कबड्डी प्लेयर राणा बलाचौरिया के हत्यारे हरपिंदर सिंह उर्फ मिड्डू का एनकाउंटर, एक साजिशकर्ता दिल्ली से अरेस्ट
कबड्डी खिलाड़ी राणा बलाचौरिया हत्याकांड में बदमाश हरपिंदर सिंह उर्फ मिड्डू पुलिस एनकाउंटर में मारा गया है. मोहाली में लालड़ू के पास अंबाला-हाईवे पर बुधवार को पुलिस ने उसे घेर लिया. पुलिस को देख उसने जिगाना पिस्टल से फायरिंग की, जिसमें 2 पुलिसवाले जख्मी हो गए. पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से उसकी मौत हो गई.
पंजाब के मोहाली में कबड्डी प्लेयर राणा बलाचौरिया की हत्या के मामले में पुलिस ने गैंगस्टर हरपिंदर उर्फ मिड्डू का एनकाउंटर किया. एनकाउंटर के बाद हरपिंदर सिंह उर्फ मिड्डू गोली लगने घायल हो गया. आनन-फानन में इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. बदमाश हरपिंदर सिंह उर्फ मिड्डू तरनतारन का रहने वाला था और घनश्यामपुरिया गैंग से जुड़ा था. घनश्यामपुरिया गैंग बंबीहा गैंग का एसोसिएट गैंग है, जिसने राणा बलाचौरिया की हत्या की जिम्मेदारी ली थी.
मोहाली SSP हरमनदीप हंस ने बताया कि राणा बलाचौरिया हत्याकांड में हैंडलर और पूरी साजिश में लॉजिस्टिक मुहैया करवाने वाला हरपिंदर उर्फ मिड्डू ही था. वारदात के बाद हरपिंदर अंबाला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर मोहाली के लालड़ू इलाके में एक खाली जगह पर छिपा हुआ था. बुधवार को मोहाली पुलिस ने उसे घेर लिया और सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी. जवाबी फायरिंग में हरपिंदर को गोली लगी और बाद में उसकी अस्पताल में मौत हो गई. एनकाउंटर के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए.

दोनों शूटरों की तस्वीर आई सामने
वहीं राणा बलाचौरिया की हत्या करने वाले दोनों शूटरों की तस्वीरें भी सामने आईं हैं. SSP हरमनदीप सिंह हंस ने हमलावरों के नाम बताते हुए कहा कि दोनों हमलावर अमृतसर के रहने वाले हैं. इनके नाम आदित्य कपूर और करण पाठक हैं. SSP का कहना है कि राणा बालाचौरिया की हत्या कबड्डी में अपना दबदबा कायम करने की साजिश है. उन्होंने यह भी कहा कि इस हत्या का सिद्धू मूसेवाला मामले से कोई संबंध नहीं है.








