CM मान बोले-एक तारीख को फिर होगी ‘टुं-टुं’, महिलाओं के खातों में आएंगे 1500 रुपए, पुरुषों को लेकर भी कही बड़ी बात
जालंधर: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जालंधर के सरिह गांव में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने महिलाओं को दी जा रही आर्थिक सहायता का उल्लेख करते हुए कहा कि इस राशि से परिवारों को आर्थिक सहारा मिल रहा है। मान ने कहा कि सरकार जनता के पैसे को लोगों की भलाई पर खर्च कर रही है।
सीएम ने कहा कि महीने की 28 तारीख हो चुकी है और अब 1 तारीख को खातों में पैसे आने का मैसेज (टुं-टुं की आवाज) आने वाला है। उन्होंने कहा कि 1500 रुपए से कोई अमीर नहीं हो जाता, लेकिन यह पैसा आम परिवारों को आर्थिक सहारा देता है और उन्हें स्वाभिमानी बनाता है। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि इस योजना से केवल महिलाएं ही नहीं, बल्कि घर के पुरुष भी बहुत खुश हैं। पहले पतियों को बार-बार पैसे देने के लिए कहा जाता था, लेकिन अब माताओं-बहनों के अपने खातों में पैसे आने से घरों में शांति और खुशी का माहौल है।
महिलाओं के वीडियो का किया जिक्र
मान ने बताया कि आर्थिक सहायता मिलने के बाद कई महिलाएं उन्हें वीडियो भेजकर अपनी खुशी साझा करती हैं। उनके अनुसार, कुछ महिलाओं ने इस राशि से दुकानदारों का पुराना उधार चुकाया, तो कुछ ने घर में पानी साफ करने के लिए आरओ लगवाया। वहीं, कुछ बुजुर्ग महिलाओं ने अपने पोते-पोतियों के लिए साइकिल खरीदी।
‘यह खैरात नहीं, जनता का पैसा है’
मान ने कहा कि सरकार की योजनाओं के तहत दिया जाने वाला पैसा कोई खैरात नहीं, बल्कि जनता का अपना पैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने जनता के पैसे का दुरुपयोग किया, जबकि मौजूदा सरकार इसे लोगों की भलाई पर खर्च कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनता के पैसे का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचाना है।









