MBD WEB NEWS

मुख्यमंत्री मान नंगे पांव अकाल तख्त के समक्ष पेश हुए , जत्थेदार का इंतजार; देंगे स्पष्टीकरण

मुख्यमंत्री मान नंगे पांव अकाल तख्त के समक्ष पेश हुए , जत्थेदार का इंतजार; देंगे स्पष्टीकरण

अमृतसर : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दोपहर 12 बजे सिखों के सर्वोच्च तख्त श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष पेश हुए। अकाल तख्त में पेशी से पहले मुख्यमंत्री नंगे पांव स्वर्ण मंदिर पहुंचे और माथा टेकने के बाद काले रंग का बैग लेकर अकाल तख्त सचिवालय में पेश होने के लिए रवाना हुए। हालांकि, खबर लिखे जाने तक अकाल तख्त के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज अभी नहीं पहुंचे थे।

चार बार बदला गया पेशी का समय
मुख्यमंत्री भगवंत मान की पेशी का समय इससे पहले चार बार बदला जा चुका है। पहले उन्हें सुबह 10 बजे, फिर दोपहर 4:30 बजे बुलाया गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सुबह 11 बजे पेश होने की बात कही, लेकिन अंततः दोपहर 12 बजे का समय तय किया गया।

इन मुद्दों पर किया गया तलब
अकाल तख्त के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज ने 5 जनवरी को एक आपत्तिजनक वीडियो, गोलक समेत अन्य सिख मुद्दों पर की गई बयानबाजी को लेकर मुख्यमंत्री को तलब किया था। अमृतधारी सिख न होने के कारण मुख्यमंत्री अकाल तख्त की फसील पर पेश न होकर, अकाल तख्त सचिवालय में सभी मुद्दों पर अपना स्पष्टीकरण देंगे।

चौथे मुख्यमंत्री हैं भगवंत मान
अकाल तख्त में तलब किए जाने वाले मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब के चौथे मुख्यमंत्री हैं। इससे पहले दिवंगत भीम सेन सच्चर, सुरजीत सिंह बरनाला और प्रकाश सिंह बादल को भी अकाल तख्त में तलब किया जा चुका है।