अमृतसर एयरपोर्ट की सुरक्षा में सेंध, विदेश जाने की चाह में युवक एयरपोर्ट की दीवार फांद पहुंचा फ्लाईट तक, गिरफ्तार
अमृतसरः महानगर के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार देर रात एक सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। जहां युवक विदेश जाने की चाह में एयरपोर्ट की दीवार फांद कर फ्लाईट तक पहुंच गया। इससे पहले वह फ्लाईट में सवार होता, वहां तैनात सिक्योरिटी कर्मचारियों की नजर उस पर पड़ गई जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एयरपोर्ट की सुरक्षा में सेंध लगने और अपनी नाकामी के कारण अब सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (सीआईएसएफ) इस मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। अभी तक की जांच में पता चला है कि युवक विदेश जाने की चाह में एयरपोर्ट पर पहुंचा था।
जानकारी मुताबिक घटना सोमवार देर रात 11 बजे की है, जब अमृतसर से शारजाह के लिए उड़ान भरने से पहले एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या आईएक्स-131 रनवे पर खड़ी थी। इसी दौरान एक व्यक्ति एयरपोर्ट की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हो गया और विमान तक जा पहुंचा। लेकिन इससे पहले वह अपने आप को फ्लाइट के अंदर छिपा पाता, एयरपोर्ट की सिक्योरिटी में तैनात स्टाफ की नजर उस पर पड़ गई। स्टाफ ने उसे तुरंत पकड़कर सीआईएसएफ के हवाले कर दिया। फिलहाल, आरोपित युवक अभी तक सीआईएसएफ की कस्टडी में है और उससे पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि पूछताछ में युवक यही कह रहा है कि वह विदेश जा कर पैसे कमाना चाहता है और इसीलिए दीवार फांदकर अंदर दाखिल हो गया था। उसकी जेब से एक आधार कार्ड एनरोलमेंट स्लिप मिली है। जो काफी फटी है। अभी उसकी बातों से कुछ भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।








Leave a Reply