MBD WEB NEWS

बाढ़ पीड़ितों के लिए मदद की अपील;इस QR कोड को स्कैन कर मुख्यमंत्री राहत कोष में करें योगदान

बाढ़ पीड़ितों के लिए मदद की अपील;इस QR कोड को स्कैन कर मुख्यमंत्री राहत कोष में करें योगदान

 

 

चंडीगढ़ : पंजाब इस समय विनाशकारी बाढ़ की चपेट में है, जिससे राज्य में भारी तबाही हुई है। अब तक 12 जिलों के 1300 से अधिक गांव प्रभावित हो चुके हैं और सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 29 लोगों की जान जा चुकी है। इस संकट की घड़ी में पंजाब सरकार ने प्रभावित लोगों की मदद के लिए आम जनता से मुख्यमंत्री राहत कोष में योगदान देने की अपील की है। दान प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सरकार ने एक QR कोड भी जारी किया है।

बाढ़ से तबाही का मंजर, 2.5 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित

राज्य सरकार द्वारा 1 सितंबर तक जारी किए गए फ्लड मीडिया बुलेटिन के अनुसार, बाढ़ ने प्रदेश में भयावह स्थिति उत्पन्न कर दी है। इस आपदा ने 12 जिलों (अमृतसर, गुरदासपुर, मोगा, पठानकोट, तरनतारन, फिरोजपुर, होशियारपुर, पटियाला, मोहाली, कपूरथला, जालंधर और लुधियाना) और 1312 गांवों को प्रभावित किया है, जिससे 2,56,107 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। सोमवार शाम तक, 29 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3 लोग अभी भी लापता हैं। जालंधर के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है और आज भी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट लागू है, जिससे स्थिति और भी खराब होने की आशंका है।

मदद के लिए आगे आई सरकार और संस्थाएं

इस मुश्किल समय में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपनी कैबिनेट और सभी विधायकों के साथ एक महीने का वेतन बाढ़ पीड़ितों के लिए देने का ऐलान किया है। सरकार के अलावा, कई पंजाबी कलाकार, गैर-सरकारी संगठन (NGOs), और सिख जत्थेबंदियां भी अपने स्तर पर राहत कार्यों में जुटी हुई हैं। हालांकि, नुकसान इतना बड़ा है कि सरकार ने सभी पंजाबियों से एकजुट होकर संकट का सामना करने और मुख्यमंत्री राहत कोष में QR कोड स्कैन करके या अन्य माध्यमों से दान देकर मदद करने का आग्रह किया है।