पंजाब और हिमाचल में का हुआ भारी नुकसान… कल PM मोदी राज्यों में ‘जल प्रलय’ का लेंगे जायजा
हिमाचल प्रदेश में 20 जून से सात सितंबर तक भारी बारिश के कारण बादल फटने, अचानक बाढ़ आने और भूस्खलन की घटनाओं से लगभग 4,080 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. मानसून की बारिश से पंजाब सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में से एक है. नदियां उफान पर हैं, जिससे हर जगह सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा है.
नई दिल्ली:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 सिंतबर यानि कल बाढ़ प्रभावित पंजाब के गुरदासपुर और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे. पंजाब में नदियां उफान पर हैं, जिससे प्रदेश के लगभग सभी जिलों में जल प्रलय की स्थिति है. उधर, हिमाचल में बादलों के फटने और भारी बारिश ने कहर बरपाया है. पंजाब और हिमाचल प्रदेश में प्राकृति का कहर टूटा है, जिसमें हजारों करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 300 से ज्यादा लोगों की मौत भी हो गई है. हाल ही में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया था और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया था.
पंजाब में ग्राउंड रियलिटी को समझेंगे PM मोदी
पंजाब में बाढ़ की विकट स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने गहरी चिंता जताई है और हालात का जायजा लेने का निर्णय लिया है. पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 9 सितंबर को पंजाब का दौरा करेंगे. इस दौरान वे स्थानीय परिस्थितियों को नजदीक से समझेंगे और प्रभावित लोगों को अधिकतम सहायता पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे. उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘प्रधानमंत्री मोदी पंजाब में बाढ़ की स्थिति को लेकर बहुत चिंतित हैं और इस पर लगातार नजर रख रहे हैं. वे 9 सितंबर को पंजाब का दौरा कर रहे हैं, ताकि वे खुद स्थिति का जायजा ले सकें और ग्राउंड रियलिटी को समझ सकें, जिससे पंजाब के लोगों को ज्यादा से ज्यादा मदद पहुंचाई जा सके. पंजाब में बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए भेजी गई केंद्र सरकार की दो टीमें अपने दौरे के बाद केंद्र सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगी. भारत सरकार पंजाब के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है.

हिमाचल में हालत का जायजा लेने के लिए PM मोदी का हवाई सर्वेक्षण
प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को हिमाचल प्रदेश में चंबा, मंडी और कुल्लू जिलों का हवाई सर्वेक्षण भी कर सकते हैं. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि पीएम मोदी का कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में दौरा 9 तारीख को प्रस्तावित है. प्रधानमंत्री को हिमाचल में आपदा से हुए नुकसान पर विस्तृत रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी और उनसे रिलीफ फंड भेजने की भी मांग की जाएगी. इस दौरान अगर मौसम ठीक रहा, तो पीएम मोदी प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेझण भी कर सकते हैं.








