जालंधर में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार को मारी टक्कर, मौत
जालंधरः महानगर के अधीन पड़ते फगवाड़ा हाईवे पर रविवार देर रात एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार युवक व युवती को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि इस दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक युवक की पहचान साहिल निवासी गांव बड़िंग जालंधर कैंट व युवती की पहचान शिवानी निवासी दीपनगर के रूप में हुई है।
घटना संबंधी जानकारी देते हुए पीसीआर पुलिस फगवाड़ा के एसआइ बिंदरपाल ने बताया कि फगवाड़ा की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार व पीछे बैठी युवती, जो जालंधर की ओर आ रहे थे, को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना को अंजाम देने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। और गंभीर रूप से घायल हुई युवती को अस्पताल में दाखिल करवा दिया है। वहीं, पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके कारवाई शुरू कर दी है।
देर रात हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन चालक की पहचान के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। एक फुटेज में संदिग्ध वाहन कैद हुआ है। पुलिस नंबर प्लेट की मदद से चालक की पहचान करवाने में जुटी हुई है।








Leave a Reply