MBD WEB NEWS

ईरान से डील फाइनल हुई तो पाकिस्तान जाएंगे डोनाल्ड ट्रंप, शहबाज शरीफ और असीम मुनीर के पढ़े कसीदे

ईरान से डील फाइनल हुई तो पाकिस्तान जाएंगे डोनाल्ड ट्रंप, शहबाज शरीफ और असीम मुनीर के पढ़े कसीदे

 

 

वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम और युद्ध को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला बयान दिया है। ट्रंप ने खुले तौर पर संकेत दिए हैं कि अगर अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे विवाद को खत्म करने के लिए कोई शांति समझौता होता है और उस पर इस्लामाबाद में दस्तखत किए जाते हैं, तो वह खुद पाकिस्तान का दौरा कर सकते हैं। अपने इस बयान के साथ ही ट्रंप ने पाकिस्तानी नेतृत्व की जमकर तारीफ कर कूटनीतिक गलियारों में नई हलचल पैदा कर दी है।

‘वो मुझे बहुत चाहते हैं…’, ट्रंप ने की पाकिस्तानी पीएम और आर्मी चीफ की तारीफ

नेवादा और एरिजोना की यात्रा पर रवाना होने से पहले व्हाइट हाउस के लॉन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप काफी सकारात्मक मूड में नजर आए। उन्होंने पाकिस्तानी नेतृत्व की जमकर तारीफ की। ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और वहां के ‘फील्ड मार्शल’ (आर्मी चीफ असीम मुनीर) बहुत अच्छे इंसान हैं। ट्रंप ने अपने चिर-परिचित अंदाज में दावा करते हुए कहा, “शायद मैं पाकिस्तान जाऊं, क्योंकि वे लोग मुझे बेहद चाहते हैं और वहां के अधिकारी भी मेरी यात्रा के भारी इच्छुक हैं।” इसके साथ ही ट्रंप ने शांति प्रक्रिया में मध्यस्थ के तौर पर पाकिस्तान की भूमिका को ‘बहुत शानदार’ और रचनात्मक करार दिया।

ईरान के साथ सीजफायर पर क्या बोले अमेरिकी राष्ट्रपति?

अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के बीच फिलहाल जो सीजफायर (संघर्ष विराम) लागू है, उसकी मियाद अगले हफ्ते खत्म होने जा रही है। इस अहम मुद्दे पर बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि इस सीजफायर को आगे बढ़ाया जा सकता है, हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शायद भविष्य में ऐसा करने की नौबत ही न आए। उन्होंने सीधे तौर पर कहा कि अगर इस्लामाबाद की मध्यस्थता से किसी भी समझौते पर मुहर लगती है, तो वे उस ऐतिहासिक मौके पर मौजूद रहने के लिए पाकिस्तान की यात्रा कर सकते हैं।