई। यह घटना भारत की आज़ादी के 75 वर्षों में हुई और इन गांवों में विद्युत सेवा मिलने से वहां के लोगों की जिंदगी में बड़ा बदलाव आएगा।