Category: NATIONAL

  • भीषण हादसा; सड़क से अनियंत्रित हो कर खाई में गिरी बस; 13 यात्रियों की मौत- 25 घायल

    भीषण हादसा; सड़क से अनियंत्रित हो कर खाई में गिरी बस; 13 यात्रियों की मौत- 25 घायल

     

    मुंबई : आज तड़के महाराष्ट्र के रायगढ़ में दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक बस गड्ढे में गिर गई। बस के गड्ढे में गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई। जबकि 25 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। इस दुर्घटना के ठीक बाद स्थानीय लोगों ने ही बस में सवार लोगों के बचाव की कोशिशें शुरू कर दीं। बताया गया है कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

    पुलिस के मुताबिक, निजी बस पुणे से मुंबई जा रही थी। मुंबई-पुणे हाईवे पर ही शिंगरोबा मंदिर के पास ही यह नियंत्रण खोकर सड़क से उतरकर गड्ढे में जा गिरी। बस में 40 के करीब यात्री सवार थे। राहत-बचाव कर्मियों ने सभी घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाना जारी रखा है।

  • जापान के प्रधानमंत्री किशिदा पर हुआ जानलेवा हमला, भाषण के दौरान फेंका गया बम

     जापान के प्रधानमंत्री किशिदा पर हुआ जानलेवा हमला, भाषण के दौरान फेंका गया बम

     

    टोक्यो : जापान के प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा पर जानलेवा हमले की खबर है। बताया गया है कि वाकायामा शहर में भाषण के दौरान उन पर एक व्यक्ति ने पाइप बम फेंक दिया था। हालांकि, जब तक यह बम फटता, पीएम किशिदा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बताया गया है कि जहां किशिदा का भाषण होना था, वहां से उन्हें निकाले जाने के ठीक बाद ही बड़ा धमाका सुना गया।

    क्योडो न्यूज की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि पुलिस ने स्मोक बम फेंकने वाले आरोपी को पकड़ लिया है। बताते चलें कि प्रधानमंत्री वाकायामा नंबर 1 जिले के निचले सदन के उपचुनाव के लिए प्रचार कर रहे थे।

    जुलाई 2022 में एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रधान मंत्री शिंजो आबे को गोली मारने के एक साल से भी कम समय बाद यह घटना हुई है।

  • NIA-पंजाब पुलिस ने कपूरथला से अमृतपाल के नजदीकी वकील को उठाया, अमृतपाल को लेकर फेसबुक पर डाली थी पोस्ट- 2 और साथी गिरफ्तार

    NIA-पंजाब पुलिस ने कपूरथला से अमृतपाल के नजदीकी वकील को उठाया, अमृतपाल को लेकर फेसबुक पर डाली थी पोस्ट- 2 और साथी गिरफ्तार

    जालंधर : 18 मार्च से फरार चल रहे अमृतपाल सिंह के मामले में पंजाब पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि ये तीनों अमृतपाल के नजदीकी हैं। जानकारी के अनुसार पंजाब पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी NIA ने जॉइंट ऑपरेशन के तहत जिला न्यायालय कपूरथला में प्रैक्टिस करने वाले एक वकील को उठाया है। राजदीप सिंह होशियारपुर के बाबक गांव का रहने वाला है।

    पता चला है कि वकील राजदीप सिंह ने फरार चल रहे वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल को लेकर कुछ कंटेंट अपनी फेसबुक वाल पर शेयर किया था। इसके बाद पंजाब पुलिस और NIA ने हरकत में आकर वकील को डिटेन किया है।

    वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने अमृतपाल के 2 और नजदीकियों को धरा है। गिरफ्तार लोगों में ओंकार सिंह जोकि जालंधर से है और तीसरा व्यक्ति सरबजीत सिंह जोकि नकोदर का बताया जा रहा है। इन दोनों से पुलिस ने पिस्तौल भी बरामद किया है।

  • दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से पूछताछ करेगी CBI, जांच में शामिल होने के लिए किया तलब.

     

    नई दिल्ली : केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित आबकारी नीति घोटाला मामले में रविवार (16 अप्रैल) को जांच में शामिल होने के लिए तलब किया। सूत्रों ने कहा कि शीर्ष अधिकारियों की एक टीम केजरीवाल की गवाही दर्ज करेगी।

    सीबीआई सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शराब घोटाले में कुछ सबूत इकट्ठा करने के बाद अरविंद केजरीवाल को पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। दिल्ली में स्थित सीबीआई के मुख्यालय में अरविंद केजरीवाल को 16 अप्रैल के दिन सुबह 11 बजे पहुंचना होगा।

    दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को पहले इस मामले में सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) दोनों ने गिरफ्तार किया था और वह फिलहाल जेल में हैं। सीबीआई इस मामले में पहले ही चार्जशीट दाखिल कर चुकी है और वे सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल करने वाली है।

  • हाय गर्मी; अप्रैल में ही पारा 40 डिग्री के पार! पंजाब-हरियाणा में गर्मी ने दिखाने शुरू तीखे तेवर, लू का अलर्ट..

    हाय गर्मी; अप्रैल में ही पारा 40 डिग्री के पार! पंजाब-हरियाणा में गर्मी ने दिखाने शुरू तीखे तेवर, लू का अलर्ट..

     

    नई दिल्ली : हरियाणा और पंजाब में गर्मी का सितम शुरू हो गया है। दोनों राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। सिरसा का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पंजाब के फरीदकोट में 39.6 डिग्र्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिन अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि राहत की बात यह है कि 15 अप्रैल से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे 16 और 17 अप्रैल को पंजाब व हरियाणा के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं।

    मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब के अधिकतम तापमान में गुरुवार को 0.9 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक रहा। समराला में 39.5, अमृतसर में 37.6, लुधियाना में 37.1, पटियाला में 38.3, बरनाला में 38.6, होशियारपुर में 38.1 और बठिंडा में 39 डिग्री दर्ज किया गया।

    वहीं, रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान में 0.1 डिग्री की गिरावट देखी गई। मुक्तसर में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं, हरियाणा में गुरुवार का दिन इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार हालत यही रहे तो अप्रैल के अंत तक पारा 42 डिग्री के पार तक जा सकता है।

    इसके अलावा मौसम विभाग ने एक राहत भरी खबर भी दी है कि 15 अप्रैल से फिर एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने वाला है जिससे 16 और 17 अप्रैल को हरियाणा और पंजाब के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

  • Corona  के बढ़ते मामलों के बीच सरकार ने उठाया बड़ा कदम, स्कूल-ऑफिस और सार्वजनिक जगहों पर मास्क लगाना किया जरूरी

    Corona  के बढ़ते मामलों के बीच सरकार ने उठाया बड़ा कदम, स्कूल-ऑफिस और सार्वजनिक जगहों पर मास्क लगाना किया जरूरी

     

    नई दिल्ली : देश में एक बार फिर तेजी के साथ कोरोना के केस सामने आ रहे हैं। राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां पिछले 24 घंटे के दौरान 1527 नए मामले सामने आए हैं। राजधानी में बढ़ते कोविड केसों को देखते हुए एनसीआर में आने वाले नोएडा में एक बार फिर मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने जिले की सभी सार्वजनिक जगहों, स्कूल, ऑफिस, कॉलेज, शॉपिंग मॉल में मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया है और सामाजिक दूरी के नियम का पालन करने की हिदायत दी है।

    इसी के ही साथ रेलवे और बस स्टेशन के गेट पर सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि अगर किसी व्यक्ति में सर्दी, जुखाम और बुखार के लक्षण दिखाई देते हैं तो वो मरीज को क्वारंटीन हो जाए।

    जारी दिशा निर्देश के मुताबिक अगर किसी बच्चे को जुखाम-खांसी है तो अभिभावक उसे स्कूल या कॉलेज नहीं भेजें। साथ ही सभी निजी और सरकारी अस्पतालों में भी बिना मास्क प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया है। वहीं बुजुर्गों को भीड़भाड़ वाले जगहों पर न जाने की सलाह दी गई है। किडनी, दिल, लीवर, शुगर, अस्थमा के अलावा ब्लड संबंधी बीमारियों से पीड़ितों को घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।

    वहीं मूवी हॉल में भी अब 50 फीसदी क्षमता के साथ ही फिल्म देखी जाएगी। एक सीट छोड़कर बैठना होगा। बिना मास्क थिएटर में एंट्री नहीं दी जाएगी। बाजार और मॉल में खरीदारी करते समय मास्क और दस्ताने पहनने की हिदायत भी लोगों को दी गई है।

  • राजनीति:  जालंधर उपचुनाव से पहले भाजपा को लगा बड़ा झटका, मोहिंदर भगत ने थाम लिया आम आदमी पार्टी का झाड़ू..

    राजनीति:  जालंधर उपचुनाव से पहले भाजपा को लगा बड़ा झटका, मोहिंदर भगत ने थाम लिया आम आदमी पार्टी का झाड़ू..

     

    Mbd web news  जालंधऱ ( शर्मा)– जालंधर में होने वाले उपचुनाव से काफी उथल पुथल मची हुई है पंजाब भाजपा को आज आम आदमी पार्टी ने तगड़ा झटका दिया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री भगत चूनी लाल के बेटे एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मोहिंदर भगत ने आज आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली।

    उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान की उपस्थिति में आप ज्वाइन कर ली। इस अवसर पर मोहिंदर भगत के बेटे अतुल भगत ने भी आप ज्वाइन कर ली। आप नेताओं में प्रदेश महासचिव हरचंद सिंह बरसट, विधायक शीतल अंगुराल उपस्थित थे। मोहिंदर भगत वेस्ट विधानसभा हलके से संबंध रखते हैं और उनका परिवार सालों से भाजपा से जुड़ा रहा है। उनके पिता चूनी लाल भगत अकाली भाजपा गठबंधन सरकार के समय में स्थानीय निकाय मंत्री रहे। मोहिंदर भगत ने वेस्ट विधानसभा हलके से विधानसभा चुनाव लड़ा था लेकिन हार गए थे। उल्लेखनीय है कि हाल ही में दिग्गज कांग्रेसी सुरिंदर चाैधरी ने भी आप ज्वाइन की थी।

  • सेना की फायरिंग में हुई 14 लोगों की मौत जांच में केंद्र सरकार के नागालैंड पुलिस को आदेश- जवानों पर नहीं चलेगा मुकद्दमा

    सेना की फायरिंग में हुई 14 लोगों की मौत जांच में केंद्र सरकार के नागालैंड पुलिस को आदेश- जवानों पर नहीं चलेगा मुकद्दमा

     

     

    नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने नागालैंड विवाद पर 30 सैनिकों पर मुकद्दमा चलाने की अनुमति नहीं दी है। राज्य पुलिस के अनुसार, केंद्र ने नागालैंड में दिसंबर 2021 में उग्रवाद-विरोधी अभियान में कथित रूप से शामिल 30 सैन्य कर्मियों के खिलाफ मुकद्दमा चलाने की मंजूरी देने से इनकार कर दिया है, जिसमें 14 स्‍थानीय युवक मारे गए थे।

    नागालैंड के मोन जिले में गोलीबारी की जांच करने वाले नागालैंड विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा दायर चार्जशीट में सेना के लोगों का नाम लिया गया था। नागालैंड पुलिस ने एक बयान में कहा कि सक्षम प्राधिकारी (सैन्य मामलों के विभाग, रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार) ने सभी 30 आरोपियों के खिलाफ मुकद्दमा चलाने की मंजूरी देने से इनकार कर दिया है।

    बता दें कि सशस्त्र बल विशेष अधिकार अधिनियम (AFSPA) सहित विभिन्न कानूनों के तहत कर्तव्यों का निर्वहन करते समय सुरक्षा बलों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करने के लिए केंद्र की कानूनी मंजूरी की आवश्यकता होती है, जो अशांत क्षेत्रों में बलों को व्यापक अधिकार देता है। सेना ने इस घटना की एक स्वतंत्र कोर्ट ऑफ इंक्वायरी भी स्थापित की, जिसमें दोषी पाए गए किसी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। हालांकि, सेना ने कहा कि वह कोई कार्रवाई नहीं कर सकती, क्योंकि मामला सुप्रीम कोर्ट में है।

  • भारतीय सीमा में घुसा पाकिस्तानी ड्रोन,  BSF जवानों ने की फायरिंग- हेरोइन की बड़ी खेप जब्त

     भारतीय सीमा में घुसा पाकिस्तानी ड्रोन,  BSF जवानों ने की फायरिंग- हेरोइन की बड़ी खेप जब्त

     

    मानस: बीएसएफ पंजाब फ्रंटियर 12-13 अप्रैल की रात अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात BSF के जवानों ने ड्रोन पर फायरिंग की। तलाशी के दौरान, फाजिल्का जिले के महरखेवा मानसा गांव के पास एक खेत से 4.560 किलोग्राम हेरोइन (4 पैकेट) बरामद की गई। जवानों की तरफ से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

    बता दें कि पंजाब पुलिस के 36.9 कि.ग्रा. हेरोइन की खेप जब्त किए जाने के 24 घंटों के अंदर ही पाकिस्तानी तस्करों ने फिर से ड्रोन भारतीय सीमा में भेजा है। इसकी भनक सरहद पर तैनात बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के जवानों को लग गई। फायरिंग के बाद ड्रोन वापस जाने में कामयाब रहा, लेकिन हेरोइन की खेप को जब्त कर लिया गया।

    अलसुबह सुरक्षा घेरे में BSF के जवानों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन को शुरू किया। इसी दौरान इंटरनेशनल बॉर्डर के समीप ही खेतों में दो बड़े पैकेट BSF ने जब्त किए। पैकेट्स में 4 छोटे पैकेट्स को पैक किया गया था। सुरक्षा जांच के बाद जब पैकेट्स को खोला गया तो हेरोइन निकली, जिसका कुल वजन 4.560 कि.ग्रा. था।

  • रोजगार मेला;  देश के 71 हजार युवाओं को मिला रोजगार, PM मोदी ने सौंपे नियुक्ति पत्र

    नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ‘रोजगार मेला’ के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लगभग 71,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नियुक्त किए गए लोगों को संबोधित भी किया।

    इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, ‘आज 70 हजार से ज्यादा युवाओं को केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में नौकरी मिली है। आप सभी युवाओं को, आपके परिजनों को बहुत-बहुत बधाई। हमारी सरकार विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को सही अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। आज का नया भारत, अब जिस नई नीति और रणनाति पर चल रहा है, उसने देश में नई संभावनाओं और नए अवसरों के द्वार खोल दिए हैं।’

    प्रधानमंत्री ने कहा, ‘NDA और बीजेपी शासित राज्यों में तेजी से रोजगार दिए जा रहे हैं। ये आज का रोजगार मेला भी इसी कड़ी में एक बड़ी सौगात है। पूरी दुनिया कोविड के बाद मंदी से जूझ रही है, ज्यादातर देशों की अर्थव्यवस्था गिर रही है, लेकिन इस सबके बीच भारत को दुनिया एक ब्राइट स्पॉट के तौर पर देख रही है।’

    पीएम मोदी ने इस दौरान पिछली सरकारों पर हमला करते हुए कहा, ‘एक समय था जब भारत टेक्नोलॉजी हो या इंफ्रास्ट्रक्चर, सबमें रिएक्टिव अप्रोच के साथ काम करता था, लेकिन अब 2014 के बाद से प्रो-एक्टिव अप्रोच अपनाई है। इसका नतीजा ये हुआ कि 21वीं सदी का ये तीसरा दशक, रोजगार और स्वरोजगार वो अवसर पैदा कर रहा है, जिनकी पहले कल्पना भी नहीं की जा सकती थी।’

    पीएम मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘इस दौरान रोजगार के तमाम अवसर बन रहे हैं। स्टार्ट अप को लेकर भारतीय युवाओं में गजब का उत्साह है। इसके जरिये डायरेक्ट और इनडायरेक्ट तमाम तरीके से रोजगार के अवसर बने। ड्रोन इंडस्ट्री में देश आगे बढ़ रहा है। स्पोर्टस के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन, खेल संबंधी बजट में बढ़ोतरी की गई है।’

    प्रधानमंत्री ने इसके साथ ही कहा, ‘8-9 सालों में भारत में 30 हजार एलएचबी कोच बने। इससे तमाम रोजगार के अवसर बने। खिलौना उत्पादन के क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर बन रहा है और आज स्वदेशी खिलौने बनाए जा रहे हैं। अब भारत में सैन्य हथियार बनेंगे, और भारतीय कंपनियों से ही खरीदे जाएंगे, इससे रोजगार के हजारों अवसर पैदा हुए।’

    पीएम मोदी ने कहा कि 2014 के समय ज्यादातर मोबाइल फोन इम्पोर्ट किए जाते थे। आज अगर 2014 से पहले वाली स्थिति होती तो करोड़ो रुपये फारेक्स में बर्बाद होते। आज भारत में मोबाइल बन रहे और हम बाहर एक्पोर्ट भी कर रहे हैं।

    वहीं रेल, सड़क आदि के क्षेत्र में किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘हमारी सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए जानी जाती है। हमारी सरकार में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट 4 गुना बढ़ा है। अभी हम हर महीने 6 किलोमीटर की मेट्रो लाइन बना रहे हैं। पहले 2014 से ये आंकड़ा मीटर में होता था और अब हम किलोमीटर में बना रहे हैं।’

    बता दें कि रोजगार सृजन को मुख्‍य प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता पूरी करने की दिशा में यह रोजगार मेला महत्‍वपूर्ण कदम है। इसी कड़ी में नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के अधिकार क्षेत्र में ‘रोजगार मेला’ तीन अलग-अलग स्थानों- असम में गुवाहाटी, उत्तर बंगाल में सिलीगुड़ी और नगालैंड के दीमापुर में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में गुवाहाटी में 207, दीमापुर में 217 और सिलीगुड़ी में 225 उम्मीदवारों को विभिन्न सरकारी विभागों से नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

    पीएमओ ने कहा कि देश भर से चयनित युवाओं को भारत सरकार के तहत जूनियर इंजीनियर, लोको पायलट, तकनीशियन, निरीक्षक, उप निरीक्षक, कांस्टेबल, स्टेनोग्राफर, जूनियर एकाउंटेंट, ग्रामीण डाक सेवक, आयकर निरीक्षक, शिक्षक, नर्स, डॉक्टर, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी, पीए, एमटीएस जैसे विभिन्न पदों पर तैनाती दी गई।