विद्या धाम जालंधर में दो दिवसीय प्रधानाचार्य वार्षिक योजना बैठक का हुआ प्रेरणादायी समापन..

MBD NEWS: जालंधर (सुमेश शर्मा) विद्या भारती पंजाब के प्रांतीय कार्यालय विद्या धाम में 6 से 7 फरवरी 2026 तक आयोजित दो दिवसीय प्रधानाचार्य वार्षिक योजना बैठक का सफलतापूर्वक एवं प्रेरणादायी समापन हुआ। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ, जिससे संपूर्ण वातावरण अनुशासन, संस्कार एवं प्रेरणा से ओत-प्रोत हो गया।
इस बैठक में आगामी शैक्षणिक सत्र की प्रभावी वार्षिक योजना बनाने पर विचार किया गया तथा शिक्षा की गुणवत्ता को अधिक सुदृढ़ बनाने की योजना बनाई गई।
बैठक में पंजाब प्रांत के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और उन्होंने अपने अपने विद्या मंदिरों की वार्षिक योजना प्रस्तुत की।
समापन दिवस पर पंजाब प्रांत के शैक्षिक प्रमुख डॉ गगनदीप पराशर ने आगामी शैक्षणिक सत्र की वार्षिक योजना पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया तथा विद्यालय स्तर पर उसके प्रभावी क्रियान्वयन के व्यावहारिक पक्षों पर प्रकाश डाला।

समापन सत्र में विद्या भारती उत्तर क्षेत्र के सह संगठन मंत्री बाल कृष्ण ने अपने उद्बोधन में मातृ शक्ति, वंदे मातरम् एवं “पूरा समाज—एक परिवार” की भावना पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहकर समाज को जोड़ने वाली सशक्त कड़ी है, जिसमें मातृ शक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उनके विचारों ने उपस्थित प्रधानाचार्यों को गहराई से प्रेरित और इसके अतिरिक्त उन्होंने पंच परिवर्तन ( परिवार प्रबोधन, पर्यावरण, स्व का बोध, सामाजिक समरसता और नागरिक कर्तव्य बोध) विषय पर सभी का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा की वर्तमान में पंच परिवर्तन के माध्यम से समाज परिवर्तन की आवश्यकता है । इसका क्रियान्वयन स्वयं से प्रारंभ करना चाहिए उसके उपरांत परिवार में तदोपरांत समाज द्वारा किया जाना चाहिए।

उन्होंने इस बात पर भी विशेष बल दिया की विद्यालय अपनी वार्षिक योजना में पंच परिवर्तन की योजना को सम्मिलित कर इसका क्रियान्वयन सुनिश्चित करे।

इस अवसर पर विद्या भारती उत्तर क्षेत्र के महामंत्री दिलाराम , विद्या भारती पंजाब की उपाध्यक्ष डॉ. रेखा कालिया भारद्वाज, पंजाब प्रांत के महामंत्री संदीप धूड़िया , संगठन मंत्री राजिंदर , वित्त सचिव विजय ठाकुर तथा संगरूर विभाग के विभाग सचिव अश्विंदर गोयल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अंत में महामंत्री संदीप धूड़िया ने सभी प्रधानाचार्यों से तैयार की गई वार्षिक योजना को विद्यालयों में पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ लागू करने का आह्वान किया। सभी प्रतिभागियों ने बैठक को अत्यंत उपयोगी, विचारोत्तेजक एवं मार्गदर्शक बताया। यह बैठक शिक्षा के माध्यम से संस्कारयुक्त समाज एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक सशक्त प्रयास सिद्ध हुई।









