पहलगाम के हमला करने वाले आतंकी की तस्वीर आई सामने, पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
पहलगाम : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए दिल दहला देने वाले आतंकी हमले के एक दिन बाद, एक हमलावर की तस्वीर सामने आई है। यह तस्वीर घटनास्थल की बताई जा रही है, जिसमें हमलावर पठानी सूट पहने हुए और हाथ में AK-47 थामे दिखाई दे रहा है। हालांकि, तस्वीर में उसका चेहरा स्पष्ट नहीं है।
घटना के बाद से सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को चारों ओर से घेर लिया है। आर्मी, सीआरपीएफ, एसओजी और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ऑपरेशन चला रही है। आतंकियों की तलाश में ड्रोन और हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल हो रहा है। मुगल रोड पर अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं।
हमले के तुरंत बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम श्रीनगर पहुंच चुकी है। एनआईए ने हमले की जांच अपने हाथ में ले ली है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है और सबूत जुटाने में लगी है। सुरक्षाबलों के ऑपरेशन के पूरा होते ही एनआईए ने ग्राउंड पर जांच शुरू कर दी।
इस भीषण हमले में कम से कम 26 लोग मारे गए और 17 से अधिक घायल हुए हैं। हमलावरों ने पहलगाम की बैसारन घाटी में पर्यटकों को निशाना बनाया और चुन-चुनकर लोगों पर गोलियां चलाईं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब का दौरा बीच में ही छोड़कर आज सुबह भारत लौट आए। दिल्ली एयरपोर्ट पर NSA अजीत डोभाल, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और विदेश सचिव ने पीएम को हमले की पूरी जानकारी दी। मंगलवार को ही प्रधानमंत्री ने सऊदी से हालात का आकलन कर लिया था।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पहलगाम का दौरा करेंगे, जबकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उन्हें फोन कर घटना पर चर्चा की और पूरी रिपोर्ट मांगी है। फिलहाल घाटी में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। खुफिया एजेंसियों को अंदेशा है कि हमले में शामिल अन्य आतंकी अभी भी इलाके में छिपे हो सकते हैं। सर्च ऑपरेशन में तेजी लाई गई है और अगले 24 घंटे कश्मीर के लिए बेहद संवेदनशील माने जा रहे हैं।
सऊदी से लौटते वक्त नहीं किया एयरस्पेस का इस्तेमाल
बुधवार को जेद्दा से तत्काल वापस लौटते समय पीएम मोदी के विमान ने पाकिस्तान के बजाय दूसरा रास्ता चुना। गौरतलब है कि मंगलवार सुबह दिल्ली से जेद्दा जाते वक्त प्रधानमंत्री का विशेष विमान पाकिस्तान के एयरस्पेस से होकर ही गुजरा था।
प्रधानमंत्री के इस कदम को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान के लिए एक महत्वपूर्ण और स्पष्ट संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। इसके जरिए पीएम मोदी ने साफ कर दिया है कि आतंकवादियों का समर्थन कर और भारत में अशांति फैलाकर पाकिस्तान भारत के साथ रिश्तों को सामान्य नहीं कर सकता।
भारत से सऊदी अरब जाने का सबसे आसान और तेज़ रास्ता पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र से होकर गुजरता है। इसका दूसरा विकल्प मुंबई से अरब सागर के ऊपर से है। कयास लगाए जा रहे हैं कि पीएम मोदी के विमान ने लौटते समय इसी दूसरे रूट का इस्तेमाल किया, जो दूरी में थोड़ा लंबा है।
यह घटना पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के ठीक बाद हुई है। मंगलवार दोपहर करीब 5 से 6 आतंकियों ने पहलगाम में घूम रहे पर्यटकों पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। हमले में आतंकियों ने AK-47 राइफलों का इस्तेमाल किया। इस अमानवीय हमले में लगभग 28 लोगों की मौत हो गई और कई दर्जनों घायल हुए।










