MBD WEB NEWS

जानें पंजाब में किस जगह डबल मर्डर से फैली सनसनी, कनाडा से आए NRI और केयरटेकर की तेजधार हथियारों से उतारा मौत के घाट…

जानें पंजाब में किस जगह डबल मर्डर से फैली सनसनी, कनाडा से आए NRI और केयरटेकर की तेजधार हथियारों से उतारा मौत के घाट…

गढ़शंकर : पंजाब के गढ़शंकर के गांव मोरांवाली में गुरुवार को एक सनसनीखेज डबल मर्डर की वारदात सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। गांव में एक कनाडाई एनआरआई (NRI) और उनके घर पर काम करने वाली केयरटेकर महिला की तेजधार हथियारों से बेरहमी से हत्या कर दी गई। लाशों से आ रही बदबू से आशंका जताई जा रही है कि यह कत्ल कुछ दिन पहले किया गया था।

मृतकों की पहचान घर के मालिक संतोख सिंह (65), जो कुछ महीने पहले ही कनाडा से लौटे थे, और केयरटेकर मनजीत कौर (46) निवासी गांव बाठ (नूरमहल) के रूप में हुई है। यह घटना तब उजागर हुई जब गुरुवार सुबह मनजीत कौर की बेटियों ने घर पर बाहर से ताला लगा देखा। फोन न उठाने पर जब वे दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुईं तो उनके होश उड़ गए। अंदर संतोख सिंह और उनकी मां मनजीत कौर के खून से लथपथ शव पड़े थे, जिन पर तेजधार हथियारों के गहरे निशान थे।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी (डी) डॉ. मुकेश कुमार, डीएसपी गढ़शंकर जसप्रीत सिंह और एसएचओ गगनदीप सिंह सेखों भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे पुरानी रंजिश या लूट के इरादे से की गई हत्या मानकर चल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे सभी एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।