Category: NATIONAL

  • CBSE  ने जारी किया 12वीं का रिजल्ट , 87.33%  छात्र हुए पास; त्रिवेंद्रम

    CBSE  ने जारी किया 12वीं का रिजल्ट , 87.33%  छात्र हुए पास; त्रिवेंद्रम 99.91 प्रतिशत के साथ टॉप पर

    नई दिल्ली : सीबीएसई कक्षा 12 का रिजल्ट जारी हो चुका है। इस बार कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 87.33% है। बोर्ड ने अभी तक तो सीबीएसई ने 12वीं का रिजल्ट जारी किया है, हालांकि जानकारी के मुताबिक 10वीं का रिजल्ट भी आज ही जारी किया जाएगा।

    बता दें कि त्रिवेंद्रम रीजन 99.91 पास प्रतिशत के साथ टॉप पर है। लड़कियां 90.68 पास प्रतिशत के साथ लड़कों से 6.01% आगे हैं। अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा से बचने के लिए सीबीएसई अपने छात्रों को फर्स्ट, सेकेंड और थर्ड डिवीजन नहीं देगा।

    इन वेबसाइट्स पर भी चेक कर करें रिजल्ट

    cbseresults.nic.in
    cbse.nic.in
    cbse.gov.in
    digilocker.gov.in
    results.gov.in
    DigiLocker
    UMANG

    रीजन वाइज ऐसा रहा रिजल्ट

    त्रिवेंद्रम- 99.91 फीसदी
    बंगलुरू – 98.64 फीसदी
    चेन्नई – 97.40 फीसदी
    दिल्ली वेस्ट – 93.24 फीसदी
    चंडीगढ़ – 91.84 फीसदी
    दिल्ली ईस्ट – 91.50 फीसदी
    अजमेर – 89.27 फीसदी
    पुणे – 87.28 फीसदी
    पंचकुला – 86.93 फीसदी
    पटना – 85.47 फीसदी
    भुवनेश्वर – 83.73 फीसदी
    गुवाहाटी- 83.73 फीसदी
    भोपाल – 83.54 फीसदी
    नोएडा – 80.36 फीसदी
    देहरादून – 80.26 फीसदी
    प्रयागराज – 78.05 फीसदी

    गौर हो कि 11 मई को रिजल्ट जारी होने की सूचना वायरल हो रही थी, जिस पर बोर्ड के अधिकारियों ने कहा था कि अभी रिजल्ट की डेट नहीं घोषित की गई है। सीबीएसई 12वीं के नतीजे आज, 12 मई को घोषित कर दिए गए हैं। स्टूडेंट्स आधिकारिक वेबसाइट पर अपने रोल नंबर दर्ज कर नतीजे चेक कर सकते हैं।

  • पाकिस्तान में इमरान खान के करीबियों पर शिकंजा, पीटीआई उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरैशी गिरफ्तार

    पाकिस्तान में इमरान खान के करीबियों पर शिकंजा, पीटीआई उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरैशी गिरफ्तार

     

    Imran Khan close friends arrest in Pakistan, PTI Vice President Shah Mehmood Qureshi arrested

     

    इस्लामाबाद -पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। सिंध प्रांत को छोड़कर पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आर्मी तैनात कर दी गई है। इसी बीच पाकिस्तान में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरैशी को पुलिस ने सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने (3एमपीओ) की धारा तीन के तहत गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

    जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार , पीटीआई नेता को बुधवार दोपहर गिरफ्तार करने की पुलिस की नाकाम कोशिश के बाद इस्लामाबाद के गिलगित बाल्टिस्तान हाउस से हिरासत में ले लिया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुरैशी पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा में दंगों और आगजनी के मामलों में वांछित है। कुरैशी ने अपनी गिरफ्तारी से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को देश में सच्ची आजादी के लिए अपना संघर्ष जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि मैंने पाकिस्तान के विदेश मंत्री के रूप में हर मंच पर देश के हितों का बचाव किया। मैं व्यावहारिक राजनीति में 40 साल से हूं। उन्होंने कहा कि मैंने कोई भडक़ाऊ बयान नहीं दिया है जिससे मुकदमों का सामना करना पड़े। कुरैशी ने हाल ही में इस्लामाबाद में पार्टी अध्यक्ष इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों में लगभग 50 लोगों के मारे जाने पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि कोर कमांडर लाहौर की घटना का आरोप उन पर और पार्टी अध्यक्ष श्री इमरान खान के खिलाफ झूठा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांत रहने और अपने मुद्दे पर डटे रहने का आह्वान किया। USA में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के पूर्व अध्यक्ष जॉनी बशीर ने कहा कि हमारे नेता इमरान खान को गिरफ्तार किया गया है, बिना किसी वॉरंट और चार्ज के उन्हें गिरफ्तार किया गया, हम वैश्विक समुदाय और नेता से जो यह देख रहे हैं उन्हें कहना चाहते हैं इस मानवाधिकार उल्लंघन के खिलाफ आवाज उठाएं और इस मुद्दें को देखें, हम पाकिस्तान में सिविल वॉर नहीं चाहते हैं।

  • गुरुओं की धरती को दहलाने की थी साजिश, स्वर्ण मंदिर के पास हुए धमाकों की SIT करेगी जांच

    गुरुओं की धरती को दहलाने की थी साजिश, स्वर्ण मंदिर के पास हुए धमाकों की SIT करेगी जांच

     

    अमृतसर अमृतसर को दहलाने की साजिश रची जा रही थी। बुधवार देर रात श्री गुरु रामदास सराय के पीछे हुए धमाके के आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ये बड़ा खुलासा हुआ है। खुफिया सूत्रों के अनुसार, आरोपियों के पास और भी कई बम थे। अब पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। आरोपियों की पहली तस्वीर भी सामने आ गई हैं। सराय की सीसीटीवी फुटेज में दो आरोपी दिखे हैं। धमाके के बाद दोनों सराय में आकर सो गए थे। एसजीपीसी के कर्मचारियों ने दोनों को पकड़ा।

    पुलिस की शुरुआती छानबीन के बाद पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गोल्डन टेंपल के हुए ब्लास्ट पर पुलिस की कार्रवाई की जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने प्रेस कॉफ्रेंस में दी है। गौरव यादव ने कहा कि अमृतसर में कम तीव्रता वाले विस्फोट के मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आजादवीर सिंह, अमरीक सिंह, साहिब सिंह, हरजीत सिंह और धर्मेंद्र सिंह को गिरफ़्तार किया है। आजादवीर सिंह और अमरीक सिंह ने IED असेंबल की थी। डीजीपी ने बताया कि इस मामले की जांच एसआईटी करेगी।

    पंजाब डीजीपी ने आगे बताया कि अमरीक सिंह की पत्नी से भी पूछताछ की जा रही है। आजादवीर के पास से 1.1 किलो विस्फोटक बरामद हुआ है।

  • मरीज बना डॉक्टर के लिए हैवान, ड्रेसिंग कर रही डाक्टर को चाकू घोंपकर मार डाला

    मरीज बना डॉक्टर के लिए हैवान, ड्रेसिंग कर रही डाक्टर को चाकू घोंपकर मार डाला

     

    The patient became a monster, the doctor who was dressing was stabbed to death

    कोट्टारक्कारा -केरल के कोट्टारक्कारा के तालुक अस्पताल में बड़ी वारदात घटित हुई है। यहां एक मरीज ने महिला डाक्टर की चाकू मारकर हत्या कर दी। मरीज ने वारदात को तब अंजाम दिया जब डाक्टर उसकी ड्रैसिंग कर रही थी। मृतका का नाम डॉक्टर वंदना दास है। कोट्टारक्कारा पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जब डॉक्टर उस व्यक्ति के पैर के घाव की ड्रेसिंग कर रही थी, तभी वह व्यक्ति अचानक उत्तेजित हो गया और कैंची और चाकू से वहां खड़े सभी लोगों पर हमला कर दिया। अधिकारी ने बताया कि महिला डॉक्टर हमले में बुरी तरह घायल हो गई। आरोपी को अस्पताल लेकर आए पुलिस कर्मी भी हमले में घायल हो गए।

    घायलावस्था में डाक्टर को तिरुवनंतपुरम के एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। अधिकारी ने बताया, ‘उसने शराब का सेवन किया था और जब हम उसे अस्पताल ले गए तो वह हिंसक हो गया था, वह महिला डॉक्टर के साथ अकेला था, क्योंकि हमें कमरे में जाने की अनुमति नहीं थी। डॉक्टर आरोपी के घाव की मरहम-पट्टी कर रही थीं।’ अधिकारी ने बताया, ‘बाद में उस पर बहुत मुश्किल से काबू पाया गया और उसे हिरासत में ले लिया गया।’

  • क्या है अल कादिर ट्रस्ट मामला? जिसमें इमरान खान हुए गिरफ्तार

    क्या है अल कादिर ट्रस्ट मामला? जिसमें इमरान खान हुए गिरफ्तार

    नई दिल्ली : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को आज इस्लामाबाद हाई कोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के अनुसार इमरान खान अपने खिलाफ लंबित एक मामले की सुनवाई के लिए हाई कोर्ट पहुंचे थे तभी अर्धसैनिक बलों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अर्धसैनिक बलों ने इमरान को गिरफ्तार कर रावलपिंडी नेशनल अकाउंटबिलिटी ब्यूरो को सौंप दिया है। इमरान खान को अल कादिर ट्रस्ट केस में गिरफ्तार किया गया है। इमरान खान के खिलाफ आतंकवाद, ईशनिंदा, हत्या, हिंसा और हिंसा भड़काने से संबंधित 120 से अधिक मामले दर्ज हैं।

    अरबों की जमीन से जुड़ा है मामला
    अल कादिर ट्रस्ट एक यूनिवर्सिटी से जुड़ा मामला है। इमरान खान, उनकी पत्नी बुशरा बीबी और उनके करीबी सहयोगी जुल्फिकार बुखारी और बाबर अवान ने अल-कादिर प्रोजेक्ट ट्रस्ट का गठन किया था। इस यूनिवर्सिटी के लिए इमरान खान ने बतौर प्रधानमंत्री गैरकानूनी तौर पर अरबों रुपए की जमीन हासिल की। खास बात यह है कि अल कादिर यूनिवर्सिटी में सिर्फ दो ही ट्रस्टी हैं, इमरान और उनकी पत्नी बुशरा। इसे झेलम के सोहावा में साल 2021 में स्थापित किया गया था। हैरानी की बात यह है कि अल कादिर यूनिवर्सिटी में 6 साल में सिर्फ 32 स्टूडेंट्स के एडमिशन हुए। इस यूनिवर्सिटी की कीमत करीब 90 करोड़ रुपए है।

    कैसे हुआ खुलासा
    इस मामले का खुलासा पाकिस्तान के सबसे अमीर शख्स मलिक रियाज ने किया। मलिक रियाज वह शख्स है जिनसे इमरान खान ने यह जमीन ली थी। रिजाय ने आरोप लगाया था कि इमरान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी ने उन्हें गिरफ्तारी का डर दिखाकर अरबों रुपए की जमीन अपने नाम करवा ली थी। वहीं मालिक रियाज और उनकी बेटी की बातचीत का एक ऑडियो लीक हुआ था। जिसमें रियाज की बेटी कहती हैं कि बुशरा बीबी उनसे पांच कैरेट के हीरे की अंगूठी मांग रही हैं। जिसके बाद रियाज ने कहा कि अगर वह हमारा काम कर देतीं है तो पांच कैरेट की अंगूठी उन्हें दे दो।

  • सीमा पार से होने वाले अपराध रोकने को सीमावर्ती गांवों में बुनियादी ढांचे का विकास जरूरी : अमित शाह

    सीमा पार से होने वाले अपराध रोकने को सीमावर्ती गांवों में बुनियादी ढांचे का विकास जरूरी : अमित शाह

     

    कोलकाता : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को देश की विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं के पास स्थित गांवों में सीमा पार व्यापार को रोकने के लिए बुनियादी ढांचे के विकास की जरूरत पर जोर दिया। केंद्रीय गृहमंत्री ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “इस मुद्दे पर हमारी सीमा सुरक्षा नीति स्पष्ट है। हमें अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के पास के गांवों में अन्य गांवों की तरह मजबूत और प्रभावी बुनियादी ढांचे के विकास की जरूरत है। हम चाहते हैं कि ये सीमावर्ती गांव अच्छी तरह से जुड़े हों।”

    पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में बनगांव उपखंड के तहत बेनापोल-पेट्रापोल सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) चौकी पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पेट्रापोल सीमा पर भूमि-बंदरगाह अंतर्राष्ट्रीय व्यापार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस सीमा पर प्रस्तावित दूसरा कार्गो गेट सीमा पार व्यापार को काफी हद तक बढ़ावा देगा।

    शाह ने कहा, “यह भूमि-बंदरगाह न केवल देश के आर्थिक विकास में योगदान दे रहा है, बल्कि हमारे पड़ोसी देश के साथ संबंधों को मजबूत करने में एक राजदूत के रूप में भी काम कर रहा है।”

    शाह ने बीएसएफ के कार्यक्रम में भाग लेने से पहले उत्तरी कोलकाता के जोरासांको में रवींद्रनाथ टैगोर के पैतृक निवास का दौरा किया और नोबेल पुरस्कार विजेता भारतीय कवि, लेखक को उनकी जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, “गुरुदेव ऐसे कवि हैं, जिन्होंने दो देशों का राष्ट्रगान लिखा है।”

  • अमृतसर ब्लास्ट के बाद NIA और NSG ने  संभाला मोर्चा, जांच शुरू कर घटना स्थल पर सीन किया रीक्रिएट

    अमृतसर ब्लास्ट के बाद NIA और NSG ने  संभाला मोर्चा, जांच शुरू कर घटना स्थल पर सीन किया रीक्रिएट

     

    अमृतसर : अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के पास ‘हेरिटेज स्ट्रीट’ पर सारागढ़ी बहुमंजिला पार्किंग के पास हुए दोहरे विस्फोटों की जांच अब एनआईए की एक टीम कर रही है। देर रात एनआईए NIA की टीम के पहुंचने के बाद मंगलवार सुबह NSG की टीम भी जांच के लिए विरासती मार्ग पहुंची। दोनों टीमों ने घटना स्थल पर सीन रीक्रिएट किया और पूरे एरिया का मुआयना भी किया।

    घटना स्थल पर जांच में जुटी टीम।

    वहीं इससे पहले टीम ने फोरेंसिक जांच टीमों से ब्योरा लेने के अलावा पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की है। इस बीच पुलिस सूत्रों के हवाले से खुलासा हुआ है कि ‘हेरिटेज स्ट्रीट’ पर हुए दो विस्फोटों में इस्तेमाल विस्फोटक 250 मिलीलीटर के दो कैन ‘हेल’ नामक कोल्ड ड्रिंक के कैन में पैक किए गए थे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि कैन को गिराने या ऊंचाई से फेंके जाने पर उनमें विस्फोट हो गया।

    एनआईए और NSG की टीम के अमृतसर पहुंचते ही हेरिटेज स्ट्रीट पुलिस छावनी में तब्दील हो गई है। पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए बहुमंजिला पार्किंग की छत पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की है।

    घटना स्थल पर पहुंच जांच करती हुई NIA की टीम।

    गौरतलब है कि पहला धमाका शनिवार रात को हुआ, जबकि दूसरा कम तीव्रता का धमाका बीते सोमवार को सुबह हुआ था। पहले दिन में पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने घटनास्थल का दौरा किया था। उन्होंने कहा था कि विस्फोटकों को कच्ची सामग्री से तैयार किया था। दूसरा रहस्यमयी धमाका सोमवार को उसी जगह के पास हुआ जहां शनिवार रात पहला धमाका हुआ था।

  • केंद्र सरकार ने दिया आदेश;अब सभी मोबाइल फोन में एफएम रेडियो एक्टिव होना जरूरी करें आईसीईए, एमएआईटी

    केंद्र सरकार ने दिया आदेश;अब सभी मोबाइल फोन में एफएम रेडियो एक्टिव होना जरूरी करें आईसीईए, एमएआईटी

     

    Central Government orders, make it mandatory for all mobile phones to have FM radio active ICEA, MAIT

    नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने इंडियन सेल्युलर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन (आईसीईए) और मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन फॉर इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (एमएआईटी) से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान लोगों की मदद के लिए एफएम रेडियो सभी मोबाइल फोन पर उपलब्ध हो। आईटी मंत्रालय ने एक एडवाइजरी में कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि जहां भी मोबाइल फोन इनबिल्ट एफएम रेडियो रिसीवर फंक्शन या फीचर से लैस है, वह फीचर अक्षम या निष्क्रिय नहीं है, बल्कि मोबाइल फोन में सक्षम/सक्रिय रखा गया है। आगे, यह सलाह दी जाती है कि अगर एफएम रेडियो रिसीवर फंक्शन या सुविधा मोबाइल फोन में उपलब्ध नहीं है, तो इसे शामिल किया जा सकता है। मेइटवाई ने आईसीईए और एमएआईटी को बताया, उन्हें सभी मोबाइल फोन निर्माताओं/ब्रांडों के बीच प्राथमिकता पर सलाह प्रसारित करने के लिए कहा। इस कदम से लोगों को प्राकृतिक आपदाओं के दौरान दूर-दराज के क्षेत्रों में रेडियो सेवा के माध्यम से जानकारी प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
    आईटी मंत्रालय ने कहा कि पिछले 4-5 वर्षो के दौरान एफएम ट्यूनर सुविधा वाले मोबाइल फोन में भारी गिरावट आई है, जिससे न केवल गरीबों की मुफ्त एफएम रेडियो सेवा प्राप्त करने की क्षमता प्रभावित हुई है, बल्कि आपात स्थिति और आपदाओं के दौरान सरकार की प्रसार करने की क्षमता भी प्रभावित हुई है। मंत्रालय ने कहा, एफएम प्रसारण एक मजबूत और विश्वसनीय संचार प्रणाली है। एफएम स्टेशन स्थानीय अधिकारियों और प्राकृतिक आपदाओं (विनाशकारी स्थितियों में) के समय लोगों के बीच महत्वपूर्ण संचार लिंक के रूप में काम करते हैं।

    अंतर्राष्ट्रीय दूरसंचार संघ (आईटीयू) के अनुसार, आपातस्थिति और आपदा के समय में रेडियो प्रसारण प्रारंभिक चेतावनी देने और लोगों को जीवन बचाने के लिए सतर्क करने के सबसे शक्तिशाली और प्रभावी तरीकों में से एक है।

    इसके अलावा, आपदाओं के दौरान एफएम-सक्षम मोबाइल फोन (नियमित स्टैंडअलोन रेडियो सेट और कार रिसीवर के अलावा) के माध्यम से त्वरित, समय पर और विश्वसनीय संचार की आवश्यकता है, क्योंकि इससे कीमती जीवन, आजीविका को बचाया जा सकता है और आपदाओं से निपटने के लिए हमें बेहतर तरीके से तैयार भी किया जा सकता है। मंत्रालय ने अपनी एडवाइजरी में कहा, देश में एफएम ट्रांसमीटर और एफएम रेडियो के विशाल नेटवर्क की उपलब्धता ने कोविड-19 महामारी के खिलाफ भारत की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

  • भीषण सड़क दुर्घटना:मुरादाबाद में डीसीएम और टाटा मैजिक के बीच हुई भयंकर टक्कर में एक ही परिवार के 10 लोगों की मौत

     भीषण सड़क दुर्घटना:मुरादाबाद में डीसीएम और टाटा मैजिक के बीच हुई भयंकर टक्कर में एक ही परिवार के 10 लोगों की मौत

     

    मुरादाबाद : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के भगतपुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक दर्जन से ज्यादा घायल हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल से निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मरने वाले सभी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। घायल और मरने वाले अधिकतर लोग भोजपुर थाने के कोहरबाकू गांव के रहने वाले हैं।

    कोहरबाकू गांव के रहने वाले शब्बीर अहमद के बहनोई अंसारी हुसैन रामपुर की स्वार तहसील के खेमपुर गांव में रहते हैं। रविवार को उनकी भांजी की शादी थी। शब्बीर अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ वाहन से भात देने के लिए खेमपुर जा रहे थे। दलपतपुर-काशीपुर रोड पर दोपहर करीब डेढ़ बजे सामने से डीसीएम ने टाटा मैजिक को टक्कर मार दी। टाटा मैजिक खाई में जा गिरी। मौके पर पहुंचे लोग और सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को निकाला। आठ की बालिका बुशरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रबिया, आरिफा, हनीफा ने अस्पताल में दम तोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हेमराज मीणा ने बताया कि टाटा मैजिक से लोग शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी वाहन को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए।

    पुलिस के अनुसार घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया है। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को निजी अस्पताल रेफर किया गया है। टाटा मैजिक में महिला और पुरुष समेत कुल 26 लोग सवार थे। जिला प्रशासन घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था कर रहा है।

  • टेरिटोरियल आर्मी की महिला अधिकारियों की LOC पर होगी तैनाती, राजनाथ सिंह ने दी फैसले को हरी झंडी

     टेरिटोरियल आर्मी की महिला अधिकारियों की LOC पर होगी तैनाती, राजनाथ सिंह ने दी फैसले को हरी झंडी

     

    नई दिल्ली : केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नियंत्रण रेखा यानी LOC पर टेरिटोरियल आर्मी की महिला अधिकारियों की तैनाती को मंजूरी दे दी है। बताया गया है कि ये टेरिटोरियल आर्मी की महिलाएं अब यूनिट्स और नियुक्तियों की एक वाइडर रेंज में अपने पुरुष समकक्षों के समान शर्तों के तहत सेवा और प्रशिक्षण देंगी।

    टेरिटोरियल आर्मी ने 2019 से इकोलॉजिकल टास्क फोर्स यूनिट्स, टीए ऑयल सेक्टर यूनिट्स और टीए रेलवे इंजीनियर रेजिमेंट में महिला अधिकारियों की कमीशनिंग शुरू की थी। इस अवधि के दौरान मिले अनुभव के आधार पर टीए में महिला अधिकारियों के लिए और अधिक रोजगार का दायरा बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

    क्या है टेरिटोरियल आर्मी
    टेरिटोरियल आर्मी नियमित भारतीय सेना के बाद रक्षा की दूसरी पंक्ति है। यह कोई पेशा, व्यवसाय या रोजगार का सोर्स नहीं है। यह केवल उन लोगों के लिए है जो पहले से ही मुख्य सिविलियन प्रोफेशन में हैं। वास्तव में टेरिटोरियल आर्मी में शामिल होने के लिए एक सिविल प्रोफेशन में लाभकारी रोजगार या स्वरोजगार एक शर्त है। टेरिटोरियल आर्मी के वॉलिंटियर आमतौर पर हर साल कुछ दिनों के लिए वर्दी में सेवा करते हैं, ताकि वे सख्त जरूरत या राष्ट्रीय आपात स्थिति के समय राष्ट्रीय रक्षा के लिए हथियार उठा सकें।