मधुमक्खियों ने मचाया भयंकर आतंक; हमले में आधा दर्जन से अधिक राहगीर हुए जख्मी, घंटों तक मार्ग रहा बाधित
लखनऊ : राजधानी लखनऊ के निगोहां क्षेत्र में शनिवार को मधुमक्खियों के एक झुंड ने हमला कर दिया, जिससे आधा दर्जन से अधिक राहगीर घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मधुमक्खियों के कारण निगोहां-बेनीगंज मार्ग पर लगभग दो घंटे तक यातायात बाधित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निगोहां गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर स्थित एक बरगद के पेड़ पर मधुमक्खी के छत्ते पर एक पक्षी ने हमला कर दिया था। इसके बाद मधुमक्खियों का झुंड उत्तेजित हो गया और गैस गोदाम के पास तिराहे से गुजर रहे राहगीरों पर हमला कर दिया।
हमले के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सूखी घास में आग लगाकर धुआं किया, जिससे मधुमक्खियों को भगाया जा सका। इस दौरान करीब दो घंटे तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रुकी रही। मधुमक्खी के हमले में रामकुमार, शबाना, गुरु प्रसाद, साहिल, रेनू सैनानी, राजेन्द्र, दीपक आशाराम, इन्तिसार, रामू और नीरू समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि निगोहां कस्बे में स्थित सत्यनारायण इंटर कॉलेज और बरगद के पेड़ पर लगे मधुमक्खी के छत्तों पर अक्सर बाज हमला करते हैं, जिसके कारण पहले भी कई बार छात्र-छात्राएं और राहगीर मधुमक्खियों के हमले का शिकार हो चुके हैं। ग्रामीणों ने कॉलेज प्रशासन से कई बार इन छत्तों को हटाने का अनुरोध किया है, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है।









