रात के अंधेरे में ATM लूटने पहुंचे बदमाशों पर महिला मैनेजर पड़ी भारी; अलर्ट बजते ही पहुंच गईं बैंक मैनेजर; बाहर से गिरा दिया शटर- बचा लिए 16 लाख रुपए
नागौर : राजस्थान के नागौर जिले के मारवाड़ मूंडवा में सोमवार देर रात यूको बैंक के एटीएम को लूटने की एक बड़ी साजिश उस वक्त पूरी तरह नाकाम हो गई, जब बैंक की महिला ब्रांच मैनेजर ने अदम्य साहस और गजब की सूझबूझ का परिचय दिया। एटीएम मशीन को काटकर उसमें रखे ₹16 लाख से अधिक का कैश उड़ाने की फिराक में घुसे दो बदमाशों को महिला मैनेजर ने बाहर से शटर बंद कर भीतर ही कैद कर दिया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शातिर बदमाशों को रंगे हाथों धर दबोचा।
देर रात 2:13 बजे ई-सर्विलांस सिस्टम से बजा खतरे का अलार्म
घटना सोमवार देर रात करीब 2 बजकर 13 मिनट की है। दो युवक किसी अन्य व्यक्ति की बाइक लेकर मारवाड़ मूंडवा स्थित यूको बैंक के एटीएम बूथ में घुसे। बदमाशों ने अंदर घुसते ही सीसीटीवी कैमरे पर ग्रीस पोत दी ताकि उनकी पहचान न हो सके और एटीएम की कनेक्टिविटी वायर भी काट दी। हालांकि, एटीएम की सुरक्षा में तैनात अत्याधुनिक ई-सर्विलांस सिस्टम ने उनकी इस संदिग्ध गतिविधि को तुरंत भांप लिया। सिस्टम से सीधा अलर्ट अजमेर स्थित बैंक के रीजनल सुरक्षा अधिकारी गौतम नागर को मिला, जिन्होंने बिना एक पल गंवाए बैंक की स्थानीय शाखा प्रबंधक सारिका चौधरी को फोन कर खतरे की सूचना दी।
पति संग मौके पर पहुंचीं महिला मैनेजर, बिना भिड़े बाहर से गिरा दिया शटर
शाखा प्रबंधक सारिका चौधरी बैंक शाखा के ऊपर बने क्वार्टर में ही अपने परिवार के साथ रहती हैं। अलर्ट मिलते ही वह बिना डरे अपने पति के साथ तुरंत नीचे एटीएम बूथ की ओर भागीं। मौके पर पहुंचकर उन्होंने देखा कि बूथ का आधा शटर गिरा हुआ था और अंदर से मशीन तोड़े जाने और खटपट की आवाजें आ रही थीं। सारिका चौधरी ने सीधे बदमाशों से भिड़ने का जोखिम उठाने के बजाय बेहतरीन रणनीति अपनाई और तेजी से आगे बढ़कर बाहर से शटर नीचे गिराकर ताला लगा दिया। इसके बाद उन्होंने फौरन स्थानीय पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी दी।
₹16 लाख से भरा था एटीएम, कैश वॉल्ट तक पहुंचने से पहले ही फंसे बदमाश
सोमवार को प्रस्तावित बैंक हड़ताल के चलते बैंक प्रशासन ने ग्राहकों की सुविधा के लिए एटीएम में पहले से ही पर्याप्त नकदी भर रखी थी। वारदात के समय मशीन में कुल 16 लाख 900 रुपये का भारी कैश मौजूद था। पकड़े जाने से पहले बदमाशों ने एटीएम का ऊपरी कवर पूरी तरह तोड़ दिया था, लेकिन वे उस मुख्य तिजोरी (कैश डोर) को नहीं काट पाए थे जहां सारा कैश सुरक्षित था। अगर महिला मैनेजर कुछ मिनट भी देर कर देतीं, तो बदमाश नकदी पार करने में सफल हो सकते थे।
ढाबा संचालक और उसका साथी गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ
शटर बंद होने से दोनों आरोपी अंदर ही फंसे रह गए और कुछ ही मिनटों में मूंडवा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी पूरबाराम के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान भरत प्रजापत और कोमल कुमार राजपूत के रूप में हुई है। भरत मूंडवा में ही एक चाय का ढाबा चलाता है, जबकि कोमल उसकी दुकान पर मजदूरी करता है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक को भी जब्त कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि लूट की यह योजना कब बनी थी और इसमें कोई अन्य गिरोह तो शामिल नहीं था।









