सरकारी अफसरों को नसीहत; अधिकारी लोगों को गुमराह न करें, सैलरी से पेंशन पर आने में देर नहीं लगेगीः अमन अरोड़ा
चंडीगढ़ – Punjab vidhansabha session… पंजाब विधानसभा का सत्र आज शुरू हुआ। इस दाैरान पंजाब आप प्रधान एवं कैबिनेट अमन अरोड़ा ने सरकारी दफ्तरों के अफसरों को नसीहत दी कि सरकारी सीटों पर बैठकर लोगों को गुमराह न करें, वरना वेतन से पेंशन में आने में उन्हें देरी नहीं लगेगी। इस दौरान किसान आंदोलन की वजह से शंभू बॉर्डर की सड़क बंद होने से सड़कों पर हो रहे नुकसान का मुद्दा भी उठा। सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष प्रताप बाजवा ने मांग की कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय मनमोहन सिंह को भारत रत्न दिया जाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा में प्रस्ताव पास करके केंद्र सरकार को भेजा जाना चाहिए। इस पर स्पीकर ने कहा कि आगे इस मुद्दे को उठाने के लिए समय दिया जाएगा।
पंजाब की 16वीं विधानसभा के सातवें सत्र की पहली बैठक के दौरान सदन ने सोमवार को हाल ही में दिवंगत हुई प्रतिष्ठित हस्तियों विधायक गुरप्रीत सिंह बस्सी (गोगी), पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह, पूर्व मंत्री धर्मपाल सभरवाल और अजयब सिंह मुखमैल्पुर, पूर्व राज्यसभा सदस्य हरविंदर सिंह हंसपाल तथा पूर्व विधायक जोगिंदर पाल जैन, सुखविंदर सिंह बुट्टर और भाग सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। सदन ने स्वतंत्रता सेनानियों करनैल सिंह, कीकर सिंह और केहर सिंह तथा कलाकार जरनैल सिंह को भी श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा, रायकोट के विधायक हाकम सिंह की पत्नी जसपाल कौर और नाभा के विधायक गुरदेव सिंह देव मान के पिता लाल सिंह को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।
विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने दिवंगत हस्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुये कहा कि उनके निधन से देश, समाज और समुदाय को बड़ी क्षति हुई है। सदन द्वारा दिवंगत हस्तियों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करने का प्रस्ताव पारित किया गया। सदन में दो मिनट का मौन रखा गया। कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस के अनुरोध पर हाल ही में दिवंगत हुये न्यायमूर्ति कुलदीप सिंह का नाम भी श्रद्धांजलि देने वालों में शामिल किया गया।









