MBD WEB NEWS

पंजाब: चन्नी की परीक्षा के दौरान फोटो कैसे खींची गई? पूर्व सीनेटर ने की जांच की मांग

पंजाब: चन्नी की परीक्षा के दौरान फोटो कैसे खींची गई? पूर्व सीनेटर ने की जांच की मांग

चरणजीत चन्नी के पंजाब यूनिवर्सिटी परीक्षा हॉल की तस्वीरों पर विवाद गहराया है. पूर्व मेयर मोदगिल ने नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है. केंद्र में फोटोग्राफी वर्जित है.

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के पंजाब यूनिवर्सिटी में एमए पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन की परीक्षा देने का मामला अब राजनीतिक विवाद में बदल गया है. 20 अगस्त को परीक्षा देने के बाद सामने आई परीक्षा हॉल के अंदर की तस्वीरों को लेकर चंडीगढ़ के पूर्व मेयर और यूनिवर्सिटी के पूर्व सीनेटर देवेश मोदगिल ने विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है.

पूर्व सीनेटर देवेश मोदगिल ने पीयू चांसलर और कुलपति समेत संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा है. जिसमें उन्होंने कर पूछा है कि परीक्षा केंद्र के अंदर तस्वीर कैसे खींची गई साथ ही इलेक्ट्रॉनिक उपकरण वहां तक कैसे पहुंचा. उन्होंने 20 अगस्त की परीक्षा की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने और उसकी जांच कराने की मांग की है.

पूर्व सीनेटर ने की कार्रवाई की मांग

 

इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट करने को कहा है कि चन्नी को परीक्षा में बैठने के लिए कोई विशेष अनुमति दी गई थी या नहीं. उन्होंने नियमों का उल्लंघन सामने आने पर कार्रवाई की मांग की है. हालांकि विश्वविद्यालय की ओर से फिलहाल इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

चरणजीत सिंह चन्नी ने दी सफाई

 

हालांकि पूरे मामले को लेकर चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा है कि कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में शामिल ना होने के कारण मीडिया उस दिन उन्हें फॉलो कर रहा था और उनमें से ही कुछ लोगों ने ये तस्वीरें खींचकर पब्लिक की हैं. चन्नी ने कहा कि उन्होंने इसी पंजाब यूनिवर्सिटी से कम से कम 20 से ज्यादा पेपर दिए हैं लेकिन कभी भी एग्जाम देते हुए अपनी कोई भी तस्वीर लेकर सोशल मीडिया पर नहीं डाली है. इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि अगर मीडिया ने ऐसी कुछ तस्वीरें खींच भी ली हैं तो इससे ऐसा क्या विवाद हो गया.

चरणजीत सिंह चन्नी लगातार पंजाब यूनिवर्सिटी से पढ़ाई कर रहे हैं. इससे पहले वो राजनीतिक शास्त्र में पीएचडी कर चुके हैं और अब पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में एमए के एग्जाम भी दे चुके हैं. लेकिन विवाद उनके परीक्षा केंद्र में बैठकर फोटो, वीडियो बनवाने और उसे वायरल करने को लेकर है.

 

पंजाब के गवर्नर ने दिया जांच का भरोसा

 

वहीं इस पूरे विवाद से चरणजीत सिंह चन्नी ने पल्ला झाड़ लिया है जबकि बीजेपी के पूर्व नेता, चंडीगढ़ के पूर्व मेयर और यूनिवर्सिटी के पूर्व सीनेट मेंबर देवेश मुदगिल इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग पर अड़ गए हैं. उन्होंने इस पूरे मामले को लेकर पंजाब के गवर्नर से भी मुलाकात की है जिन्होंने जांच का भरोसा दिया है.