अस्पताल में जीवनदायिनी ऑक्सीजन ही बन गई मरीजों के लिए मुसीबत;ऑक्सीजन पाइप लाइन फटने से हुआ धमाका, ICU में भर्ती मरीजों की हालत बिगड़ी
नोएडा- सेक्टर-66 स्थित एक निजी अस्पताल में अचानक ऑक्सीजन सप्लाई लाइन फटने से हड़कंप मच गया। पाइप फटने से तेज धमाके जैसी आवाज और धुआं उठने लगा, जिससे अस्पताल में भर्ती मरीज और उनके परिजन घबरा गए। अफरातफरी के माहौल में लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही फेस-3 थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि ऑक्सीजन लाइन में लीक होने के कारण मामूली ब्लास्ट हुआ था। इससे अस्पताल की ऑक्सीजन सप्लाई कुछ देर के लिए बाधित हो गई, जिसके कारण गंभीर मरीजों को तत्काल दूसरे वार्ड या नजदीकी अस्पतालों में शिफ्ट किया गया।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि आईसीयू में भर्ती आठ मरीजों को एंबुलेंस के जरिए सुरक्षित रूप से दूसरे अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया। बाकी मरीजों को भी सतर्कता के तहत अन्य वार्डों में शिफ्ट किया गया। फायर विभाग के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या आग लगने की सूचना नहीं है। स्थिति पर अब पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है और अस्पताल परिसर में शांति व्यवस्था बहाल कर दी गई है। फायर स्टेशन फेस-3 से मिली जानकारी के अनुसार, यह माइनर ब्लास्ट ऑक्सीजन लाइन में लीकेज के चलते हुआ था। विभाग ने एहतियात के तौर पर पाइपलाइन और सिलेंडर सिस्टम की जांच कराई है ताकि भविष्य में ऐसी कोई दुर्घटना न हो।









