जानें किस जगह पर पंजाब में पुलिस और गैंगस्टरों के बीच हुई फायरिंग, इलाके में दहशत का माहौल
अमृतसर- अमृतसर देहात के ब्यास क्षेत्र में वीरवार दोपहर पुलिस और गैंगस्टरों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। दोनों ओर से करीब 20–22 राउंड गोलियां चलीं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
मुठभेड़ में विदेश बैठे कुख्यात गैंगस्टर जीवन फौजी के दो गुर्गे संदीप जानी और हैरी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। इनमें से एक को गिरफ्तार कर सीआईए स्टाफ के हवाले किया गया है। एसएसपी मनिंदर सिंह और डीएसपी गुरिंदर पाल सिंह नागरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि जिला कपूरथला के काला सांगा गांव के रहने वाले बदमाश संदीप जानी, हैरी और अमन ब्यास क्षेत्र में छिपे हुए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, तीनों बदमाश विदेश में बैठे अपने सरगना जीवन फौजी के इशारे पर पंजाबभर में रंगदारी वसूलने का काम कर रहे थे। इनके खिलाफ माझा क्षेत्र में हत्या, हत्या के प्रयास और रंगदारी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब फरार बदमाश अमन की तलाश में जुट गई है।











