हिमाचल के मंडी के चौहारघाटी गांव के पास फटा बादल,हर तरफ बना अफरा तफरी का माहौल..
बारिश की वजह से हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भारी तबाही हुई है. हिमाचल का मंडी जिला इससे सबसे ज्यादा प्रभावित है.

हिमाचल प्रदेश में फिर बादल फटने की हुई घटना
शिमला:हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बीते कुछ दिनों में बारिश ने तांडव मचाया हुआ है. कई जिलों में बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं. इन घटनाओं में जान-माल का नुकसान भी हुआ है. हिमाचल प्रदेश के मंडी में एक बार फिर बादल फटने की घटना सामने आई है. चौहारघाटी गांव में इससे काफी नुकसान हुआ है. बताया जा रहा है कि तीन पुल बह गए हैं जबकि खेतों को भी नुकसान पहुंचा है.

आपको बता दें कि भारी बारिश और बादल फटने की घटनाएं लोगों की जिंदगियों पर कहर बनकर टूटी हैं. हिमाचल में बादल फटने और बादल फटने से आई तबाही में अब तक 72 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं 37 लोग अभी भी लापता हैं. हालांकि मॉनसून के दौरान हिमाचल की परेशानी कम नहीं हुई है. मौसम विभाग ने रविवार के लिए हिमाचल में रेड अलर्ट जारी किया है. इसे लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि सरकार पूरी तरह से अलर्ट है. साथ ही उन्होंने राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने की भी बात कही है.








