पादरी बजिंदर की बड़ी मुश्किलें; पीड़ित महिलाओं ने बताई आपबीती, कई महिलाओं से हुई गलत हरकतों के खोले राज..
अमृतसर- यौन उत्पीड़न के मामले में पादरी बजिंदर को मोहाली कोर्ट ने दोषी करार दे दिया है। जिसके बाद दो पीड़ित महिलाएं श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचीं। जिनमें एक रेप पीड़िता है, जबकि दूसरी वो महिला है, जिसका ताजा सीसीटीवी सामने आया है और बजिंदर उनसे मारपीट कर रहा है। इस दौरान दोनों महिलाओं ने आपबीती भी बताई।
दोनों ने जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह से मुलाकात की। जिसके बाद जत्थेदार श्री अकाल तख्त साहिब ने दोनों महिलाओं को इंसाफ दिलाने व मदद का आश्वासन दिया है। पीड़ित महिलाओं ने बताया कि बजिंदर ने न केवल उनके साथ शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया, बल्कि कई अन्य महिलाओं के साथ भी गलत हरकतें कीं। पीड़िता ने बताया कि वह पिछले 10 वर्षों से बजिंदर के डेरे में जा रही थी और पिछले 6 वर्षों से सेवा कर रही थी। जब उसने पहले भी इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की कोशिश की, तो उसे डराया-धमकाया गया और चुप रहने के लिए मजबूर किया गया।
उन्होंने बताया कि बजिंदर ने उसे और अन्य महिलाओं को डराने-धमकाने का प्रयास किया। बजिंदर धर्म की आड़ में महिलाओं के साथ गलत काम करता है और विरोध करने पर मारपीट करता है। कई लड़कियां अब भी डर के कारण चुप हैं। जैसा उन्हें भी डराया गया था कि आपको, आपके परिवार को मरवा देंगे। पीड़ितों का कहना है कि क्रिस्चियन भाईचारा पहले उन्हें डराता था और कोई साथ नहीं आया। लेकिन अब सभी कह रहे हैं कि हमें ये कदम नहीं उठाना चाहिए था। जत्थेदार श्री अकाल तख्त साहिब ने कहा कि पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए पूरा सहयोग दिया जाएगा और अन्य पीड़ित लड़कियों से भी आगे आकर सच्चाई बताने का आग्रह किया।











