Category: NATIONAL

  • ऐ के-47 हथियारों के साथ दिखे संदिग्ध, सुरक्षाबलों ने चलाया तलाशी अभियान

     ऐ के-47 हथियारों के साथ दिखे संदिग्ध, सुरक्षाबलों ने चलाया तलाशी अभियान

     

     

    जम्मू : जम्मू में ग्रेटर कैलाश के पास सूखी नहर में बीती रात कैंप ड्रेस पहने तीन लोगों को कथित तौर पर एके-47 जैसे हथियारों के साथ देखा गया। इसके बाद सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चलाया।

    तलाशी अभियान रात 10:15 बजे समाप्त हुआ। इस दौरान सुरक्षाबलों को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। अधिकारियों ने नरवाल की ओर चौकियों को मजबूत करने की सलाह दी है।

    बता दें कि 30 जुलाई को भारतीय सेना ने पुंछ जिले से हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी को गिरफ्तार किया था। आतंकी की पहचान मोहम्मद खलील के रूप में हुई थी।

    राष्ट्रीय राइफल की रोमियो फोर्स को हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी मोहम्मद खलील के पुंछ के मंगनार गांव में छिपे होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन चलाकर उसे गिरफ्तार किया था। आतंकी खलील के पास से एक विदेशी पिस्टल भी बरामद की गई थी।

    इस बीच जम्मू-कश्मीर में हो रही घुसपैठ को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को बीएसएफ के दो वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें उनके पदों से हटा दिया है। डीजी बीएसएफ नितिन अग्रवाल और स्पेशल डीजी वाईबी खुरानिया को उनके पदों से हटाकर उनके मूल कैडर में वापस भेज दिया गया है।

    जम्मू-कश्मीर में पिछले एक साल से हो रही लगातार आतंकियों की घुसपैठ, डीजी बीएसएफ और स्पेशल डीजी बीएसएफ को हटाने की मुख्य वजह है। जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की घुसपैठ को लेकर भारत सरकार का यह सबसे बड़ा प्रशासनिक एक्शन है, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों पर गाज गिरी है।

    पिछले एक महीने में इन दोनों अधिकारियों ने जम्मू-कश्मीर, अंतरराष्ट्रीय सीमा और लाइन ऑफ कंट्रोल का दौरा किया था और अहम बैठकों में हिस्सा लिया था। इसके अलावा पंजाब सेक्टर से लगातार हो रही आतंकी घुसपैठ को प्रभावशाली ढंग से ना काबू पाना भी इस एक्शन की बड़ी वजह है।

    पिछले कई सालों में ऐसा पहली बार हुआ है जब दो वरिष्ठ अधिकारियों को इस तरीके से हटाया गया है, जो किसी अर्धसैनिक बलों को लीड कर रहे थे। यह घटना सुरक्षा बलों के अंदर की संरचना और प्रशासनिक निर्णयों पर एक महत्वपूर्ण प्रभाव डाल सकती है।

  • कुएं में जहरीली गैस के रिसाव से चार लोगों की हुई मौत

     

     
     0 

    छतरपुर (उत्तम हिन्दू न्यूज): मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में शुक्रवार को चार लोगों की मौत हो गई। बताया जाता है कि गढ़ी मलहरा थाना क्षेत्र के कुर्राहा गांव में एक कुएं में दम घुटने से चारों की जान गई।

    जानकारी के अनुसार, कुर्राहा गांव के गुरार मोहल्ले स्थित एक घर में बने कुएं में सफाई करने घर के मालिक उसमें उतरे थे, लेकिन वहीं बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें बचाने के लिए एक और शख्स कुएं में उतरा और वह भी बेहोश हो गया। इसके बाद घर के लोगों ने शोर मचाया तो मोहल्ले के लोग वहां आएं और एक-एक करके दो और लोग कुएं में उन्हें बचाने के लिए उतरे और वह भी बेहोश हो गए।

    घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। गढ़ी मलहरा थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस की टीम ने चारों लोगों को कुएं से बाहर निकाला और इलाज के लिए छतरपुर जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में शेख बशीर, शेख असलम, शेख अल्ताफ और मुन्ना कुशवाहा शामिल हैं।

    घटना के बाद पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। बताया जा रहा है कि कुएं में जहरीली गैस के रिसाव की वजह से हादसा हुआ है। जिला अस्पताल के डॉक्टर ने भी कुएं में जहरीली गैस रिसाव होने की आशंका जताई। मृतकों के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

    मृतकों के परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पुलिस और एम्बुलेंस दोनों को सूचना दी थी। लेकिन, दोनों ने मौके पर पहुंचने में काफी देर कर दिया।

    बता दें कि मध्य प्रदेश में कुएं में उतरने से होने वाली मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी कुएं में उतरने से कई लोगों की मौत का मामला सामने आया है। कुछ महीने पहले ही एमपी के कटनी, छत्तीसगढ़ के कोरबा और सक्ती जिले में भी कुएं में उतरने से कई लोगों की मौत हुई थी।

  • कल्याण में होर्डिंग गिरा; कई वाहन क्षतिग्रस्त, कोई हताहत नहीं

     कल्याण में होर्डिंग गिरा; कई वाहन क्षतिग्रस्त, कोई हताहत नहीं

     

     

    ठाणे : महाराष्ट्र के कल्याण में सहजानंद चौक पर शुक्रवार को एक बड़ा होर्डिंग अचानक गिर गया। इस हादसे में वहां खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। किसी के हताहत होने की फिलहाल कोई खबर नहीं है।

    यह घटना आज सुबह करीब 10:30 बजे की है। बारिश के साथ तेज हवाओं के बीच यह हादसा हुआ।

    चश्मदीदों ने बताया कि सड़क के एक कोने पर लगा एक बड़ा होर्डिंग उखड़कर गिर गया। वहां खड़ी कुछ कारें और तीन-चार दोपहिया वाहन भी इसकी चपेट में आ गए। इस दौरान मौके पर एक व्यक्ति भी था, जो कुछ मिनट पहले ही अपनी कार पार्क करके बाहर निकला था।

    कल्याण अग्निशमन विभाग की टीम और पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। दुर्घटना में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है। हालांकि, वहां बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई जिससे ट्रैफिक जाम हो गया।

    उल्लेखनीय है कि इस साल 13 मई को लगभग 250 टन वजन वाला एक विशालकाय होर्डिंग मुंबई के घाटकोपर उपनगर में गिर गया था। इस घटना में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई थी और 80 से अधिक लोग घायल हुए थे। कई बड़े और छोटे वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए थे।

  • हिमाचल में बादल फटने से तबाही का मंजर, कुछ ही सेकंड में बह गए 6 छात्र

    हिमाचल में बादल फटने से तबाही का मंजर, कुछ ही सेकंड में बह गए 6 छात्र

     

     
     0 

    शिमला(उत्तम हिन्दू न्यूज)- हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले के समेज गांव में शुक्रवार को बादल फटने से एक माध्यमिक विद्यालय की इमारत बह गई। इस हादसे में 12 से 18 वर्ष की आयु के छह छात्र बह गए।

    यह घटना श्रीखंड महादेव के पास बादल फटने की घटना के एक दिन बाद हुई, जिससे समेज, गानवी और कुर्बन क्षेत्रों में अचानक बाढ़ आ गई। नतीजतन, शिमला जिले के रामपुर उपखंड में समेज खड्ड में जलस्तर काफी बढ़ गया। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। भूस्खलन से माध्यमिक विद्यालय की इमारत मलबे में तब्दील हो गई। गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय की इमारत भी भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हो गई। इस बीच, पास के एक घर की ऊपरी मंजिल भी बह गई।

    इससे पहले, राज्य के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि भारी बारिश और बादल फटने से राज्य में भारी नुकसान हुआ है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), पुलिस और होमगार्ड राहत कार्यों में सक्रिय रूप से शामिल हैं, लापता व्यक्तियों का पता लगाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे पहले शिमला जिले के रामपुर के झाकड़ी क्षेत्र से सटे समेज गांव में बादल फटने से 36 लोग लापता हैं। 31 जुलाई की देर रात से ये 36 लोग लापता हैं। इन लोगों को बचाने के लिए जिला प्रशासन ने शुक्रवार सुबह 5:30 बजे बचाव कार्य शुरू किया। डीसी अनुपम कश्यप और पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी सुबह ही मौके पर पहुंच गए। इसके बाद उपायुक्त ने पूरे बचाव अभियान की निगरानी की और पल-पल की रणनीति बनाकर काम को गति दी।

    क्षेत्रीय मौसम विभाग ने गुरुवार को पहाड़ी राज्य के अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। बारिश का यह दौर 6 अगस्त तक जारी रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने कुल्लू, सोलन, सिरमौर, शिमला और किन्नौर जिलों के संवेदनशील इलाकों में संभावित भूस्खलन और अचानक बाढ़ की चेतावनी दी है। निचले इलाकों में तेज हवाओं और जलभराव के कारण बागानों, खड़ी फसलों, कमजोर संरचनाओं और कच्चे घरों को नुकसान पहुंचने का भी खतरा है।

  • श्रेया, तान्या और नेविन को मिलेगा न्याय? हाई कोर्ट ने CBI को केस सौंपते हुए बोला…

    श्रेया, तान्या और नेविन को मिलेगा न्याय? हाई कोर्ट ने CBI को केस सौंपते हुए बोला…

     

    दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर कोचिंग हादसे पर हाई कोर्ट में सुनवाई हुई. जहां, अदालत ने घटना को लेकर एमसीडी के साथ-साथ दिल्ली पुलिस को फटकार लगाई. कोर्ट ने कहा कि इस मामले में कई बड़े अधिकारी भी शामिल हो सकते हैं, ऐसे में इसकी जांच अब सीबीआई को सौंपी जा रही है.

    श्रेया, तान्या और नेविन को मिलेगा न्याय? हाई कोर्ट ने CBI को केस सौंपते हुए क्या-क्या कहा

    दिल्ली कोचिंग हादसे की जांच को हाई कोर्ट ने सीबीआई को सौंप दिया है.

    दिल्ली हाई कोर्ट ने ओल्ड राजेंद्र नगर कोचिंग हादसे की जांच CBI को दे दी है. आज यानी शुक्रवार को हुई सुनवाई में हाई कोर्ट ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े करते हुए एमसीडी और दिल्ली पुलिस की जमकर फटकार भी लगाई. कोर्ट ने कहा मामले में कई बड़े अधिकारी भी शामिल हो सकते हैं. ऐसे में इसकी गंभीरता को देखते हुए इस घटना की जांच सीबीआई को सौंपी जा रही है.

     

    हाई कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि घटना की प्रकृति को ध्यान में रखते हुए और यह सुनिश्चित करने के लिए कि जनता को जांच के संबंध में कोई संदेह नहीं रहे, यह कोर्ट जांच को CBI को ट्रांसफर करती है. केंद्रीय सतर्कता आयोग यानी (CVC) को निर्देश दिया जाता है कि वह CBI जांच पर निगरानी रखने के लिए एक सीनियर अधिकारी की नियुक्ति करें ताकि समयबद्ध तरीके से जांच पूरी हो.

    1. अवैध निर्माण तुरंत हटाएं: कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि MCD कमिश्नर को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि नालियां चालू हों और अगर उनकी क्षमता बढ़ानी है, तो इसे व्यवस्थित तरीके से किया जाना चाहिए. क्षेत्र में अतिक्रमण के साथ-साथ बरसात के पानी की निकासी नालियों पर निर्माण सहित अवैध निर्माण को तुरंत हटाया जाना चाहिए.
    2. पूरे सिस्टम पर उठाया सवाल: कोर्ट ने कहा कि इस कोर्ट का मानना है कि बड़ी तस्वीर को देखने की जरूरत है. दिल्ली शहर में एक बुनियादी समस्या यह है कि भौतिक, वित्तीय और प्रशासनिक बुनियादी ढांचे सभी पुराने हो चुके हैं और वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं हैं. दिल्ली की मुख्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को पूरा करने के लिए नागरिक एजेंसियों के पास कोई धनराशि नहीं है.
    3. वित्तीय सेहत ठीक नहीं: कोर्ट ने कहा कि 3 करोड़ से ज्यादा की आबादी वाली दिल्ली को ज्यादा मजबूत वित्तीय और प्रशासनिक ढांचे की जरूरत है. सब्सिडी योजनाओं की वजह से दिल्ली में पलायन बढ़ रहा है और इसकी आबादी भी बढ़ रही है. दिल्ली अर्बन शेल्टर इंप्रूवमेंट बोर्ड (DUSIB) और MCD की वित्तीय सेहत ठीक नहीं है. MCD अपने कर्मचारियों को महीनों तक वेतन देने में विफल रही और ऐसा अदालत की अवमानना की धमकी के बाद ही किया गया.
    4. रखरखाव भी ठीक नहीं: दिल्ली में भौतिक बुनियादी ढांचे का निर्माण तकरीबन 75 साल पहले हुआ था. बुनियादी ढांचा न केवल अपर्याप्त है, बल्कि इसका रखरखाव भी ठीक से नहीं किया गया है. कोर्ट ने कहा कि हाल की घटनाओं से पता चलता है कि कोर्ट के आदेशों का क्रियान्वयन नहीं किया जाता है तथा उन्हें उपेक्षित समझा जाता है.
    5. कैबिनेट बैठक कब हुई बताएं: सुनवाई के दौरान कोर्ट ने दिल्ली सरकार से पूछा कि पिछली कैबिनेट की बैठक कब हुई थी और अगली कैबिनेट की बैठक कब है? पिछले 6 महीने से कैबिनेट की बैठक नहीं हुई है. कोई प्रोजेक्ट मंजूर नहीं हो रहा है. कल्पना कीजिए कि हम यहां किस प्रशासनिक अराजकता से निपट रहे हैं. हम इस आदेश को निर्देशित करने जा रहे हैं कि पिछली कैबिनेट बैठक कब हुई थी और अगली बैठक कब है? हमें जल्दी से बताएं.
    6. मेहरबानी आपने पानी का चालान नहीं काटा: दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली पुलिस पर तंज कसते हुए कहा कि ये बहुत मेहरबानी की बात है कि आपने बरसात के पानी का चालान नहीं काटा जैसे आपने उस SUV गाड़ी के ड्राइवर को गिरफ्तार किया था. दिल्ली पुलिस के वकील जैन ने कहा कि हम स्थिति से पूरी तरह वाकिफ हैं. अगर इस समय जांच को CBI को ट्रांसफर किया जाता है, तो इससे जांच को और नुकसान होगा.
  • पटियाला हाउस कोर्ट ने पूजा खेड़कर की अग्रिम जमानत याचिका की खारिज 

    पटियाला हाउस कोर्ट ने पूजा खेड़कर की अग्रिम जमानत याचिका की खारिज

     

    आईएएस ट्रेनी पूजा खेड़कर की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है. गुरुवार को पटियाला हाउस कोर्ट ने पूजा खेड़कर की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी.

     

    पूजा खेड़कर को कोर्ट से झटका, अग्रिम जमानत याचिका हुई खारिज

    ट्रेनी आईएएस पूजा खेडकर

    आईएएस ट्रेनी पूजा खेड़कर को गुरुवार को कोर्ट से झटका लगा. पटियाला हाउस कोर्ट ने पूजा खेड़कर की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी. कोर्ट ने पूजा की कोर्ट में मौजूदगी पर सवाल उठाए. कोर्ट ने इस बात पर भी असंतोष जताया कि वह अनुपस्थित थी. कोर्ट ने कहा कि अगर आरोपी पूरे सेशन में एक बार भी मौजूद रहती है तो उसे हमेशा उपस्थित नहीं माना जाएगा.

    यूपीएससी की शिकायत पर दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने आईएएस ट्रेनी पूजा खेड़कर के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में एफआईआर दर्ज की थी.

    पूजा पर संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा, 2022 के लिए अपने आवेदन में गलत जानकारी प्रस्तुत करने का आरोप लगाया गया था.

     

  • हिमाचल में बादल फटने की घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद संभाली मॉनिटरिंग की कमान, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

    हिमाचल में बादल फटने की घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद संभाली मॉनिटरिंग की कमान, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

     

     

    नई दिल्ली- हिमाचल प्रदेश में कुदरत का कहर देखने को मिला है। मंडी, शिमला और कुल्लू में भारी बारिश और बादल फटने से काफी जान-माल का नुकसान हुआ है। कई घर और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई। इसी बीच हिमाचल प्रदेश के मंडी में बादल फटने के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं और करीब से पैनी नजर रख रहे हैं। इतना ही नहीं उन्होंने शीर्ष अधिकारियों से प्रभावितों को हर संभव मदद सुनिश्चित करने को भी कहा है। पीएम मोदी के निर्देश के बाद यहां राहत कार्य जोरों से चल रहा है।

    इससे पहले केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से फोन पर बात कर वहां के हालात की जानकारी ली। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ”आज हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बादल फटने के कारण हुए भारी नुकसान से आम जनजीवन प्रभावित होने का दुखद समाचार मिला। लगातार हो रहे प्राकृतिक आपदाओं के संदर्भ में राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से फोन पर विस्तृत बात कर जानकारी प्राप्त की और प्रधानमंत्री मोदी के सरकार की तरफ से हर संभव मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया। प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल और भाजपा कार्यकर्ताओं से इस संकटपूर्ण समय में प्रदेशवासियों को मदद पहुंचाने की अपील की।”

    पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने सोशल मीडिया पर लिखा, ”बीती रात भारी बारिश के कारण जिला मंडी के थलटूखोड़ के समीप राजमण गांव में जानमाल की क्षति और निरमंड के अंतर्गत समेज, बागीपुल क्षेत्रों में कई भवन एवं मकान बहने तथा कई लोगों के लापता होने वाली खबर सुनकर मन बहुत दुखी है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा लापता लोग सकुशल हों। दुःख की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा हूं। राज्य सरकार से भी मेरा निवेदन है कि कल रात पूरे प्रदेश में हुई भारी बारिश के कारण हो रही तबाही में घटना स्थलों पर युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य करवाएं।”

  • हिमाचल के रामपुर में बादल फटने के बाद 36 लोग लापता,एनडीआरएफ की टीम ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन 

     हिमाचल के रामपुर में बादल फटने के बाद 36 लोग लापता,एनडीआरएफ की टीम ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन

     

    रामपुर- हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले के रामपुर में गुरुवार सुबह भारी बारिश के कारण बादल फटने से तबाही मच गई। बादल फटने से झाकड़ी के समेज खड्ड में बाढ़ आ गई। इसमें 36 लोग लापता हैं।

    बताया जा रहा है कि लापता लोगों में एक पावर प्रोजेक्ट के कर्मचारी भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, झाकड़ी के समेज खड्ड स्थित हाइड्रो प्रोजेक्ट के पास गुरुवार तड़के बादल फटा। इसकी जानकारी मिलते ही रामपुर उपमंडल प्रशासन, एनडीआरएफ, सीआईएसएफ, होमगार्ड और चिकित्सा दल की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई।

    रामपुर के उपमंडल अधिकारी निशांत तोमर ने बताया कि गुरुवार सुबह बादल फटने की जानकारी मिली थी। इसके बाद क्षेत्र में अचानक बाढ़ आ गई। और प्रभावित क्षेत्र में कई लोगों के लापता होने की सूचना है। उन्होंने कहा, “बादल फटने के कारण कई जगह सड़कें बंद पड़ी हुई हैं। इस वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी आ रही है। करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर ही घटनास्थल तक राहत-बचाव का सामान पहुंचाया जा रहा है।” उपमंडल अधिकारी निशांत तोमर ने कहा, “प्रभावित क्षेत्र में राहत बचाव कार्य तेजी पर है। रेस्क्यू ऑपरेशन में आईटीबीपी, स्पेशल होमगार्ड की टुकड़ियों की भी मदद ली जा रही है। मौके पर एंबुलेंस और अन्य सुविधाओं के भी इंतजाम किए गए हैं।”फिलहाल लापता लोगों की तलाश जारी है।

    केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात की और घटना की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र सरकार से हर संभव मदद का भरोसा दिया। नड्डा ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी बात की और सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को राहत कार्यों में जुटने का निर्देश दिया। मौसम विभाग ने कुल्लू, सोलन, सिरमौर, शिमला और किन्नौर जिलों के संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ आने की भी चेतावनी दी है। इससे पहले हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले स्थित राजवन गांव में बुधवार देर रात बादल फटा था। इस हादसे में एक शख्स की मौत हो गई। इसके अलावा 11 से अधिक लोग लापता हैं।

  • बादल फटने से मची तबाही, 200 यात्री फंसे,बचाव कार्यों में जुटी टीमें…

    बादल फटने से मची तबाही, 200 यात्री फंसे,बचाव कार्यों में जुटी टीमें…

     

     

    केदारनाथ- उत्तराखंड में बुधवार से हो रही भारी बारिश के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग में भीम बली के गदेरे में बादल फटने की घटना हुई है। रास्ते में भारी मलबा और बोल्डर गिरे हैं। पैदल मार्ग का करीब 30 मीटर हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। करीब 150-200 यात्री वहां फंसे बताये जा रहे हैं।

    हादसे के बाद पैदल मार्ग पर आवाजाही बंद कर दी गई है। भीम बली में 150 से 200 तीर्थ यात्रियों के फंसे होने की आशंका है। अब तक किसी जनहानि की खबर नहीं है। लगातार हो रही बारिश से केदारनाथ धाम में मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। भीम बली में बादल फटने के बाद मौके पर रेस्क्यू टीमें तैनात हैं।

    वहीं, सेक्टर गौरीकुंड द्वारा सूचना प्राप्त मिली है कि नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण गौरी माई मंदिर खाली करवा दिया गया है। सभी को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। साथ ही नदी का जल स्तर बढ़ने के कारण पार्किंग खाली करा दी गई है। घटना के बाद एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस को मौके पर तैनात कर दिया गया है। आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। भारी बारिश को देखते हुए अस्पतालों को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। रुद्रप्रयाग के जिलाधीश सौरभ गहरवार ने बताया कि केदारनाथ धाम में भारी बारिश लगातार जारी है। केदारनाथ में भारी बारिश के कारण भीमबली में बादल फटने से एमआरपी के पास 20 से 25 मीटर पैदल रास्ता वॉशआउट हो गया है। रास्ते में बड़े -बड़े बोल्डर आ गये हैं। लगभग 200 यात्रियों को भीमबली जीएमवीएन में सुरक्षित रोका गया है। कोई जनहानि नहीं हुई है।

  • जालंधर से कांग्रेस के सांसद चन्नी ने  प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ भेजा नोटिस, ये है पूरा मामला

    जालंधर से कांग्रेस के सांसद चन्नी ने  प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ भेजा नोटिस, ये है पूरा मामला

     

    नई दिल्ली – जालंधऱ से कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को ‘विशेषाधिकार हनन’ का नोटिस दिया हैं। चन्नी का दावा है कि प्रधानमंत्री मोदी ने अनुराग ठाकुर के भाषण के उस हिस्से के वीडियो सोशल मीडिया एक्स पर साझा किया जिन्हें सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया था। चन्नी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी का यह कदम सदन के विशेषाधिकार का हनन है। चन्नी ने लोकसभा अध्यक्ष को दिए नोटिस में कहा, ‘मैं आपसे आग्रह करता हूं कि आप मेरा प्रस्ताव स्वीकार करें और इसे सदन में लाने की अनुमति दें। मेरा यह आग्रह भी है कि प्रधानमंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की कार्रवाई शुरू की जाए।’