MBD WEB NEWS

लुधियाना को दहलाने की साजिश हुई नाकाम, दुकान से IED बरामद, दो लोग हिरासत में, यूट्यूब देखकर बना रहे थे बम

 

 

लुधियाना- लुधियाना के बस्ती जोधेवाल इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब एक बैग की दुकान से इम्प्रूवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद किया गया। यह संदिग्ध थैला चार दिन पहले एक ग्राहक छोड़कर गया था। बुधवार रात जब बैग से पेट्रोल की गंध आई तो दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

दुकान कर्मचारी सन्नी ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति मास्क लगाकर आया था। उसने अटैची चुनी और कहा कि थोड़ी देर में लौटेगा। उसने कहा था कि इस बॉक्स में बच्चों की कार है। उस व्यक्ति ने दुकानदार को 500 रुपए एडवांस दिए और दुकान से चला गया। करीब 4 दिन बाद जब दुकान से पेट्रोल की बदबू आई तो पुलिस को सूचित किया। थैले से पेट्रोल की थैलियां और कुछ तार मिले। पुलिस ने संदिग्ध सामान कब्जे में लिया। पुलिस फिलहाल आरोपी की पहचान और उसके नेटवर्क की जांच कर रही है।

पुलिस जांच में बैग से 5–6 लीटर पेट्रोल, बैटरी, तार और एक डायलर मिला। बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर जांच की और विस्फोटक होने की पुष्टि की। पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जो कथित तौर पर यूट्यूब से बम बनाने की तकनीक सीख रहे थे। कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने डीसीपी हरपाल सिंह और सीआईए टीमों के साथ मीटिंग की और पूरे इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगालने के निर्देश दिए। दुकानदार से भी पूछताछ जारी है।