Category: NATIONAL

  • भारतीय सेना की बढ़ेगी ताकत;जल्द मिलेंगे घातक हथियार और उपकरण, 1.45 लाख करोड़ रुपए के रक्षा सौदों को मंजूरी

    भारतीय सेना की बढ़ेगी ताकत;जल्द मिलेंगे घातक हथियार और उपकरण, 1.45 लाख करोड़ रुपए के रक्षा सौदों को मंजूरी

     

    नई दिल्ली : सरकार ने सशस्त्र सेनाओं की क्षमता बढ़ाने तथा उनके आधुनिकीकरण के लिए करीब एक लाख 45 हजार करोड़ रुपये के रक्षा सौदों को मंजूरी दे दी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को यहां रक्षा खरीद परिषद ने एक लाख 44 हजार 716 करोड़ रुपए की राशि के 10 पूंजी खरीद प्रस्तावों को आवश्यकता की स्वीकृति (एओएन) प्रदान की। इन सौदों की कुल लागत का 99 प्रतिशत देश में ही डिजाइन, विकसित और निर्मित श्रेणी का होगा।

    रक्षा मंत्रालय ने एक वक्तव्य जारी कर कहा कि इन प्रस्तावों में सेना के टैंक बेड़े के आधुनिकीकरण के लिए ‘फ्यूचर रेडी कॉम्बैट व्हीकल्स (एफआरसीवी) की खरीद का प्रस्ताव भी शामिल है। एफआरसीवी बेहतर गतिशीलता, सभी इलाकों में काम करने की क्षमता, बहुस्तरीय सुरक्षा, सटीक तथा घातक आग पर काबू पाने वाले उपकरणों से लैस मुख्य युद्धक टैंक होगा।

    परिषद ने ‘एयर डिफेंस फायर कंट्रोल रडार’ की खरीद के लिए भी मंजूरी दी है जो हवाई लक्ष्य का पता लगाएगा और ट्रैक करने के साथ साथ फायरिंग करने में भी सक्षम होगा। फॉरवर्ड रिपेयर टीम (ट्रैक्ड) की खरीद के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है जिसमें मशीनीकृत संचालन के दौरान इन-सीटू मरम्मत करने के लिए उपयुक्त क्रॉस कंट्री गतिशीलता है। यह उपकरण बख्तरबंद वाहन निगम लिमिटेड द्वारा डिजाइन और विकसित किया गया है, और मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री बटालियन तथा बख्तरबंद रेजिमेंट दोनों के लिए अधिकृत है।

    भारतीय तट रक्षक की क्षमताओं को बढ़ाने के लिए आवश्यकता के आधार पर खरीद के तीन प्रस्ताव मंजूर किये गये हैं। डोर्नियर-228 विमान, खराब मौसम की स्थिति में उच्च परिचालन सुविधाओं वाले अगली पीढ़ी के तेज गश्ती जहाजों और उन्नत तकनीक तथा लंबी दूरी के संचालन वाले अगली पीढ़ी के अपतटीय गश्ती जहाजों की खरीद से तटरक्षक बल की निगरानी, ​​गश्त करने की क्षमता, खोज एवं बचाव और आपदा राहत अभियान चलाने की क्षमता में वृद्धि होगी।

    बैठक के अंत में रक्षा मंत्री ने भारतीय तटरक्षक बल के दिवंगत महानिदेशक राकेश पाल जो खरीद परिषद के सदस्य भी थे को याद किया । श्री पाल का गत 18 अगस्त को चेन्नई में अचानक दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। रक्षा मंत्री ने तटरक्षक बल के विकास और विस्तार में महानिदेशक राकेश पाल के उल्लेखनीय योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति रक्षा मंत्रालय की ओर से हार्दिक संवेदना, प्रार्थना और अटूट समर्थन व्यक्त किया। परिषद के सभी सदस्यों ने खड़े होकर उनके सम्मान में एक मिनट का मौन रखा।

  • 100 रुपए के कार्ड में मिलेगा एम्स और पीजीआई में इलाज, रेलवे ने लिया अपने कर्मचारियों के लिए अहम फैसला

     100 रुपए के कार्ड में मिलेगा एम्स और पीजीआई में इलाज, रेलवे ने लिया अपने कर्मचारियों के लिए अहम फैसला

     

    नई दिल्ली: भारतीय रेलवे ने स्वास्थ्य देखभाल नीति में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए अपने कर्मचारियों, उनके आश्रितों के लिए अहम फैसला किया है। फैसले के तहत रेलवे कर्मचारियों को 100 रुपये वाला एक कार्ड दिखाने पर सीधे एम्स और पीजीआई जैसे अस्पताल में इलाज मिलेगा।

    कर्मचारियों के लिए एक यूएमआईडी कार्ड जारी किया जाएगा। इस कार्ड का लाभ रेलवे पेंशनर्स को भी जारी होगा। रेलवे के पैनल में शामिल अस्पतालों और देश के सभी अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थानों में मुफ्त इलाज करा सकेंगे। यह कार्ड 100 रुपये में बनेगा। यह नई व्यवस्था रेलवे से लगभग 12.5 लाख कर्मचारियों, 15 लाख से अधिक पेंशनर्स और करीब 10 लाख आश्रितों को लाभ होगा। रेलवे ने कहा है कि विशेष परिस्थितियों में, कुछ अस्पतालों के लिए रेफरल जारी किया जाएगा, जो 30 दिनों की अवधि के लिए वैध होगा। रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक ट्रांसफॉर्मेशन प्रणव कुमार मलिक ने यूनिक मेडिकल आइडेंटिफिकेशन कार्ड जारी करने के आदेश दिया है।

  • विशेष सत्र में रेप बिल पास; पीड़ित कोमा में गई या मौत हुई तो 10 दिन में होगी फांसी

    विशेष सत्र में रेप बिल पास; पीड़ित कोमा में गई या मौत हुई तो 10 दिन में होगी फांसी

     

    नई दिल्ली- कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप और हत्या की घटना के बाद पश्चिम बंगाल विधानसभा में विशेष सत्र के दूसरे दिन ममता सरकार में कानून मंत्री मोलॉय घटक ने एंटी रेप बिल पास कर दिया है। जिस अनुसार अब बंगाल में रेप के दोषी को 10 दिन में मौत की सजा और मामले की जांच 36 दिन में पूरी करनी होगी।

    दोषी को फांसी की सजा कब होगी?
    अगर रेप के दौरान विक्टिम की मौत हो जाती है या फिर वो कोमा में चली जाती है तो इस स्थिति में रेप के दोषी को फांसी की सजा दी जाए।

    विधानसभा में विधेयक पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस विधेयक को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि दुष्कर्म के दोषी को सख्त सजा मिलनी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने कहा, हम चाहते हैं कि यह कानून तत्काल प्रभाव से लागू हो। इसे लागू करवाना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। हमें परिणाम चाहिए। यह सरकार की जिम्मेदारी है। हम आपका पूरा समर्थन करते हैं, हम मुख्यमंत्री के बयान को आराम से सुनेंगे, वह जो चाहें कह सकती हैं लेकिन आपको गारंटी देनी होगी कि यह बिल तुरंत लागू किया जाएगा।”

    एंटी रेप बिल के बारे में जानिए
    – इस बिल के भीतर रेप और हत्या करने वाले आपराधी के लिए फांसी की सजा का प्रावधान।
    – चार्जशीट दायर करने के 36 दिनों के भीतर सजा-ए-मौत का प्रावधान।
    – 21 दिन में जांच पूरी करनी होगी।
    – अपराधी की मदद करने पर 5 साल की कैद की सजा का प्रावधान।
    – हर जिले के भीकर स्पेशल अपराजिता टास्क फोर्स बनाए जाने का प्रावधान।
    – रेप, एसिड, अटैक और छेड़छाड़ जैसे मामलों में ये टास्क फोर्स लेगी एक्शन।
    – रेप के साथ ही एसिड अटैक भी उतना ही गंभीर, इसके लिए आजीवन कारावास की सजा का प्रावधान।
    – पीड़िता की पहचान उजागर करने वालों के खिलाफ 3-5 साल की सजा का प्रावधान।
    – विधेयक में रेप की जांच और सुनवाई में तेजी लाने के लिए BNSS प्रावधानों में संशोधन शामिल।
    – सभी यौन अपराधों और एसिड अटैक की सुनवाई 30 दिनों में पूरी करने का प्रावधान।

    बता दें कि अपराजिता विधेयक को पारित होने के लिए राज्यपाल, राष्ट्रपति की मंजूरी की जरूरत होगी। विधानसभा में अपराजिता बिल पारित होने के बाद इसे हस्ताक्षर के लिए राज्यपाल के पास भेजा जाएगा। इसके बाद इसे राष्ट्रपति से मंजूरी मिलना जरूरी है। 294 सदस्यीय राज्य विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस को 223 विधायकों का समर्थन है, इसीलिए इस बिल का पारित होना मुश्किल नहीं है। हालांकि बीजेपी विधायकों ने सोमवार को यह संकेत नहीं दिया था कि वह बिल का समर्थन करेंगे या वोटिंग के दौरान अनुपस्थित रहेंगे। हालांकि इस विधेयक को राज्यपाल और राष्ट्रपति दोनों की मंजूरी की जरूरत होगी।

  • बड़ा हादसा; माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन,हादसे में तीन श्रद्धालुओं की हुई मौत

    बड़ा हादसा; माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन,हादसे में तीन श्रद्धालुओं की हुई मौत

     

    Landslide on Mata Vaishno Devi Yatra route…

     

    कटड़ा : माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग से बड़ी खबर सामने आई है। खबर यह है कि यहां लैंडस्लाइड हुआ है जिसमें दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि एक लडक़ी गंभीर रूप से घायल है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ ने पुष्टि की है कि मंदिर के रास्ते पर पत्थर गिरने और भूस्खलन की घटना हुई है।

     श्राइन बोर्ड की आपदा प्रबंधन टीम तुरंत मौके पर पहुंची और प्रभावित लोगों को बचाने और सहायता प्रदान करने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजकर 35 मिनट पर भवन से तीन किलोमीटर आगे पंछी के पास भूस्खलन हुआ, जिससे ऊपरी लोहे की संरचना का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।

  • राधा स्वामी डेरा ब्यास के मुखी गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने किया उत्तराधिकारी का ऐलान, जसदीप सिंह गिल के नाम की घोषणा

    राधा स्वामी डेरा ब्यास के मुखी गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने किया उत्तराधिकारी का ऐलान, जसदीप सिंह गिल के नाम की घोषणा

     

    अमृतसर : अमृतसर जिले के ब्यास में स्थित डेरा राधा स्वामी के मुखी बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने अपने उत्तराधिकारी के रूप में जसदीप सिंह गिल को चुन लिया है।

    जसदीप सिंह गिल 2 सितंबर 2024 से डेरा राधा स्वामी सत्संग ब्यास सोसाइटी के संरक्षक के रूप में कार्यभार संभालेंगे और उन्हें नाम दीक्षा देने का अधिकार भी प्राप्त होगा।

    बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों, जो हाल ही में कैंसर और हृदय रोग का इलाज करवा रहे हैं, ने सभी सेवादार इंचार्जों को भेजे एक पत्र में इस निर्णय की घोषणा की। पत्र में कहा गया है कि जसदीप सिंह गिल को राधा स्वामी सत्संग ब्यास सोसाइटी का नया संरक्षक नियुक्त किया गया है, और वे आगामी दिनों में गुरु के पद पर आसीन होंगे। बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने कहा कि जैसे उन्हें पूर्व में संगत का भरपूर सहयोग और प्यार मिला है, वे आशा करते हैं कि जसदीप सिंह गिल को भी उसी प्रकार की सेवा और स्नेह प्राप्त होगा।

  • SP नेता नवाब सिंह यादव का रेप पीड़िता से DNA सैंपल हुआ मैच, बलात्कार की हुई पुष्टि

     SP नेता नवाब सिंह यादव का रेप पीड़िता से DNA सैंपल हुआ मैच, बलात्कार की हुई पुष्टि

     

    लखनऊ : कन्नौज के पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव का नाबालिग रेप पीड़िता के साथ DNA सैंपल मैच हुआ है। इसी के साथ पीड़िता के साथ बलात्कार की पुष्टि हुई है। फोरेंसिक रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। बता दें बीते 11 अगस्त की रात को नवाब सिंह यादव ने नाबालिग लड़की के साथ रेप की घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान पीड़िता ने पुलिस को कॉल किया था और मामले की जानकारी दी थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। जब पुलिस वहां पहुंची तो पीड़िता की बुआ भी वहां मौजूद थी तो पुलिस ने बुआ को कस्टडी में लेकर पूछताछ की थी।

    DNA sample of SP leader Nawab Singh Yadav matches with the rape victim : पीड़िता की ओर से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया था और पीड़िता का उसके परिजनों की सहमति के आधार पर मेडिकल कराया गया था। मेडिकल होने पर रेप की पुष्टि हुई थी। इसके बाद पुलिस ने धाराएं जोड़कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। इस रेपकांड की दूसरी आरोपी पीड़िता की बुआ है, जो नाबालिग को लेकर लखनऊ से नवाब सिंह यादव के पास उसके कॉलेज में पहुंची थी। घटना के समय वह कमरे के बाहर मौजूद थी। पीड़िता ने उसे आवाज भी लगाई थी, लेकिन उसने कोई मदद नहीं की थी। पुलिस नवाब सिंह और पीड़िता की बुआ दोनों को अरेस्ट कर चुकी है।

    पूछताछ के दौरान रेप पीड़िता की बुआ ने पुलिस को बताया था कि वह नवाब सिंह को करीब 5-6 साल से जानती है। उसका नवाब सिंह के साथ फिजिकल रिलेशन होने की बात भी सामने आई। इससे पहले उसने पुलिस जांच को गुमराह करने की कोशिश की थी। पीड़िता की बुआ ने कहा था कि नवाब सिंह को फंसाया जा रहा है और इसके पीछे सपा के कुछ नेताओं का हाथ है।

  • अभी नहीं खुलेगा शंभू बॉर्डर, सुप्रीम कोर्ट ने किसानों से वार्ता के लिए हाईपावर कमेटी गठित की..

    अभी नहीं खुलेगा शंभू बॉर्डर, सुप्रीम कोर्ट ने किसानों से वार्ता के लिए हाईपावर कमेटी गठित की..

     

     

    नई दिल्ली : हरियाणा-पंजाब का शंभू बॉर्डर फिलहाल नहीं खुलेगा। आज सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई हुई। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हम हाईपावर कमेटी गठित कर रहे हैं, लेकिन कोई मुद्दे तय नहीं कर रहे हैं। यह अधिकार कमेटी को दे रहे हैं। इस कमेटी में पंजाब और हरियाणा के अधिकारी भी शामिल हैं।

    हाईपावर कमेटी को आंदोलनकारी किसानों के बीच पहुंचकर अपने ट्रैक्टर हटाने का अनुरोध करना चाहिए। कोर्ट ने कहा कि हाई पॉवर कमेटी को प्रदर्शनकारी किसानों से जाकर मिलना चाहिए। कमेटी किसानों से अनुरोध करे कि वह अपने ट्रैक्टर्स हटा लें। शीर्ष अदालत ने उम्मीद जताई कि जब किसानों की परेशानी को सही ढंग से सुना जाएगा तो वह भी कमेटी की बात सुनेंगे और अपने ट्रैक्टर्स वहां से हटा लेंगे। इससे आम लोगों को काफी राहत मिलेगी। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने किसानों को चेतावनी भी दी कि वह राजनीतिक दलों से दूरी बनाकर रखें।

  • जानें किस जगह हुई 12 करोड़ के iPhones की लूट, ट्रक में छोड़ गए खाली डिब्बे; देखें VIDEO

     

    सागर : मध्य प्रदेश के सागर जिले में 12 करोड़ रुपये की कीमत के आईफोन की लूट की शिकायत में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है। सागर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय उइके के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा ने शुक्रवार को इस मामले में कठोर कार्रवाई की है।

    बांदरी थाना प्रभारी निरीक्षक भागचंद उइके और सहायक उपनिरीक्षक राजेंद्र पांडे को लाइन हाजिर कर दिया गया है, जबकि कांस्टेबल राजेश पांडे को सस्पेंड किया गया है। इन पुलिसकर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने एक महत्वपूर्ण शिकायत को नजरअंदाज किया, जिसमें ट्रक के ड्राइवर ने 15 अगस्त को एक बड़ी चोरी की रिपोर्ट दर्ज करने की कोशिश की थी।

    देखें VIDEO-

     

    ड्राइवर ने दावा किया कि हरियाणा के गुरुग्राम से चेन्नई जा रहे कंटेनर की लूटपाट के दौरान उसे नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया गया था। ट्रक के ड्राइवर ने घटना के तुरंत बाद पुलिस से संपर्क किया था, लेकिन अधिकारियों ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की।

    सागर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा, “हम ट्रांसपोर्टर के दावे की पुष्टि कर रहे हैं कि लगभग 1600 आईफोन, जिनकी कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये है, चोरी हो गए हैं। आईफोन की निर्माता कंपनी Apple ने अभी तक पुलिस से संपर्क नहीं किया है। मैं घटना स्थल पर हूं और ट्रक की वीडियोग्राफी की जा रही है।”

    उन्होंने बताया कि कंटेनर की डकैती की शुरुआत नरसिंहपुर जिले में हुई थी। प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। इस बीच, घटना की गहन जांच जारी है।

  • शाही ईदगाह को बम से उड़ने की धमकी के बाद हड़कंप,बना दहशत का माहौल…

    शाही ईदगाह को बम से उड़ने की धमकी के बाद हड़कंप,बना दहशत का माहौल…

     

     

    नई दिल्ली- मथुरा की शाही ईदगाह के बाहर उस समय हंगामा हो गया जब एक शख्स ने ईदगाह को बम से उड़ाने की धमकी दी। जिसके बाद वहां मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

    घटना करीब एक बजे की बताई जा रही है, जब शाही ईदगाह के गेट पर सुरक्षा जवान मुस्तैदी के साथ खड़े थे, तभी आरोपी युवक वहां आ पहुंचा। उसने शाही ईदगाह को बम से उड़ाने की धमकी दी। इसके बाद युवक दौड़कर एक कार में बैठ गया और खुद पर पेट्रोल डाल लिया। जिसके बाद पुलिस ने मुसतैदी दिखाते हुए व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।

    पकड़े गए युवक का नाम पुष्पेन्द्र है, जो थाना जमुनापार क्षेत्र की मीरा विहार कॉलोनी का बताया जा रहा है। उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि अभी तक ये जानकारी सामने आई है कि पकड़े गए युवक के बेटों की मौत हो चुकी है, जिसके बाद से वो मानसिक रूप से ठीक नहीं है। फिलहाल पुलिस की तरफ से पूछताछ की जा रही है।

  • गुस्से में आ कर बेटे ने कर दी मां की हत्या; फिर फोटो शेयर कर मांगी माफी

     गुस्से में आ कर बेटे ने कर दी मां की हत्या; फिर फोटो शेयर कर मांगी माफी

     

     

    राजकोट : राजकोट में एक बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी और इसके बाद शव की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा कर माफी भी मांगी। घटना की जानकारी एक स्थानीय निवासी ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी नीलेश गोसाई को गिरफ्तार कर लिया।

    पुलिस के अनुसार, 48 वर्षीय ज्योतिबेन गोसाईं की गला घोंटकर हत्या की गई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि नीलेश ने पहले अपनी मां पर चाकू से हमला करने की कोशिश की थी। जब ज्योतिबेन ने चाकू छीन लिया, तो नीलेश ने कंबल से उसका गला घोंट दिया।

    हत्याकांड के बाद, नीलेश ने अपनी मां की तस्वीर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की और लिखा, “मुझे माफ कर दो मां, मैंने तुम्हें मार डाला, मुझे तुम्हारी याद आती है, ओम शांति।” एक अन्य पोस्ट में उसने लिखा, “मैं अपनी मां को मार रहा हूं, अपनी जान गंवा रहा हूं, सॉरी मां, ओम शांति, मिस यू मां।”

    पुलिस ने बताया कि ज्योतिबेन मानसिक बीमारी से जूझ रही थीं और उनके बेटे के साथ अक्सर बहस होती थी। रिपोर्ट के अनुसार, ज्योतिबेन की शादी 20 साल पहले टूट चुकी थी और वह अपने बेटे के साथ ही रह रही थीं। एक महीने पहले, ज्योतिबेन ने अपनी दवा लेना बंद कर दिया था, जिसके बाद उनकी स्थिति बिगड़ गई थी। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।