शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद दिल्ली में हुआ विभागों का बंटवारा, CM के पास वित्त; प्रवेश वर्मा समेत अन्य को मिली ये जिम्मेदारियां
नई दिल्ली- दिल्ली सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में गुरुवार को सीएम रेखा गुप्ता ने पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में कई बातों का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “आज से पहले यह सीएम कार्यालय मीडिया के लिए नहीं खुला था। आज से यह सभी के लिए खुला रहेगा। सभी का स्वागत है। आज शपथ ग्रहण समारोह के बाद हमने सचिवालय के मुख्यमंत्री कार्यालय में पदभार संभाल लिया है। शाम सात बजे कैबिनेट पहली बैठक बुलाई गई है। इससे पहले शाम पांच बजे यमुना घाट पर जाएंगे।” मुख्यमंत्री ने कहा कि जो मिशन ‘विकसित दिल्ली’ का है, उसे पूरा करने के लिए लगातार काम किया जाएगा। एक भी दिन व्यर्थ नहीं होगा। एक-एक वादे पूरे किए जाएंगे। वहीं, दिल्ली में सरकार गठन और कैबिनेट की शपथ के बाद अब विभागों का भी बंटवारा हो गया है।
दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने पास वित्त विभाग और विजिलेंस रखा है। प्रवेश वर्मा को परिवहन और पीडब्ल्यूडी की जिम्मेदारी दी गई है। मनजिंदर सिंह सिरसा को स्वास्थ्य विभाग दिया गया है। कपिल मिश्रा को जल, पर्यटन, आर्ट एंड कल्चर विभाग सौंपा गया है।
– रेखा गुप्ता (मुख्यमंत्री) – गृह, वित्त, सेवा, सतर्कता, योजना
– प्रवेश वर्मा (उपमुख्यमंत्री) – शिक्षा, पीडब्ल्यूडी, परिवहन
– मनजिंदर सिंह सिरसा – स्वास्थ्य, शहरी विकास, उद्योग
– रवींद्र कुमार इंद्राज – समाज कल्याण, एससी/एसटी मामले, श्रम
– कपिल मिश्रा – जल, पर्यटन, संस्कृति
– आशीष सूद – राजस्व, पर्यावरण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति
– पंकज कुमार सिंह – कानून, विधायी मामले, आवास।









