PSEB 12वीं का रिजल्ट हुआ घोषित: 91% स्टूडेंट्स हुए उतीर्ण, एक बार फिर से लड़कियों ने लड़कों को पछाड़ा, हरसीरत कौर ने किया टॉप
मोहाली : पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) ने आज 12वीं कक्षा के नतीजों की घोषणा कर दी है। इस साल कुल 91 फीसदी स्टूडेंट्स परीक्षा में पास हुए हैं। नतीजों में एक बार फिर लड़कियों ने बाजी मारी है, जिनका पास प्रतिशत लड़कों से बेहतर रहा।
इस साल का कुल पास प्रतिशत पिछले वर्ष की तुलना में 2 फीसदी कम रहा है। परीक्षा में कुल 2,65,388 स्टूडेंट्स शामिल हुए थे। इनमें से 17,844 छात्रों को कंपार्टमेंट आई है, जबकि 5,950 छात्र फेल हुए हैं। इसके अलावा, 88 स्टूडेंट्स के परिणाम किसी कारणवश रोके गए हैं।
जेंडर-वाइज पास प्रतिशत की बात करें तो, लड़कियों का पास प्रतिशत 94.32 फीसदी रहा, जबकि लड़कों में यह आंकड़ा 88.08 फीसदी रहा। क्षेत्रवार देखें तो, ग्रामीण इलाकों का पास प्रतिशत 91.20 रहा, जो शहरी क्षेत्र के 90.74 प्रतिशत से थोड़ा बेहतर है।
परीक्षा में लड़कियों ने टॉप तीन स्थानों पर कब्जा जमाया है। बरनाला की हरसीरत कौर ने 500 में से पूरे 500 अंक हासिल कर राज्य भर में टॉप किया है। हरसीरत बरनाला के सर्वहितकारी सीनियर सेकेंडरी विद्या मंदिर की छात्रा हैं। उनके पिता बरनाला में ही एक सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं।
फिरोजपुर जिले के कस्सोआना की मनवीर कौर ने 500 में से 498 अंक (99.6%) प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया है। वह एसएस मेमोरियल सीनियर पब्लिक स्कूल कस्सोआणा की छात्रा हैं।
मानसा जिले के श्री तारा चंद विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, तीखी की छात्रा अर्श ने भी 500 में से 498 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया है।









