MBD WEB NEWS

जानें IND vs SA वर्ल्ड कप फाइनल टॉस में देरी का कारण; अब इतने बजे शुरू होगा महामुकाबला

जानें IND vs SA वर्ल्ड कप फाइनल टॉस में देरी का कारण; अब इतने बजे शुरू होगा महामुकाबला

मुंबई : भारत और साउथ अफ्रीका के बीच आज (रविवार) डीवाई पाटिल स्टेडियम में होने वाले महिला वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल मुकाबले में बारिश ने खलल डाल दिया है। मैदान पर बारिश की वजह से कवर्स मौजूद हैं और मैदान का कुछ हिस्सा गीला है, जिसके चलते अंपायरों ने खेल को देरी से शुरू करने का फैसला किया है। ताजा अपडेट के अनुसार, फाइनल मुकाबले में टॉस अब दोपहर 3 बजे होगा और मैच दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा।

भारत के पास इतिहास रचने का मौका
इस बार महिला वर्ल्ड कप को ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बाद एक नया चैम्पियन मिलने वाला है। भारतीय टीम 2005 और 2017 के बाद तीसरी बार फाइनल में पहुंची है, लेकिन अब भी अपने पहले खिताब का इंतजार कर रही है। 2017 के फाइनल में भारत को इंग्लैंड के हाथों नौ रनों से करीबी हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, साउथ अफ्रीकी टीम का यह पहला वर्ल्ड कप फाइनल है और वह भी इतिहास रचने के इरादे से उतरेगी।

डीवाई पाटिल में टीम इंडिया का पलड़ा भारी
इस खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया का पलड़ा भारी माना जा रहा है। डीवाई पाटिल स्टेडियम में अफ्रीकी टीम इस वर्ल्ड कप में अपना एक भी मैच नहीं खेली है। वहीं, टीम इंडिया इस मैदान पर लगातार अपना चौथा मैच खेलने उतरेगी। हरमनप्रीत एंड कंपनी ने यहां खेले अपने पिछले तीनों मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जिससे टीम के हौसले बुलंद हैं।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
महिला वर्ल्ड कप 2025 फाइनल के लिए भारतीय टीम: शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, स्नेह राणा, क्रांति गौड़, श्री चरणी और रेणुका सिंह ठाकुर।

महिला वर्ल्ड कप 2025 फाइनल के लिए साउथ अफ्रीका टीम: लॉरा वोलवार्ट (कप्तान), ताजमिन ब्रिट्स, सुने लुस, एनेरी डर्कसेन, एनेके बॉश, मारिजाने कैप, सिनालो जाफ्ता (विकेटकीपर), क्लो ट्रायोन, नादिन डिक्लर्क, अयाबोंगा खाका और नॉनकुलुलेको म्लाबा।