Category: NATIONAL

  • हिमाचल में पर्यटन के कारोबार हुआ ठप, अगले दो महीने में होगा 500 करोड़ का नुकसान,घूमने के लिए आने वाले सैलानियों ने होटलों की एडवांस बुकिंग की कैंसल

    हिमाचल में पर्यटन के कारोबार हुआ ठप, अगले दो महीने में होगा 500 करोड़ का नुकसान,घूमने के लिए आने वाले सैलानियों ने होटलों की एडवांस बुकिंग की कैंसल

     

    शिमला : प्राकृतिक आपदा के चलते हिमाचल प्रदेश का पर्यटन कारोबार अगले दो महीने तक उबर नहीं पाएगा। दो माह में पर्यटन कारोबार को करीब 500 करोड़ के नुकसान का अनुमान है। होटल और ट्रेवल इंडस्ट्री को नुकसान की भरपाई करना मुश्किल हो जाएगा। सैलानी होटलों की एडवांस बुकिंग रद्द करवा रहे हैं। ट्रेवल एजेंट्स एसोसिएशन शिमला के महासचिव मनु सूद ने कहा कि जुलाई और अगस्त में अधिकतर सैलानी स्पीति, लेह, लद्दाख, किन्नौर, सरचू, जिस्पा का रुख करते हैं। आपदा की भयावह तस्वीरों और वीडियो से सैलानी सकते में हैं। सितंबर के बाद ही सैलानियों के दोबारा हिमाचल का रुख करने की संभावना है।

    कुल्लू जिले में जुलाई के दूसरे सप्ताह में आई त्रासदी के बाद साहसिक गतिविधियाें पर करीब एक सप्ताह पहले ब्रेक लग गई है। ब्यास नदी में आई बाढ़ के चलते एक सप्ताह पहले राफ्टिंग सहित अन्य गतिविधियां बंद हैं। जबकि पैराग्लाइडिंग भी नहीं हो रही है। आधिकारिक तौर पर 15 जुलाई से 15 सितंबर तक साहसिक गतिविधियां बरसात के चलते बंद रहती हैं। जिसके चलते देश विदेश के सैलानियों को साहसिक गतिविधियां रिवर राफ्टिंग और पैराग्लाइडिंग का आनंद उठाने के लिए दो महीनों का इंतजार करना होगा। 15 सितंबर के बाद साहसिक गतिविधियां फिर से शुरू हो जाएंगी।

    जिले में साहसिक गतिविधियों से करीब 10,000 लोग जुड़े हुए हैं। इसमें युवाओं की संख्या अधिक है। युवाओं को साहसिक गतिविधियों के माध्यम से घरद्वार पर रोजगार मिल रहा है। राफ्टिंग प्वाइंट की बात करें तो जिला मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर पिरड़ी में राफ्टिंग प्वाइंट है। इसके साथ ही कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे में पड़ने वाले बबेली में भी राफ्टिंग प्वाइंट है। यहां से राफ्ट ब्यास नदी में उतरने के बाद रामशिला में पहुंचती है। अब ब्यास नदी में आई बाढ़ ने रामशिला में राफ्टिंग प्वाइंट का नक्शा ही बिगाड़ कर दिया गया है। जिसे ठीक करने में एसोसिएशन को खूब मेहनत करनी होगी। बरसात के चलते आगामी दो महीनों तक ब्यास में राफ्टिंग का रोमांच देखने को नहीं मिलेगा। इस संबंध में जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुनैना शर्मा ने कहा कि 15 जुलाई से 15 सितंबर के बीच राफ्टिंग और पैराग्लाइडिंग पर रोक रहेगी।

  • SGPC ने शुरू किया अपना यूट्यूब चैनल ,जानिए क्या है इस चैनल का नाम

    SGPC ने शुरू किया अपना यूट्यूब चैनल ,जानिए क्या है इस चैनल का नाम

     

     

    अमृतसर –शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने यूट्यूब पर गुरबाणी के लिए अपने चैनल की घोषणा कर दी है। एसजीपीसी के प्रधान एचएस धामी ने बताया कि गुरबाणी के लिए चैनल का नाम सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब अमृतसर रखा जाएगा। इसके बाद सैटेलाइट चैनल शुरू करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी

  • चेन्नई-बेंगलुरु एक्सप्रेस में धुंआ निकलने से यात्रियों में मची अफरा-तफरी;जाने  क्या था कारण, देखें VIDEO

     चेन्नई-बेंगलुरु एक्सप्रेस में धुंआ निकलने से यात्रियों में मची अफरा-तफरी;जाने  क्या था कारण, देखें VIDEO

    चेन्नई-बेंगलुरु डबल डेकर एक्सप्रेस में धुआं निकलने से यात्रियों में दहशत का माहौल

     

    अमरावती : आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में चेन्नई-बेंगलुरु डबल डेकर एक्सप्रेस में धुआं निकलने से यात्रियों में दहशत फैल गई। घटना गुरुवार की है। एक कोच से धुआं निकलने से यात्रियों में अफरा तफरी मच गई।

    धुआं देख एस6 कोच के यात्रियों ने चेन खींची और नीचे उतर गये। यह घटना चित्तूर जिले के कुप्पम शहर के पास हुई।
    रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन के गुडियाट्टम रेलवे स्टेशन से गुजरने के कुछ मिनट बाद धुआं देखा गया। अधिकारियों ने कहा कि धुआं ब्रेक जाम के कारण था। घटना में किसी को कुछ नहीं हुआ। (वीडियो साभार- ANI)

  • भारत ने चांद की तरफ बढ़ाया एक और कदम , चंद्रयान-3 की हुई सफल लांचिंग

    भारत ने चांद की तरफ बढ़ाया एक और कदम , चंद्रयान-3 की हुई सफल लांचिंग

     

     

    बेंगलुरु -आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से शुक्रवार को चंद्रमा पर भारत के तीसरा मिशन चंद्रयान-3 का प्रक्षेपण किया गया। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का 642 टन वजन वाला एलवीएम3 रॉकेट ने दोपहर बाद 2.35 बजे चंद्रयान के साथ उड़ान भरी। चंद्रयान को चंद्रमा पर पहुंचने में करीब 40 दिन लगेंगे। प्रक्षेपण के ठीक 16 मिनट बाद लगभग 2.50 बजे करीब 179 किमी की ऊंचाई पर चंद्रयान-3 रॉकेट से अलग हो जाएगा। इसके बाद चंद्रयान-3 लगभग 3.84 लाख किमी की अपनी लंबी चंद्रमा यात्रा शुरू करेगा। अंतरिक्ष यान द्वारा ले जाए गए लैंडर के 23 या 24 अगस्त को चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग करने की उम्मीद है।

     

    इसरो ने कहा कि चंद्रयान-3 अंतरिक्ष यान में एक प्रोपल्शन मॉड्यूल (वजन 2,148 किलोग्राम), एक लैंडर (1,723.89 किलोग्राम) और एक रोवर (26 किलोग्राम) शामिल है। रॉकेट का पहला चरण ठोस ईंधन द्वारा संचालित है। दूसरा चरण तरल ईंधन द्वारा संचालित है जबकि तीसरे और अंतिम चरण में तरल हाइड्रोजन और तरल ऑक्सीजन द्वारा संचालित क्रायोजेनिक इंजन है। चंद्रयान-3 का मुख्य उद्देश्य लैंडर को चंद्रमा की जमीन पर सुरक्षित उतारना है। उसके बाद रोवर प्रयोग करने के लिए बाहर निकलेगा। लैंडर से बाहर निकलने के बाद प्रोपल्शन मॉड्यूल द्वारा ले जाए गए पेलोड का जीवन तीन से छह महीने के बीच है। दूसरी ओर, इसरो ने कहा कि लैंडर और रोवर का मिशन जीवन एक चंद्र दिवस या 14 पृथ्वी दिवस है।

  • धार्मिक स्थल से दर्शन कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी खाई में गिरी, पांच लोगों की मौत

    धार्मिक स्थल से दर्शन कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी खाई में गिरी, पांच लोगों की मौत

     

     

    मंडी : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक बोरेलो गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, घायलों को मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती करवाया है।

    जानकारी के अनुसार हादसा मंडी जिले के बीएसएल पुलिस थाना के तहत कुशला क्षेत्र में हुआ है। यहां कुछ लोग कमरूनाग मंदिर के दर्शन कर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बोलेरो गाड़ी (एचपी 31-8349) कुशला गांव के समीप पहुंची तो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में बोलेरो सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक में भर्ती करवाया है।

    वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी दिनेश कुमार की अगुआई में बीएसएल पुलिस थाना की टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य में जुटे रहे, लेकिन अंधेरा होने के कारण राहत बचाव कार्य में परेशानी झेलनी पड़ी।

  • मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्वयं बाढ़ के पानी में उतर कर लिया राहत कामों का जायज़ा

    मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्वयं बाढ़ के पानी में उतर कर लिया राहत कामों का जायज़ा

     

     

    संगरूर – किसी मुख्यमंत्री की तरफ से बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करने की पुरानी रिवायत को ख़त्म करते हुये पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज बाढ़ के पानियों में स्वयं उतर कर राहत कामों का जायज़ा लिया।
    मुख्यमंत्री ने सफ़ेद-कुर्ता पायजामा पहना हुआ था परन्तु राहत कामों की निगरानी करने के लिए वह बिना कोई झिझक महसूस किये राज्य सरकार के सीनियर अधिकारियों और जि़ला प्रशासन के साथ बाढ़ के पानी में उतर गए। भगवंत मान बाढ़ से प्रभावित पानी के साथ भरे खेतों में भी गए जहाँ जे. सी. बी. से किये जा रहे काम की स्वयं निगरानी की। घग्गर के साथ लगते प्रभावित इलाकों का जायज़ा लेने के दौरान मुख्यमंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में जुटे रहने के आदेश देते हुये कहा कि लोगों को किसी किस्म की परेशानी नहीं आनी चाहिए।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि अमरीका, स्पेन जैसे विकसित देशों को भी बाढ़ की समस्या का सामना करना पड़ रहा है और कुदरत ने राज्य में तबाही मचायी है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्यों और पंजाब में लगातार पड़ रही बारिश ने राज्य में यह स्थिति पैदा की है। भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार इस गंभीर संकट की घड़ी में लोगों को बचाने के लिए वचनबद्ध है और इस नेक कार्य के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जायेगी।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव जीवन सबसे महत्वपूर्ण है जिस कारण इसकी सुरक्षा के लिए हर संभव यत्न किये जा रहे हैं। उन्होंने निचले और बाढ़ की संभावना वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा जिससे उनकी सुरक्षा को यकीनी बनाया जा सके। भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार का फर्ज बनता है कि लोगों को किसी किस्म की परेशानी का सामना न करना पड़े।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति करने का समय नहीं है, बल्कि सभी पंजाबियों को इस कुदरती आपदा के साथ निपटने के लिए एकजुट होना चाहिए। भगवंत मान ने कहा कि वह अपने से पहले मुख्यमंत्रियों की तरह सर्वेक्षण करने के लिए हैलीकॉप्टर पर चक्कर नहीं लगा रहे बल्कि वह ज़मीनी स्तर पर असली स्थिति का जायज़ा लेने के लिए मैदान में उतरे हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति चिंताजनक है परन्तु फिर भी राज्य सरकार लोगों के नुक्सान को कम करने के लिए हर संभव यत्न कर रही है।
    मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में भारी बारिश के कारण फसलों, घरों और अन्य नुकसान का पता लगाने के लिए विशेष गिरदावरी करवाई जायेगी। उन्होंने कहा कि बारिशों के कारण हुए नुकसान का पहल के आधार पर पता लगाने के लिए तुरंत गिरदावरी करने के लिए डिप्टी कमिशनरों को विस्तृत हिदायतें जारी की गई हैं। भगवंत मान ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार कुदरत के कहर से उनके हितों की रक्षा के लिए वचनबद्ध है।
    इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को घबराने की ज़रूरत नहीं है क्योंकि पंजाब सरकार राज्य भर में लगातार बारिश पडऩे के बाद पैदा हुई स्थिति पर बाकायदा नजऱ रख कर उनकी सेवा करने के लिए मौजूद है। उन्होंने कहा कि यह एक कुदरती आपदा है और सभी के पूर्ण सहयोग के कारण ही इसका ज़ोरदार ढंग के साथ मुकाबला किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में राज्य सरकार पंजाब के लोगों के साथ खड़ी है और इस संकट से निजात पाने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जायेगी। भगवंत मान ने लोगों को किसी भी बात की चिंता न करने की अपील की क्योंकि राज्य सरकार पहले ही स्थिति को सुखद बनाने के लिए ठोस प्रयास कर रही है।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि वह निजी तौर पर राज्य के हर कोने से मिनट- मिनट पर स्थिति का जायज़ा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारी बारिश किसी भी व्यक्ति के बस से बाहर है परन्तु लोगों को किसी किस्म की दिक्कत का सामना न करना पड़े, इसके लिए हर संभव यत्न किये जा रहे हैं। भगवंत मान ने कहा कि पहले ही सभी कैबिनेट मंत्री, विधायक और अधिकारी अपने- अपने क्षेत्रों में जुटे हुए हैं और इस मुश्किल घड़ी में जरूरतमंद लोगों तक पहुँच कर रहे हैं।

  • Alert ; Delhi में ITO के पास लगी रेलिंग और कई खंभों में आ रहा करंट, दिल्ली सरकार ने NDRF से मांगी मदद

    Alert ; Delhi में ITO के पास लगी रेलिंग और कई खंभों में आ रहा करंट, दिल्ली सरकार ने NDRF से मांगी मदद

     

     

    नई दिल्ली  : दिल्ली में बाढ़ के कारण स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। यमुना का जलस्तर भले ही कम हो रहा हो लेकिन दिल्ली में सैलाब का संकट अब भी बरकरार है। यमुना नदी अब भी खतरे के निशान से 3 मीटर ऊपर बह रही है। ऐसे में राजधानी के कई इलाके अभी भी जलमग्न हैं। आईटीओ के पास पानी भर चुका है। बताया जा रहा है कि आईटीओ रेलिंग और कई खंभों में करंट आ रहा है। नदी के किनारे की बस्तियों से आगे बढ़कर पानी लाल किला और रिंग रोड तक पहुंच गया। इसी के चलते आज लाल किले में पर्यटकों के जाने पर रोक लगा दी गई है।

    बाढ़ के खतरे को देखते हुए दिल्ली में सभी स्कूलों को 16 जुलाई तक बंद कर दिए गए हैं। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और एलजी विनय सक्सेना से फोन पर बात की है।

    वहीं सीएम अरविंद केजरीवाल ने आईटीओ स्थित ड्रेन का रेगुलटर टूटने को गंभीर समस्या बताया है। साथ ही उन्होंने सेना और एनडीआरएफ से मदद भी मांगी है। सड़कों पर पानी आने के चलते रूट डायवर्ट किये गए हैं, जिसके कारण ट्रैफिक जाम की समस्या शुरू हो गई है।

  •  ‘Double Attack’ में फंसी दिल्ली की जनता! बाढ़-जलभराव के बीच शुरू हुई बारिश; राजघाट तक पहुंचा यमुना का पानी..

     ‘Double Attack’ में फंसी दिल्ली की जनता! बाढ़-जलभराव के बीच शुरू हुई बारिश; राजघाट तक पहुंचा यमुना का पानी..

     

     

     

    नई दिल्ली : दिल्ली में यमुना के जलस्तर का असर बड़े-बड़े इलाकों में दिखाई दिया। सुबह यमुना का जलस्तर 206 मीटर पार हुआ तो कई इलाके डूब गए लेकिन शाम होते ये जलस्तर 208 मीटर तक पहुंच गया। ऐसा लगता है कि दिल्ली में यमुना का बढ़ता जलस्तर सब कुछ डुबाने की फिराक में है। दिल्ली का सिविल लाइंस, यमुना बाजार, निगम बोध घाट, मोनेस्ट्री मार्केट, मजनू का टीला, वजीराबाद, गीता कॉलोनी और शाहदरा बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। लाल किले तक भी यमुना का पानी पहुंच गया है। निचले इलाकों से लोगों को निकाला गया है। सभी स्कूल-कॉलेज रविवार तक बंद कर दिए गए हैं। सरकारी दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम और प्राइवेट दफ्तरों के लिए भी एडवाइजरी जारी की गई है। वहीं एक दर्जन से ज्यादा NDRF टीम ग्राउंड में सक्रिय हैं। यह भी जानकारी दी कि अगले 24 घंटों में यमुना का जलस्तर कम होने की संभावना है।

    वहीं अब दिल्ली पर पानी का ‘डबल प्रहार’ हो रहा है। एक तरफ दिल्ली बाढ़ और जलभराव से जूझ रही है तो दूसरी तरफ ITO के पास इलाके में धीमी बारिश शुरू हो गई है। ITO स्थित विकास भवन पर ड्रेन रेगुलेटर टूटने के चलते यमुना का पानी लगातार ITO में घुस रहा है। यहां हालात ये हो गए हैं कि पानी घुटनों तक जमा हो गया है। यहां से गुजरने वाले कई रास्ते बंद कर दिए गए हैं। राजघाट जाने वाली सड़क को भी रोक दिया गया है। रोड बंद होने के कारण लक्ष्मीनगर से ITO जाने वाली सड़क पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया है।

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 11 बजे ITO पर भरे यमुना के पानी और स्थिति का जायजा लेने जाएंगे। वहीं दिल्ली के बाढ़ नियंत्रण मंत्री सौरभ भारद्वाज का कहना है कि रातभर दिल्ली सरकार की टीमों ने WHO की बिल्डिंग के पास 12 नंबर ड्रेन के रेगुलेटर को सही करने की कोशिश की है। हालांकि फिर भी यमुना का पानी शहर में घुस रहा है। सरकार ने मुख्य सचिव को तुरंत एक्शन लेने के लिए कहा है।

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की फ्रांस में भी जमाई धाक, सर्वोच्च पुरस्कार पाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने मोदी..

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की फ्रांस में भी जमाई धाक, सर्वोच्च पुरस्कार पाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने मोदी..

     

    नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने फ्रांस के सर्वोच्च पुरस्कार ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर से सम्मानित किया। वह यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। पुरस्कार समारोह पेरिस के एलिसी पैलेस में हुआ।

    मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद ट्वीट किया, “एलिसी पैलेस में मेरी मेजबानी करने के लिए राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और मैक्रों को धन्यवाद।” ग्रैंड क्रॉस ऑफ़ द लीजन ऑफ़ ऑनर सर्वोच्च फ्रांसीसी सम्मान है। अतीत में लीजन ऑफ ऑनर का ग्रैंड क्रॉस दुनिया भर के चुनिंदा प्रमुख नेताओं और प्रतिष्ठित हस्तियों ने प्राप्त किया है। इनमें दक्षिण अफ्रीका के दिवंगत राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला, किंग चार्ल्स तृतीय, जर्मनी की पूर्व चांसलर एंजेला मर्केल, संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बुट्रोस बुट्रोस-घाली और कई अन्य शामिल हैं।

    फ्रांस द्वारा दिया यह सम्मान PM मोदी को विभिन्न देशों द्वारा दिए गए शीर्ष अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों और सम्मानों की श्रृंखला में एक और सम्मान है। इनमें जून 2023 में मिस्र द्वारा ‘ऑर्डर ऑफ द नाइल’, मई 2023 में पापुआ न्यू गिनी द्वारा ‘कंपेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ लोगोहू’, मई 2023 में फिजी द्वारा ‘कंपेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी’, मई 2023 में पलाऊ गणराज्य द्वारा ‘एबाकल’ अवार्ड शामिल हैं। वर्ष 2021 में भूटान द्वारा ‘ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो’, 2020 में अमेरिकी सरकार द्वारा ‘लीजन ऑफ मेरिट’, 2019 में बहरीन द्वारा ‘किंग हमाद ऑर्डर ऑफ द रेनेसां’, 2019 में मालदीव द्वारा ‘ऑर्डर ऑफ द डिस्टिंग्विश्ड रूल ऑफ निशान इज्जुद्दीन’, 2019 में रूस द्वारा ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू’ पुरस्कार , 2019 में यूएई द्वारा ‘ऑर्डर ऑफ जायद’ अवॉर्ड, 2018 में ‘ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ फिलिस्तीन’ अवॉर्ड, 2016 में अफगानिस्तान द्वारा ‘स्टेट ऑर्डर ऑफ गाजी अमीर अमानुल्लाह खान’ और 2016 में सउदी अरब द्वारा ‘ऑर्डर ऑफ अब्दुलअजीज अल सऊद’ शामिल हैं।

  • दिल्ली में भारी वाहनों के प्रवेश पर लगाया प्रतिबंध, सिंघू बॉर्डर पर अंतरराज्यीय बसों को रोका गया

    दिल्ली में भारी वाहनों के प्रवेश पर लगाया प्रतिबंध, सिंघू बॉर्डर पर अंतरराज्यीय बसों को रोका गया

     

     

    नई दिल्ली : यमुना के लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग ने गुरुवार को कुछ बिंदुओं पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया और सिंघू सीमा पर अंतरराज्यीय बसों को भी रोक दिया। सरकार ने अपने आदेश में कहा, सिंघु बॉर्डर, बदरपुर बॉर्डर, लोनी बॉर्डर और चिल्ला बॉर्डर से भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसमें कहा गया है, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड से अंतरराज्यीय बसें आईएसबीटी कश्मीरी गेट पर समाप्त होने की बजाय सिंघू सीमा पर समाप्त होंगी। ये निर्देश अगली सूचना तक प्रभावी रहेंगे। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि ये निर्देश दवाओं, कच्ची सब्जियों, फल, अनाज, दूध, अंडे, बर्फ जैसी आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाले ट्रकों और पेट्रोलियम उत्पादों को ले जाने वाले टैंकरों पर लागू नहीं होंगे। दिल्ली अपने सभी सीमावर्ती इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम का सामना कर रही है क्योंकि यमुना नदी में पानी खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रहा है और रिंग रोड तक पहुंच गया है। आईएसबीटी की ओर जाने वाली बसों को बाईपास क्रॉसिंग पर मोड़ा जा रहा है, जिससे यात्रियों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो गई क्योंकि वे अपने गंतव्य तक पहुंचने के बारे में अनिश्चित है। पुलिस ने आईएसबीटी की ओर जाने वाले बाईपास फ्लाईओवर के शुरुआती बिंदुओं पर अतिरिक्त जांच चौकियां स्थापित की हैं और किसी भी वाहन को गुजरने की अनुमति नहीं दे रही है।