Category: NATIONAL

  • हरियाणा में चुनाव की तारीख में हो सकता है बदलाव, सामने आई सबसे बड़ी वजह

    हरियाणा में चुनाव की तारीख में हो सकता है बदलाव, सामने आई सबसे बड़ी वजह

     

     

    नई दिल्ली- हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार हरियाणा में चुनाव की तारीखों में बदलाव की संभावनाएं जताई जा रही है। चुनाव आयोग जल्द इसके बारे में फैसला ले सकता है।

    सूत्रों के मुताबिक, अब चुनाव सात या आठ अक्टूबर को हो सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव की तारीख बदलने की मांग की है, जिसके बाद चुनाव आयोग इस पर विचार कर रहा है।

    भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने तर्क दिया है कि एक अक्तूबर के आसपास वीकेंड व छुट्टियां हैं। इस कारण लोग बाहर घूमने जा सकते हैं, जिसका असर मतदान प्रतिशत पर पड़ सकता है। साथ ही यह भी कहा है कि अगली तारीख निर्धारित करते समय यह ध्यान रखा जाए कि मतदान की तिथि से एक दिन पहले और मतदान के अगले दिन अवकाश न हो। ऐसा होने से ज्यादा से ज्यादा लोग मतदान में हिस्सा ले सकेंगे। बड़ौली ने पत्र में बताया है कि 28 व 29 को शनिवार व रविवार है। एक अक्तूबर को मतदान होने की वजह से छुट्टी है। दो अक्तूबर को गांधी जयंती और तीन को अग्रसेन जयंती है। 30 की छुट्टी लेकर छह दिन का लंबा वीकेंड पड़ रहा है। ऐसे में लोग छुटि्टयां मनाने प्रदेश के बाहर जा सकते हैं, जिससे मतदान प्रतिशत प्रभावित हो सकता है। इस पर मुख्य चुनाव अधिकारी पंकज अग्रवाल ने बताया, उन्हें भाजपा का पत्र मिला है, जिस पर उपयुक्त फैसला लेने के लिए इसे निर्वाचन आयोग को भेज दिया गया है।

  • पोलैंड से वापिस लौटते समय 46 मिनट तक पाकिस्तान में रहा PM मोदी का विमान, जानें पूरी खबर..

    पोलैंड से वापिस लौटते समय 46 मिनट तक पाकिस्तान में रहा PM मोदी का विमान, जानें पूरी खबर..

     

     
     0 

    लाहौर (उत्तम हिन्दू न्यूज): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोलैंड से लौटते वक्त पाकिस्तान के एयरस्पेस का इस्तेमाल किया। पाकिस्तानी मीडिया हाउस डॉन ने वहां की सिविल एविएशन अथॉरिटी के अधिकारी के हवाले से इसकी जानकारी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी 46 मिनट तक पाकिस्तान के एयरस्पेस में थे। उनका विमान लाहौर और इस्लामाबाद से होते हुए अमृतसर पहुंचा। सूत्रों के मुताबिक उनके विमान ने 10 बजकर 15 मिनट पर पाकिस्तान के एयरस्पेस में एंट्री की और वह 11 बजकर 1 मिनट तक रहा।

    सूत्रों के मुताबिक इस दौरान पाकिस्तान का एयरस्पेस भारतीय विमानों के कर्मिशयल इस्तेमाल के लिए खुला हुआ था। भारत ने फिलहाल इस मामले पर कुछ नहीं कहा है। प्रधानमंत्री के विमान को स्पेशल परमिशन की जरूरत नहीं होती है। हालांकि, कुछ मामलों में प्रधानमंत्री के विमान को एक खास सिग्नल देना पड़ता है।

    भारत ने 26 फरवरी 2019 को पाकिस्तान के बालाकोट में एयरस्ट्राइक की थी। इसके बाद पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को पूरी तरह से बंद कर दिया था। पाकिस्तान ने मार्च में, आंशिक रूप से एयरस्पेस खोला, लेकिन भारतीय उड़ानों के लिए इसे प्रतिबंधित रखा। डॉन ने ये भी दावा किया है कि 2019 में भारत ने पीएम मोदी के विमान के लिए पाकिस्तान के एयरस्पेस का इस्तेमाल करने की परमिशन मांगी थी।

    इसे कश्मीर विवाद की वजह से पाकिस्तान ने खारिज कर दिया था। प्रधानमंत्री मोदी के विमान को जर्मनी जाने के लिए पाकिस्तान के एयरस्पेस की जरूरत थी। हालांकि, दो साल बाद, पाकिस्तान ने भारतीय प्रधानमंत्री की नॉन-स्टॉप उड़ान को अमेरिका जाने के लिए अपने हवाई क्षेत्र से गुजरने की अनुमति दे दी थी।

  • सुपरस्टार नागार्जुन के कन्वेंशन सेंटर पर चला बुलडोजर, जानें कार्रवाई के पीछे का क्या है कारण..

    सुपरस्टार नागार्जुन के कन्वेंशन सेंटर पर चला बुलडोजर, जानें कार्रवाई के पीछे का क्या है कारण..

     

     

    हैदराबाद : हैदराबाद के रंगारेड्डी जिले के माधापुर में स्थित साउथ फिल्म स्टार नागार्जुन के कन्वेंशन सेंटर पर शनिवार को हैदराबाद आपदा राहत और संपत्ति संरक्षण एजेंसी (HYDRA) ने बुलडोजर कार्रवाई की। एजेंसी का आरोप है कि नागार्जुन ने इस सेंटर का अवैध निर्माण थम्मिडी कुंटा झील की जमीन पर कराया था।

    नागार्जुन का कन्वेंशन सेंटर, जिसे N-कन्वेंशन सेंटर के नाम से जाना जाता है, 6.69 एकड़ में फैला हुआ था। आरोप है कि इसमें झील की 3.30-3.40 एकड़ जमीन पर अतिक्रमण किया गया। थम्मिडी कुंटा झील कुल 29 एकड़ में फैली है। हालांकि, नागार्जुन ने इन आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा है कि झील की जमीन पर कोई निर्माण नहीं किया गया है।

    नागार्जुन ने HYDRA की कार्रवाई पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अफसोस जताते हुए कहा, कोर्ट केस और स्टे ऑर्डर लेने के बावजूद हमारे कन्वेंशन सेंटर को अवैध तरीके से तोड़ दिया गया। हमने अवैध निर्माण नहीं किया है। यह जमीन पट्टा भूमि है और झील की एक इंच जमीन का भी इस्तेमाल नहीं किया गया। सेंटर को तोड़ने से पहले हमें कोई नोटिस नहीं दिया गया था। अगर कोर्ट इसे तोड़ने का आदेश देता, तो मैं खुद इसे तोड़ देता।

    सेंटर में तीन हॉल थे, जो बड़े इवेंट्स, राजनीतिक पार्टियों की मीटिंग्स और शादियों के लिए उपयोग किए जाते थे। हाल ही में, टॉलीवुड एक्टर चिरंजीवी के भतीजे वरुण तेज और लावन्या त्रिपाठी की वेडिंग रिसेप्शन भी इसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित की गई थी।

  • 14 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म करने वाले मुख्य आरोपी ने तालाब में लगाई छलांग,जानें पूरी खबर…

    14 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म करने वाले मुख्य आरोपी ने तालाब में लगाई छलांग,जानें पूरी खबर…

     

    गुवाहाटी :  असम में नाबालिग लड़की से बलात्कार का मुख्य आरोपी शनिवार सुबह पुलिस हिरासत से कथित रूप से फरार हो गया और उसने नागांव जिले के धींग में एक तालाब में छलांग लगा दी जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था और उसे ‘क्राइम सीन’ का पता लगाने के लिए सुबह करीब साढ़े तीन बजे अपराध स्थल पर ले जाया गया था। पुलिस ने बताया, ‘‘आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया और तालाब में कूद गया।

     

    तत्काल तलाश अभियान शुरू किया गया और करीब दो घंटे बाद उसका शव बरामद किया गया।’’ धींग में बृहस्पतिवार शाम को तीन लोगों ने 14 वर्षीय लड़की के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया था। लड़की उस वक्त ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही थी। आरोपी पीड़िता को घायल अवस्था में सड़क किनारे एक तालाब के पास छोड़ कर फरार हो गए थे। बाद में स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया और एक अन्य को हिरासत में लिया है जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

  • पुणे में हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत चार लोग थे सवार

    पुणे में हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत चार लोग थे सवार

    पुणे में एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया है. तकनीकी खराबी से क्रैश होने की जानकारी सामने आ रही है. बारिश की वजह से मौसम भी खराब है. हेलीकॉप्टर किसी प्राइवेट कंपनी का बताया जा रहा है. इसमें पायलट के साथ 3 अन्य लोग सवार थे, सभी के सभी सुरक्षित हैं.

  • बदरीनाथ हाईवे लैंडस्लाइड के कारण कई जगहों पर हुआ बंद, 100 से अधिक वाहन फंसे

      बदरीनाथ हाईवे लैंडस्लाइड के कारण कई जगहों पर हुआ बंद, 100 से अधिक वाहन फंसे

     

     

     

    बदरीनाथ  : वर्षा से लैंडस्लाइड के चलते बदरीनाथ हाईवे शनिवार सुबह अवरुद्ध हो गया। हाईवे खोलने के लिए एनएच व बीआरओ की टीम सुबह से जुटी है।बदरीनाथ हाईवे चमोली व नन्दप्रयाग के बीच तीन स्थानों पर मार्ग अवरूद्ध है। चोपता मोटर मार्ग पर दीवार गिरने के कारण बड़े वाहनों के लिए रास्‍ता अवरुद्ध है। 100 से ज्यादा वाहन के फंसे होने की खबर है।

    Badrinath Highway closed at many places due to landslide : शुक्रवार को भी हाईवे बाधित था। सुबह साढ़े दस बजे तक हाईवे से मलबा हटाकर यातायात के लिए पूरी तरह सुचारु किया गया। वहीं, नंदप्रयाग के पास हाईवे अवरुद्ध होने के चलते बदरीनाथ धाम जाने व धाम से आने वाले 700 से अधिक तीर्थयात्रियों को चमोली, पीपलकोटी, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग व गौचर सहित अन्य स्थानों पर रोका गया। प्रशासन द्वारा तीर्थयात्रियों को बिस्किट व पेयजल सामग्री उपलब्ध कराई गई। नंदप्रयाग में हाईवे अवरुद्ध होने के चलते छोटे वाहनों की आवाजाही कौठियालसैंण नंदप्रयाग मोटर मार्ग से कराई गई। सोनला के पास भारी मात्रा में मलबा व बोल्डर आने के चलते कई वाहन मलबा व बोल्डर की चपेट आने से क्षतिग्रस्त भी हुए।

    कर्णप्रयाग में वर्षा व मलबा आने से शुक्रवार सुबह ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग तीन घंटे अवरुद्ध रहा। राजमार्ग अवरूद्ध रहने से दोनों ओर दर्जनों वाहन फंस गए। सुबह नौ बजे जेसीबी से मलबे को हटाकर एनएच की टीम ने वाहनों की आवाजाही शुरू कराई। थाना प्रभारी कर्णप्रयाग डीएस रावत ने बताया सुबह पांच बजे कमेड़ा में राजमार्ग पर मलबा आने से मार्ग अवरुद्ध हुआ। कर्णप्रयाग-नैनीसैंण मोटर मार्ग पर पहाड़ी से आए मलबे से शुक्रवार को भी वाहनों का आवागमन ठप रहा। दूसरी ओर नगर क्षेत्र कर्णप्रयाग में बहुगुणानगर और मंडी परिषद परिसर भूधसाव की जद में है।

  • जोशीमठ में भारी बारिश के बाद गांव आया भूस्खलन की चपेट में , लोगों की परेशानी बढ़ी

    जोशीमठ में भारी बारिश के बाद गांव आया भूस्खलन की चपेट में , लोगों की परेशानी बढ़ी

     

     

    जोशीमठ : पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की समस्या आए दिन बनी रहती है। हालात ये हो जाते हैं कि इसके कारण जानमाल का भी काफी नुकसान होता है।

    ताजा मामला उत्तराखंड के जोशीमठ का है। जोशीमठ ब्लॉक के पगनो गांव के लोग फिर एक बार भूस्खलन की समस्या के कारण अपना घर बार छोड़ने के लिए मजबूर हैं।

    जानकारी के अनुसार, पगनो गांव पिछले साल अगस्त माह से लगातार दरार और भूस्खलन का दंश झेल रहा है। अब भारी बारिश के कारण यहां भूस्खलन की समस्या और भी बढ़ गई है। ऊंची चोटियों से पत्थर गिरकर पगनो गांव में आ जाते हैं और इस वजह से घरों को जाने वाले रास्ते भी बंद हो जाते हैं।

    यही नहीं, मलबे के साथ जहरीले सांप और बिच्छू भी ग्रामीणों के घरों तक पहुंच जाते हैं, जिस कारण ग्रामीणों की जान का खतरा और भी बढ़ जाता है।

    ग्रामीण ने बताया कि शुक्रवार रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद एक बार फिर से पगनो गांव में भूस्खलन हुआ। पहाड़ों से गिरा मलबा पगनो गांव में मौजूद घरों पर आकर गिरा है, जिससे उनके घरों को काफी नुकसान पहुंचा है।

    उन्होंने कहा, “भूस्खलन की समस्या यहां लगातार बनी रहती है। इस कारण पूरे गांव को डर के साये में अपनी रात काटनी पड़ती है। यही नहीं, प्रशासन की ओर से भी ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम भी नहीं उठाए गए हैं। लैंडस्लाइड के बाद पूरी रात सभी लोग डरे हुए हैं। कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर हैं।”

    पिछले महीने, नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने उत्तराखंड सरकार को चमोली जिले में स्थित जोशीमठ में भूमि धंसने और दरारों की समस्या के समाधान के लिए की गई कार्रवाई पर एक हलफनामा प्रस्तुत करने का आदेश दिया था।

    यहां जनवरी 2023 की शुरुआत में जमीन धंस गई थी, जिसके कारण बड़ी संख्या में निवासियों को विस्थापित होना पड़ा था।

  • भारत बंद के बीच पटना में हुआ लाठीचार्ज, SDM को झेलने पड़े पुलिस के डंडे; सामने आया VIDEO

    भारत बंद के बीच पटना में हुआ लाठीचार्ज, SDM को झेलने पड़े पुलिस के डंडे; सामने आया VIDEO

     

    पटना : उच्चतम न्यायालय के अनुसूचित जाति (एससी) के आरक्षण में क्रीमीलेयर लागू करने के निर्णय के विरोध में दलित संगठनों की ओर से आज आहूत एकदिवसीय भारत बंद के दौरान बिहार की राजधानी पटना में पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ी वहीं प्रदर्शनकारियों ने आरा, दरभंगा और मधुबनी में ट्रेन को रोककर प्रदर्शन किया।

    पटना में बुधवार को प्रदर्शनकारी महेंद्रू से डाकबंगला चौराहा पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का प्रयोग किया। लेकिन, प्रदर्शनकारियों के नहीं मानने के बाद पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ी। यहां पटना सदर के एसडीएम श्रीकांत कुंडलीक खांडेकर को उनके ही सिपाही ने लाठी भांज दी। यह नजारा कवरेज कर रहे पत्रकारों के कैमरे में कैद हो गया। हालांकि सिपाही की इस गलती को दूसरे सिपाहियों ने देख लिया और उसे और लाठी मारने से रोका गया।

    देखें VIDEO-

     

    समस्तीपुर से यहां प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, बंद समर्थकों ने समस्तीपुर रेल मंडल के दरभंगा एवं मधुबनी समेत विभिन्न स्थानों पर रेल ट्रैक को जाम कर ट्रेनों का परिचालन बाधित किया। इधर आरक्षण बचाव संयुक्त संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने समस्तीपुर शहर के जिला समाहरणालय के पास मुख्य मार्ग को जाम किया, जिसके कारण समस्तीपुर-दरभंगा और समस्तीपुर-पटना मुख्य मार्ग पर घंटों यातायात बाधित रहा।

    समस्तीपुर जिला परिषद् के पूर्व सदस्य एवं वरिष्ठ दलित नेता संजय राम के नेतृत्व में जिले के पटोरी के चंदन चौक पर भी मुख्य मार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया गया। श्री राम ने कहा कि देश में दलितों को आपस में लड़ाकर आरक्षण छीनने की साज़िश चल रही है, जिसे कतई बर्दाश्त नही किया जायेगा। आरा में प्रदर्शनकारियों ने गाड़ी संख्या 01663 रानी कमलापति-सहरसा एक्सप्रेस को रोक दिया। प्रदर्शनकारी रेलवे ट्रैक पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, औरंगाबाद में बाजार बंद कराने के लिए प्रदर्शनकारियों ने दुकानदारों के साथ मार पीट की।

  • उत्तर भारत के कई शहरों में भारत बंद रहा मिला जुला असर

    उत्तर भारत के कई शहरों में भारत बंद रहा मिला जुला असर

     

     

    नई दिल्ली : एससी, एसटी आरक्षण में उच्चतम न्यायालय द्वारा क्रीमी लेयर और उपवर्गीकरण करने के फैसले के विरोध में अनुसूचित जाति और जनजाति मोर्चा व भीम आर्मी द्वारा बुलाए गए भारत बंद का पूरे देश में मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। इस बंद का समर्थन विभिन्न राजनीतिक दलों ने भी किया है, जिससे इसका प्रभाव कई शहरों में स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है।

    बिहार के जहानाबाद में इसका असर सुबह से ही दिखाई देने लगा। यहां के प्रमुख मार्गों, विशेषकर पटना-गया राष्ट्रीय मार्ग के ऊंटा मोड़ के पास बड़ी संख्या में बंद समर्थकों ने सड़क को जाम कर दिया। इस जाम की वजह से वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारत बंद समर्थकों ने सरकार से मांग की है कि उच्चतम न्यायालय के फैसले को एक अध्यादेश के माध्यम से रद्द किया जाए।

    छत्तीसगढ़ के कवर्धा में भारत बंद का असर अपेक्षाकृत कम देखा गया। चेंबर ऑफ कॉमर्स ने भारत बंद का समर्थन नहीं किया है, जिसमें छोटे व्यापारी और अन्य व्यावसायिक संगठन शामिल हैं। चेंबर ने बताया कि व्यापारिक संगठनों की बिना पूर्व सूचना के समर्थन न देने की परंपरा है, जिसके कारण कवर्धा में भारत बंद का प्रभाव सीमित रहा।

    रायपुर में बंद की वजह से कई स्कूलों में छुट्टियां दे दी गई हैं।

    इसके अलावा झारखंड के चाईबासा में भारत बंद का व्यापक असर देखने को मिला है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्थन के साथ अनुसूचित जाति और जनजाति संगठनों ने बाजारों को बंद करा दिया और वाहनों का परिचालन ठप कर दिया। चाईबासा शहर के तांबो चौक पर सड़क को अवरुद्ध कर दिया गया है, और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता ने कहा कि आरक्षण में वर्गीकरण की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

    पटना में बंद समर्थकों ने महेंद्रु अंबेडकर हॉस्टल के पास सड़क को जाम कर दिया और आगजनी की। पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है और शांति व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश कर रहा है।

    अलवर में भी भारत बंद का असर देखा गया है। बाजारों में दुकानें बंद हैं और सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं। जिला कलक्टर ने कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है, जबकि पुलिस प्रशासन लगातार राउंड पर है। हालांकि, जिले में शांति का माहौल बना हुआ है।

    दरभंगा में भीम आर्मी और अन्य दलित संगठनों ने बिहार संपर्क क्रांति ट्रेन का चक्का जाम कर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने उच्चतम न्यायालय के फैसले की आलोचना करते हुए इसे अनुसूचित जाति और जनजाति समाज के खिलाफ एक बड़ी साजिश करार दिया और सरकार से मांग की है कि इस फैसले को वापस लिया जाए।

    उत्तर प्रदेश के हरदोई में भारत बंद का असर नहीं दिखा। रोजाना की तरह दुकानें खुली रहीं। भारत बंद को लेकर पुलिस हाई अलर्ट पर है। शहर के हर चौराहे पर पुलिस फोर्स तैनात है। अमरोहा में बंद समर्थकों ने हाथों में नीला झंडा और तिरंगा लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

    बता दें, उच्चतम न्यायालय में काफी लंबे समय से सरकारी नौकरियों में आरक्षण देने के लिए एससी, एसटी वर्ग को सब कैटेगरी में रिजर्वेशन दिए जाने की मांग का मामला लंबित था। उच्चतम न्यायालय ने इस मामले में एक अगस्त को बड़ा फैसला सुनाते हुए अपने ही 2004 के पुराने फैसले को पलट दिया। इसके बाद न्यायालय ने पंजाब अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग अधिनियम, 2006 और तमिलनाडु अरुंथथियार अधिनियम पर अपनी मुहर लगाकर कोटा के अंदर सब कैटेगरी को मंजूरी दे दी।

  • जानें किस जगह हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में 4 की हुई मौत, दो घायल

    जानें किस जगह हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में 4 की हुई मौत, दो घायल

     

     

    इटावा : कानपुर हाईवे पर बुधवार की सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ। इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुए इस हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक महिला और तीन पुरुष शामिल हैं। वहीं, दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है।

    इटावा के इकदिल में हुए इस हादसे के पीछे कहा जा रहा है कि कार चालक को झपकी लग गई थी। जिसके चलते वह कार पर संतुलन संभाल नहीं सका।

    बुधवार सुबह 6.30 बजे हुई इस घटना की सूचना मिलने पर इकदिल पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, दमकल विभाग को भी घटना की सूचना दी गई। घंटों की मशक्कत के बाद दमकल विभाग के कर्मियों और पुलिस कर्मियों ने कार में फंसे शवों को बाहर निकाला।

    पोस्टमार्टम के लिए चार शवों को जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, अभी शवों की पहचान नहीं हो सकी है।

    बताया जा रहा है कि दिल्ली से एक परिवार कार में सवार होकर हमीरपुर के लिए निकला था। यहां कार ने सड़क पर खड़े एक ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

    इटावा के जिला अस्पताल आपातकालीन विभाग के डॉक्टर के अनुसार, चार पहिया वाहन और ट्रक के बीच टक्कर हो गई। हादसे में एक बच्चा और एक महिला गंभीर रूप से घायल है। 4 शव भी अस्पताल लाए गए हैं। 2 घायलों को सैफई रेफर कर दिया गया है।