तलवाड़ा के पौंग डैम से अतिरिक्त पानी छोड़ सकता है बीबीएमबी, रोपड़, गुरदासपुर, जालंधर सहित ये शहर होंगे प्रभावित
होशियारपुरः हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बांधों में पानी का स्तर बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। जिसको देखते हुए प्रशासन ने एक अलर्ट जारी कर दिया है। बढ़े जलस्तर को देखते हुए भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड के अधिकारियों ने हिमाचल प्रदेश पंजाब सीमा पर स्थित पौंग डैम से अतिरिक्त पानी छोड़ने का फैसला किया है। अतिरिक्त पानी ब्यास नदी में छोड़ा जाएगा, जो हिमाचल के कांगड़ा जिले और पंजाब के रोपड़, गुरदासपुर, कपूरथला, जालंधर और होशियारपुर जिलों के गांवों और कस्बों में बाढ़ की स्थिति पैदा कर सकता है। ऐसे में बोर्ड ने दोनों राज्यों में अधिकारियों को सतर्क कर दिया है।
गौरतलब है कि पौंग डैम में वीरवार को जलस्तर 1,381 फुट है, जबकि 16 अगस्त को यह 1,362 फुट था। अधिकारियों ने कहा कि बीबीएमबी के एक अन्य भाखड़ा डैम का जल स्तर 1,658.79 फुट है, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। भाखड़ा बांध के गोबिंद सागर जलाशय में 16 अगस्त को जलस्तर 1,642 फीट था। बांध के पानी को नियंत्रित करने वाले बीबीएमबी के एक अधिकारी ने बताया कि जरूरत पड़ने पर पौंग बांध के स्पिलवे और टर्बाइनों के जरिए करीब 25,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा।
बता दें कि, पौंग बांध तलवाड़ा की महाराणा प्रताप झील का जलस्तर बढ़कर 1381 फीट तक पहुंच गया है। जिसे लेकर बीबीएमबी प्रशासन ने चंडीगढ़ समेत पंजाब के सभी जिलों के डीसी व एसडीएम को एडवाइजरी द्वारा सूचित किया था। एसडीएम मुकेरियां कमलजीत सिंह ने स्पष्ट किया कि 25 और 26 अगस्त को पौंग बांध से बीबीएमबी बोर्ड द्वारा पानी छोड़ने का फैसला किया है जिसको लेकर पूरी तैयारी की गई है। वहीं, लोगों से अपील की जा रही है कि वो ब्यास नदी में न जाए।








Leave a Reply